एनसीआई@स्पोर्ट्स डेस्क/गुवाहाटी
भारत ने वनडे क्रिकेट इतिहास का दूसरा सबसे बड़ा रनचेज कर दिया है। वेस्टइंडीज के खिलाफ गुवाहाटी में भारत के सामने 406 रनों का टारगेट था। इसके बड़े स्कोर के सामने टीम इंडिया एक बार भी प्रेशर में नहीं दिखी। शुभमन गिल की टीम ने 44वें ओवर में ही मैच को 8 विकेट से जीत लिया। वनडे इतिहास में सिर्फ दूसरी पारी कोई टीम 400 से ज्यादा रन बनाकर जीती है। साउथ अफ्रीका ने 435 रनों का टारगेट चेज किया था। इस जीत से भारत ने तीन मैचों की सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त बना ली है।
शुभमन गिल ने रिकॉर्ड दोहरा शतक ठोका
भारत ने इससे पहले सबसे बड़ा रन चेज 360 रनों का ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 2013 में किया था। कप्तान शुभमन गिल और रोहित शर्मा जीत के हीरो रहे। गिल के बल्ले से दोहरा शतक निकला। वह वनडे के रन चेज में सबसे बड़ी पारी खेलने वाले बल्लेबाज भी बन गए हैं। गिल ने 132 गेंदों पर 223 रन बनाकर नाबाद रहे। उन्होंने 28 चौके और 8 छक्के मारे। रोहित शर्मा ने 75 गेंदों पर 10 चौके और 6 छक्कों की मदद से 101 रन बनाए। 150 गेंदों पर गिल और रोहित के बीच 255 रनों की साझेदारी हुई। विराट कोहली ने 19 गेंदों पर 29 रन बनाए तो रुतुराज गायकवाड़ के बल्ले से 37 गेंदों पर 31 रनों की नाबाद पारी निकली।
• शुभमन गिल वनडे के रन चेज में सबसे बड़ी 223 रनों की पारी खेलने वाले बल्लेबाज बनें।
• 223 रन वनडे में किसी बल्लेबाज की तीसरी सबसे बड़ी पारी है। रोहित ने 264 और गप्टिल ने 237 रन बनाए हैं।
• शुभमन गिल वनडे में सबसे बड़ी पारी खेलने वाले कप्तान बन गए हैं। वीरेंद्र सहवाग ने 219 रन बनाए थे।
• वनडे में शुभमन गिल 117 गेंदों पर सबसे तेज दोहरा शतक लगाने वाले बल्लेबाज बने।
• शुभमन गिल रोहित शर्मा के बाद एक से ज्यादा दोहरे शतक लगाने वाले दूसरे क्रिकेटर बने।
• भारत ने 29.1 ओवर में अपने 300 रन पूरे किए। यह वनडे में किसी टीम का सबसे तेज 300 रन का रिकॉर्ड है।
वेस्टइंडीज के लिए तीन बल्लेबाजों का शतक
जॉन कैंपबेल, कप्तान शाई होप और आमिर जंगू की शतकीय पारियों के साथ वेस्टइंडीज ने 7 विकेट पर 405 रन बनाए थे। यह टीम का वनडे में सबसे बड़ा स्कोर था। टॉस गंवाकर बल्लेबाजी के लिए उतरी वेस्टइंडीज की सलामी जोड़ी के रूप में जॉन कैंपबेल और कीसी कार्टी पहले विकेट के लिए सिर्फ 37 रन की साझेदारी कर सके। कार्टी 9 रन बनाकर आउट हुए, जिसके बाद कप्तान शाई होप ने मोर्चा संभाला। होप ने जॉन कैंपबेल के साथ दूसरे विकेट के लिए 79 गेंदों में 110 रन की साझेदारी करते हुए टीम का शतक पूरा करवाया। कैंपबेल 68 गेंदों में 5 छक्कों और 9 चौकों के साथ 101 रन बनाकर आउट हुए।
शाई होप ने आमिर जंगू के साथ तीसरे विकेट के लिए 131 गेंदों में 182 रन जुटाकर टीम को 329 के स्कोर तक पहुंचाया। होप 94 गेंदों में 104 रन बनाकर आउट हुए। शेरफेन रदरफोर्ड पांचवें नम्बर पर बल्लेबाजी के लिए उतरे, लेकिन खाता खोले बगैर पवेलियन लौट गए। आमिर 77 गेंदों में 3 छक्कों और 13 चौकों के साथ 114 रन बनाकर आउट हुए। इनके अलावा, रोस्टन चेज ने 25 गेंदों में 29 रन की नाबाद पारी खेली। भारत की तरफ से गुरनूर बरार, रविंद्र जडेजा और कुलदीप यादव ने 2-2 विकेट झटके, जबकि प्रसिद्ध कृष्णा को 1 विकेट हाथ लगा।
