एनसीआई@बूंदी
युवाओं में स्वस्थ खानपान की आदतों एवं उपभोक्ता जागरुकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से बूंदी की रजत कॉलोनी, जवाहर नगर हाउसिंग बोर्ड स्थित एक स्थानीय कोचिंग संस्थान में सुरक्षित भोजन प्रथाओं, एक्सपायरी जांच, सामग्री (इंग्रीडिएंट्स) विश्लेषण तथा FSSAI के दिशा-निर्देशों को लेकर विशेष जागरुकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
इस इंटरेक्टिव जागरुकता सत्र में बड़ी संख्या में छात्रों ने उत्साह से भाग लिया। विशेषज्ञों ने व्यावहारिक उदाहरणों एवं प्रदर्शनों के माध्यम से छात्रों को बताया कि वे प्रतिदिन जिन पैकेज्ड स्नेक्स और पेय पदार्थों का उपयोग करते हैं, उनका उनके दीर्घकालिक स्वास्थ्य पर क्या प्रभाव पड़ सकता है।
अभियान के प्रमुख आकर्षण
लेबल साक्षरता एवं एक्सपायरी जांच
विशेषज्ञों ने छात्रों को पैकबंद खाद्य सामग्री खरीदने से पहले निर्माण तिथि, शेल्फ लाइफ, एक्सपायरी डेट तथा ‘बेस्ट बिफोर’ जैसी जानकारी की जांच करने की महत्वपूर्ण आदत के बारे में प्रशिक्षित किया।
सामग्री सूची को समझना
छात्रों को आकर्षक पैकेजिंग से आगे बढ़कर खाद्य उत्पादों की सामग्री सूची एवं पोषण सम्बंधी जानकारी पढ़ने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही, छिपी हुई चीनी, अत्यधिक नमक आदि की पहचान करने तथा शाकाहारी एवं मांसाहारी खाद्य पदार्थों के निर्धारित प्रतीकों की सही तरीके से जांच करने की जानकारी दी गई।
सत्र के दौरान छात्रों को भारतीय खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण (FSSAI) की भूमिका एवं खाद्य सुरक्षा से जुड़े मानकों के बारे में जानकारी दी गई। छात्रों को समझाया गया कि खाद्य उत्पादों के लेबल पर दिए गए FSSAI लाइसेंस/पंजीकरण सम्बंधी विवरण को देखकर उपभोक्ता खाद्य उत्पाद की नियामकीय अनुपालना से जुड़ी जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
कार्यक्रम का उद्देश्य छात्रों को जागरूक उपभोक्ता बनाना तथा उन्हें खाद्य पदार्थों की खरीद और सेवन के समय सुरक्षा, गुणवत्ता एवं लेबल संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियों पर ध्यान देने के लिए प्रेरित करना रहा।
यह जागरुकता अभियान खाद्य सुरक्षा आयुक्त अविचल चतुर्वेदी के निर्देशानुसार एवं अभिहित अधिकारी डॉ. ओपी सामर के नेतृत्व में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी मुकेश प्रकाश गोचर, मनोज कुमार नागर, राकेश मीणा एवं मोहित भारद्वाज ने सक्रिय भूमिका निभाते हुए छात्रों को खाद्य सुरक्षा एवं सुरक्षित भोजन संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की।
