मौसमी बीमारियों को देखते हुए सभी चिकित्सा संस्थानों पर आवश्यक दवाइयों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के दिए निर्देश
एनसीआई@बूंदी
जिला कलेक्टर हरफूल सिंह यादव के निर्देशन में बुधवार को सीएमएचओ डॉ. ओपी सामर ने जिला औषधि भंडार का आकस्मिक निरीक्षण कर दवाइयों की उपलब्धता एवं भंडारण व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने दवाइयों की उपलब्धता, कोल्ड चेन मेंटेनेंस, दवाइयों की पाइप लाइन में स्थिति तथा जिले के विभिन्न चिकित्सा संस्थानों पर उपलब्ध दवाइयों की जानकारी विस्तार से ली।
डॉ. सामर ने जिला औषधि भंडार चमें दवाइयों के स्टॉक एवं रखरखाव की व्यवस्थाओं को बारीकी से जांचा। निरीक्षण के दौरान व्यवस्थाएं सुचारू एवं संतोषजनक मिलीं। उन्होंने निर्देश दिए कि दवाइयों के रखरखाव एवं भंडारण में निर्धारित मानकों का पूरी तरह पालन किया जाए तथा कोल्ड चेन से संबंधित दवाइयों को निर्धारित तापमान पर सुरक्षित रखा जाए।

सीएमएचओ ने बदलते मौसम के मद्देनजर वायरल फीवर, स्क्रब टायफस, मलेरिया एवं डेंगू सहित मौसमी बीमारियों के मरीज सामने आने की स्थिति को देखते हुए सभी चिकित्सा संस्थानों पर आवश्यक दवाइयों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मरीजों को समय पर उपचार उपलब्ध हो, इसके लिए किसी भी चिकित्सा संस्थान पर आवश्यक दवाइयों की कमी नहीं होनी चाहिए।
डॉ. सामर ने दवाइयों के स्टॉक की नियमित मॉनिटरिंग, समय पर डिमांड एवं सप्लाई की स्थिति पर भी विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिला औषधि भंडार से चिकित्सा संस्थानों तक दवाइयों की आपूर्ति सुचारू रूप से बनी रहे और स्टॉक में किसी भी प्रकार की कमी की स्थिति उत्पन्न न हो। उन्होंने दवाइयों के रखरखाव में किसी भी प्रकार की कोताही नहीं बरतने तथा उपलब्ध स्टॉक का उचित तरीके से संधारण करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान जिला औषधि भंडार का समस्त स्टाफ मौजूद रहा।
