एनसीआई@बूंदी
80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह जिलेभर में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। जिला स्तरीय मुख्य समारोह पुलिस परेड ग्राउंड में आयोजित किया गया। समारोह में मुख्य अतिथि ऊर्जा राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) एवं बूंदी जिला प्रभारी मंत्री हीरालाल नागर ने ध्वजारोहण किया। इसके बाद परेड का निरीक्षण कर मार्च पास्ट की सलामी ली।

मार्च पास्ट में आरएसी, पुलिस, महिला पुलिस, होम गार्ड, एनसीसी, स्काउट गाइड ने भागीदारी की। समारोह में उल्लेखनीय उपलब्धियों के लिए राज्यमंत्री ने 55 प्रतिभाओं एवं संस्थानों को सम्मानित किया। स्वतंत्रता समारोह को सम्बोधित करते हुए ऊर्जा राज्यमंत्री एवं बूंदी जिला प्रभारी मंत्री ने अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कुशल नेतृत्व में देश तेजी से ‘विकसित भारत’ के संकल्प की ओर अग्रसर है। इसी तर्ज पर, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के ऊर्जावान और दूरदर्शी नेतृत्व में राजस्थान को एक विकसित राज्य बनाने के लिए सरकार तेजी से कार्य कर रही है।

किसानों के हित में ऐतिहासिक कदम
ऊर्जा राज्यमंत्री ने प्रदेश के बिजली क्षेत्र में हो रहे सुधारों पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार बिजली के क्षेत्र में प्रदेश को आत्मनिर्भर बनाने के लिए तेजी से आगे बढ़ रही है। किसानों को अब अपनी फसल की सिंचाई के लिए रात के अंधेरे में खेतों में जाने की मजबूरी से मुक्ति मिलेगी। वर्तमान में प्रदेश के 26 जिलों के किसानों को दिन में दो ब्लॉक में सिंचाई के लिए बिजली उपलब्ध कराई जा रही है। आने वाले समय में सम्पूर्ण प्रदेश के किसानों को दिन में निर्बाध व विश्वसनीय बिजली देने के लिए सरकार संकल्पबद्ध है।

अन्नदाता बन रहा ‘ऊर्जादाता’
नागर ने कहा कि कुसुम योजना के माध्यम से गांव-ढाणियों में सौर ऊर्जा संयंत्र स्थापित किए जा रहे हैं। इससे किसान अब केवल बिजली का उपभोक्ता ही नहीं, बल्कि उत्पादनकर्ता भी बन गया है। किसान ‘अन्नदाता’ के साथ-साथ ‘ऊर्जादाता’ बनकर राजस्थान के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है। इसके अलावा ‘पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना’ के तहत भी बड़ी संख्या में घरों की छतों पर रूफटॉप सोलर स्थापित किए जा रहे हैं। प्रभारी मंत्री ने कहा कि ‘लाडो प्रोत्साहन योजना’ के माध्यम से बेटियों के जन्म और उनके उज्ज्वल भविष्य को प्रोत्साहित किया जा रहा है। बेटी केवल परिवार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि देश और प्रदेश की शक्ति है। उन्होंने कहा कि पशुपालकों के लिए ‘गोपालन कार्ड योजना’ शुरू की गई है, जिससे उन्हें ब्याज मुक्त अल्पकालीन ऋण मिल रहा है। किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत करने के लिए मुख्यमंत्री किसान सम्मान निधि और प्रधानमंत्री सम्मान निधि के माध्यम से आर्थिक संबल प्रदान किया जा रहा है।
युवाओं को रोजगार और स्वास्थ्य सुरक्षा
मंत्री ने कहा कि प्रेदश में युवाओं के लिए पारदर्शी भर्तियां करते हुए रोजगार दिया जा रहा है। राज्य सरकार का प्रयास है कि राजस्थान का युवा रोजगार मांगने वाला नहीं, बल्कि रोजगार देने वाला बने और अपने पैरों पर खड़ा हो सके। स्वास्थ्य के क्षेत्र में ‘आयुष्मान योजना’ के माध्यम से प्रदेशवासियों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं व सुरक्षा दी जा रही है। इसके साथ ही, ‘राइजिंग राजस्थान’ और ‘ग्लोबल इन्वेस्टमेंट समिट’ के माध्यम से प्रदेश में निवेश और उद्योगों को बढ़ावा देकर रोजगार के नए अवसर सृजित किए जा रहे हैं। जल सुरक्षा व सिंचाई विस्तार के लिए भी राज्य सरकार निरंतर कार्य कर रही है।

अंतरराष्ट्रीय मुक्केबाज अरुंधति चौधरी का हुआ सम्मान
समारोह के दौरान ऊर्जा राज्यमंत्री हीरालाल नागर ने कॉमनवेल्थ गेम्स में भारत की झोली में स्वर्ण पदक डालने वाली गोविन्दपुर बावड़ी की होनहार बेटी और अंतरराष्ट्रीय मुक्केबाज अरुंधति चौधरी को सम्मानित कर उनका हौसला बढ़ाया। उन्होंने इस उपलब्धि को पूरे जिले और प्रदेश के लिए गौरव का विषय बताया।

मुख्य समारोह पुलिस परेड ग्राउंड में सुबह 9 बजे से आरम्भ हुआ। इसमें अतिरिक्त जिला कलक्टर एचडी सिंह ने राज्यपाल के संदेश का पठन किया। स्कूली छात्र छात्राओं ने सामूहिक व्यायाम का प्रदर्शन किया। समारोह में राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय विकास नगर की बालिकाओं ने सामूहिक नृत्य की प्रस्तुति दी। समारोह के दौरान देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रमों की छटा भी देखने को मिली। इस अवसर पर महारानी स्कूल की छात्राओं ने दांडी मार्च पर आधारित नाटक का शानदार मंचन कर उपस्थित दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। छात्राओं के इस प्रदर्शन ने स्वतंत्रता संग्राम के संघर्ष को जीवंत कर दिया।

इससे पूर्व जिला कलक्टर निवास एवं जिला कलक्ट्रेट कार्यालय पर जिला कलक्टर हरफूल सिंह यादव ने ध्वजारोहण किया। अतिरिक्त जिला कलक्टर निवास पर अतिरिक्त जिला कलक्टर एचडी सिंह ने ध्वजारोहण किया। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिले में विभिन्न संस्थानों में भी ध्वजारोहण के कार्यक्रम हुए।
कार्यक्रम में ये भी रहे मौजूद
कार्यक्रम में विधायक हरिमोहन शर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष रामेश्वर मीणा, पूर्व जिला प्रमुख राकेश बोयत, उप वन संरक्षक एएन गुप्ता, एडीएम (सीलिंग) रमेश देव, एएसपी संजय सिंह चम्पावत, नुपुर मालव, भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष सुरेश अग्रवाल आदि मौजूद रहे। समारोह का संचालन लोकेश वशिष्ठ ने किया।
