रामानंद सागर के मशहूर टीवी शो ‘रामायण’ के लक्ष्मण सुनील लहरी ने आज के बच्चों को लेकर बड़ी बात कही है। उन्होंने भारत की सभ्यता और संस्कृति पर भी काफी कुछ कहा है।
एनसीआई@सेन्ट्रल डेस्क
रामानंद सागर के मशहूर टीवी सीरियल ‘रामायण’ में लक्ष्मण का किरदार निभाने वाले सुनील लहरी अक्सर कई मुद्दों पर अपनी बात खुलकर रखते हैं। उन्होंने इस बार देश की सबसे चर्चित जेनरेशन जेन जी को लेकर भी बड़ी बात कही है। उनका कहना है कि हम लोग आने वाली पीढ़ियों को जिस नाम से बुला रहे हैं, वह बिलकुल भी सही नहीं है, अपितु यह आने वाले समय में सामाजिक ताने-बाने के लिए बहुत घातक सिद्ध होगा।
सुनील लहरी ने अपने आधिकारिक X अकाउंट से एक वीडियो पोस्ट किया है, जिसमें उन्होंने देश की सभ्यता और संस्कृति पर भी बात की। उन्होंने वीडियो में कहा, ‘जेन जी, जेन अल्फा, ये किस तरह के शब्दों से हम अपने आने वाली पीढ़ी को सम्बोधित कर रहे हैं। ये हमारी संस्कृति नहीं है। इस शब्द से हम अपनी आने वाली जेनरेशन को अपने से दूर कर रहे हैं।’
हमें ऐसे शब्द कहने चाहिए जिससे जेनरेशन हमारे नजदीक आए। दुनिया की सबसे पुरानी और रईस सभ्यता और संस्कृति भारतीय है। साथ ही, गुरुकुल के पाठ्यक्रम को हमें स्कूल में शामिल करना चाहिए, ताकि उनमें आदर-सम्मान की भावना आए।
उल्लेखनीय है कि 1987 में प्रसारित हुए लोकप्रिय पौराणिक शो ‘रामायण’ में सुनील लहरी ने लक्ष्मण की भूमिका निभाई थी, जबकि अरुण गोविल ने भगवान राम और दीपिका चिखलिया ने माता सीता का किरदार निभाया था। इसके नाम दुनिया के सबसे ज़्यादा देखे जाने वाला पौराणिक टीवी शो का खिताब दर्ज है। इसे 65 करोड़ से अधिक लोगों ने देखा। इस शो को रामानंद सागर ने बनाया था।
‘रामायणम्’ पर बोले सुनील लहरी
टीवी शो की लोकप्रियता के बाद, अब जल्द ही ‘रामायण’ फिल्म रिलीज होने वाली है, जिसमें रणबीर कपूर भगवान राम का किरदार निभा रहे हैं। कुछ समय पहले फिल्म का ट्रेलर रिलीज हुआ था। इसे देखने के बाद सुनील लहरी ने रणबीर की तारीफ की। उन्होंने रणबीर के लुक पर कमेंट करते हुए कहा, ‘अरुण गोविल के चेहरे पर जो धैर्य और मासूमियत दिखती थी, वह इसमें गायब लग रही है। हालांकि, मुझे उम्मीद है कि वह अपनी एक्टिंग से इस किरदार के साथ न्याय करेंगे।’
रणबीर लक्ष्मण के रोल में जंचते
सुनील ने आगे कहा कि ‘एनिमल’ जैसी फिल्म के बाद दर्शकों के लिए रणबीर को अचानक भगवान राम के रूप में देखना मुश्किल होगा। वे राम की बजाय लक्ष्मण या भरत की भूमिका के लिए ज़्यादा सही लगते।
सुनील लहरी ने राम की छवि पर यह कहा
सुनील लहरी का मानना है कि भगवान राम जैसे किरदारों के लिए नए चेहरों को कास्ट करना बेहतर रहता। उनका तर्क है कि जब कोई सुपरस्टार ऐसी भूमिका निभाता है तो दर्शक उनकी पिछली फिल्मों की छवि को अपने दिमाग में बनाए रखते हैं। उन्होंने कहा, ‘जब दर्शक थिएटर में जाते हैं, तो उनके दिमाग में एक्टर की एक खास छवि बनी रहती है।
उन्होंने कहा कि किसी एक्टर के लिए अपनी पुरानी छवि को छोड़कर देवता के रूप में स्वीकार्यता पाना लगभग असंभव है। गौरतलब है कि इस फिल्म में रवि दुबे लक्ष्मण का रोल प्ले कर रहे हैं।
