एनसीआई@बूंदी
प्रदेश में नगर निकाय चुनावों के लिए गुरुवार को अध्यक्ष, सभापति और महापौर पदों की लॉटरी निकाली गई। बूंदी जिले के 8 नगर निकायों में परिसीमन के बाद चुनाव से पहले सभापति पद के आरक्षण की लॉटरी निकाली गई। इस बार 5 निकायों में बड़ा बदलाव हुआ है।

बूंदी नगर परिषद में सभापति का पद अनारक्षित ओपन रहेगा, पिछली बार अनारक्षित महिला था। इसी तरह लाखेरी में भी महिला आरक्षण हटाकर अनारक्षित ओपन किया गया। नैनवां में OBC ओपन से बदलकर अनारक्षित ओपन और केशोरायपाटन में SC ओपन से बदलकर अनारक्षित ओपन चेयरमैन बनेगा।
कापरेन और इंद्रगढ़ में पहली बार महिला को मौका मिला है। दोनों जगह पूर्व में SC ओपन था, अब चेयरमैन पद अनारक्षित महिला के लिए आरक्षित हुआ है। नई बनी हिंडोली नगर पालिका का चेयरमैन पद अनारक्षित ओपन रखा गया है। वहीं, देई नगर पालिका में एससी महिला के लिए आरक्षित है।
अब 17 अगस्त को कलेक्टर स्तर पर 230 वार्डों के आरक्षण की लॉटरी निकाली जाएगी। इसमें SC, ST, OBC और महिला के आधार पर वार्ड आरक्षित किए जाएंगे।

230 वार्डों के आरक्षण की लॉटरी 17 अगस्त को
17 अगस्त को कलेक्टर कार्यालय में 230 वार्डों के आरक्षण की लॉटरी निकलेगी। इसके बाद ही पार्षद पद के दावेदारों का असली खेल शुरू होगा।
बूंदी जिले के 8 नगर निकायों में कुल 230 वार्ड हैं और 1 लाख 90 हजार 591 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इनमें 95,941 पुरुष मतदाता, 94,649 महिला मतदाता और 1 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं।
