एनसीआई@बूंदी
ऑपरेशन गरिमा के तहत कापरेन पुलिस ने स्कूल के बाहर छात्राओं से छेड़छाड़ करने वाले दो युवकों को गिरफ्तार कर लिया। इनसे बिना नम्बर की मॉडिफाइड पटाखा बाइक भी जब्त की गई है। बूंदी एसपी अवनीश कुमार शर्मा के निर्देशन में महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए ऑपरेशन गरिमा चलाया जा रहा है। इसके तहत जिले भर में स्कूल-कॉलेजों और सार्वजनिक स्थानों पर लगातार निगरानी रखने के साथ कार्रवाई की जा रही है।
मामले के अनुसार, शनिवार को पुलिस गश्त के दौरान सूचना मिली थी कि दो युवक बिना नम्बर की मॉडिफाइड पटाखा बाइक को तेजी से दौड़ा रहे हैं। ये छात्राओं पर फब्तियां कस रहे थे।
इन आरोपियों को किया गिरफ्तार
इस पर एएसपी संजय सिंह चम्पावत के मार्गदर्शन और डीएसपी केशवरायपाटन अशोक जोशी के सुपरविजन में थानाधिकारी राजाराम जाट के नेतृत्व में एक टीम ने त्वरित कार्रवाई की। पुलिस ने मौके से बनवारी लाल (24) पुत्र लक्ष्मण लाल, निवासी खेडली व्यासान और हेमन्त कुमार (20) पुत्र शम्भूदयाल, निवासी वार्ड 12 कापरेन को गिरफ्तार कर लिया।
इन आरोपियों के कब्जे से एक बिना नम्बर की मॉडिफाइड पल्सर बाइक भी जब्त की गई। इस बाइक में मॉडिफाइड साइलेंसर लगा हुआ था। इसे मोटर वाहन अधिनियम की धारा 207 के तहत जब्त किया गया। इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में थानाधिकारी राजाराम जाट, सहायक उपनिरीक्षक नंद सिंह, कॉन्स्टेबल रामराज और चंद्रशेखर शामिल थे।
