एनसीआई@बूंदी
केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने रविवार को राजस्थान के युवाओं और आमजन को रोजगार तथा विकास की बड़ी सौगात दी। अलवर के विजय नगर ग्राउंड में आयोजित ‘मुख्यमंत्री रोजगार उत्सव’ में जहां 10 हजार 548 नवनियुक्त युवाओं को सरकारी नौकरी के नियुक्ति पत्र सौंपे गए, वहीं चित्तौड़गढ़ के निम्बाहेड़ा में 15 जिलों के लिए 5 हजार 659 करोड़ रुपए के 944 विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास भी किया।

अलवर के विजय नगर ग्राउंड में राज्य स्तरीय मुख्यमंत्री रोजगार उत्सव का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने विभिन्न सरकारी विभागों में सेवा के लिए चयनित 10 हजार 548 नवनियुक्त युवाओं को नियुक्ति पत्र सौंपे। इस पहल को राज्य सरकार के युवाओं को रोजगार देने के संकल्प की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है।
निम्बाहेड़ा में अटलजी की प्रतिमा का अनावरण
रोजगार उत्सव के अलावा, केन्द्रीय गृह मंत्री ने रविवार को चित्तौड़गढ़ के निम्बाहेड़ा का भी दौरा किया। यहां उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री ‘भारत रत्न’ अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा का अनावरण किया। इस अवसर पर शाह ने 15 जिलों में 5 हजार 659 करोड़ रुपए की लागत वाले 944 विकास कार्यों की शुरुआत की। साथ ही, ‘जल जीवन मिशन’ के तहत 1 हजार 500 गांवों को ‘हर घर नल से जल’ योजना की बड़ी सौगात दी, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल की समस्या का स्थायी समाधान संभव होगा।

बूंदी में हुआ आयोजन वर्चुअल जुड़ा रहा
इस अवसर पर बूंदी नगर परिषद के टाउन हॉल में भी जिला स्तरीय मुख्यमंत्री रोजगार उत्सव आयोजित किया गया। इसका अलवर और निम्बाहेडा के राज्य स्तरीय समारोह से वर्चुअल जुड़ाव रहा। इस जिला स्तरीय समारोह में जिला कलक्टर हरफूल सिंह यादव ने विभिन्न सरकारी विभागों में नई नियुक्ति पाने वाले कार्मिकों का राजकीय सेवा में औपचारिक स्वागत किया और उन्हें नियुक्ति पत्र के साथ वेलकम किट सौंपे। साथ ही उन्हें उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं भी दीं।

जिला स्तरीय समारोह में अतिरिक्त जिला कलक्टर (सीलिंग) रमेश देव, भाजपा जिलाध्यक्ष रामेश्वर मीणा, पशुपालन विभाग के संयुक्त निदेश डॉ. नीलकमल सक्सेना, नगर परिषद आयुक्त बृजेश राय, डीओआईटी के संयुक्त निदेशक अशोक मीणा आदि मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन सांख्यिकी अधिकारी सत्यवान शर्मा ने किया।
बूंदी सहित 15 जिलों को मिली विकास कार्यों की सौगात
केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने प्रदेश के 15 जिलों में कुल 5 हजार 659 करोड़ रुपए की लागत वाले 944 विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इन विकास परियोजनाओं में सर्वाधिक बड़ी सौगात जोधपुर को मिली, जहां 1 हजार 475 करोड़ रुपए से अधिक के 96 विकास कार्य शुरू किए गए, जबकि बांसवाड़ा में 1,098 करोड़ रुपए से अधिक के 43 कार्यों को स्वीकृति दी गई। इसी क्रम में, बाड़मेर में 477 करोड़ रुपए (65 कार्य), कोटा में 455 करोड़ (29 कार्य), फलोदी में 362 करोड़ (49 कार्य) और पाली में 346 करोड़ रुपए से अधिक के 54 विकास कार्यों को हरी झंडी दिखाई गई।

इन जिलों को भी मिली बड़ी राहत
इसके अलावा, मेवाड़ और मारवाड़ के अन्य क्षेत्रों को भी बड़ी राहत देते हुए चित्तौड़गढ़ में 328 करोड़ रुपए से अधिक के 136 कार्य, प्रतापगढ़ में 292 करोड़ (42 कार्य), जालोर में 237 करोड़ (108 कार्य), जैसलमेर में 202 करोड़ (63 कार्य) तथा बालोतरा में 194 करोड़ रुपए से अधिक के 159 विकास कार्यों का शिलान्यास एवं लोकार्पण हुआ। राज्य के सर्वांगीण विकास की इस कड़ी में सलूम्बर (86 करोड़ रुपए, 34 कार्य), डूंगरपुर (55 करोड़ रुपए, 37 कार्य), सिरोही (35 करोड़ रुपए, 19 कार्य) और बूंदी में 10 करोड़ रुपए से अधिक के 10 विकास कार्य भी शामिल किए गए हैं। ये इन सभी जिलों में बुनियादी सुविधाओं और आधारभूत ढांचे को नई ऊंचाई प्रदान करेंगे।
