एनसीआई@बूंदी
सामान्य चिकित्सालय, बूंदी में चिकित्सालय की व्यवस्थाओं, साफ-सफाई, मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही चिकित्सा एवं नर्सिंग सेवाओं तथा समस्त वार्डों एवं अन्य अनुभागों में कार्य व्यवस्थाओं में सुधार के उद्देश्य से रविवार को उपखंड अधिकारी (एसडीएम) बूंदी लक्ष्मीकांत मीणा की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन हुआ।
इसमें मीणा ने कहा कि राजकीय चिकित्सालय, बूंदी की प्रबंधन सम्बंधी सम्पूर्ण जिम्मेदारी मेडिकल कॉलेज प्रशासन को सौंपने के लिए राजमेस से सम्बंधित आवश्यक कार्रवाई शीघ्र पूर्ण की जाए। राजकीय चिकित्सालय में दवाइयों की उपलब्धता संबंधी शिकायत के निस्तारण के लिए अधिकारी की नियुक्ति की जाए साथ ही नियुक्त अधिकारी इस प्रकार की शिकायत पर तत्काल प्रभाव से संज्ञान लेकर प्रमुख चिकित्सा अधिकारी को सूचित कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करेंगे।

जांच समिति की रिपोर्ट की समीक्षा की
बैठक में उन्होंने चिकित्सा विभाग द्वारा गठित जांच समिति की सुधारात्मक अनुशंसाओं कि बिंदुवार समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा निर्देश दिए। एमआईसीयू एवं आपातकालीन कक्ष में आपातकालीन जीवन रक्षक दवाइयां तथा क्रेश कार्ट की 24X7 उपलब्धता सुनिश्चित कि जाए। चिकित्सालय में फिजीशियन की ऑन कॉल ड्यूटी के स्थान पर ऑनफ्लोर ड्यूटी 24X7 शुरू कर दी जाए। आपातकालीन विभाग में आईसीयू जैसी सुविधायुक्त मेडिसीन विभाग से सम्बंधित रोगियों के लिए दो बेड आवश्यक रूप से उपलब्ध रहे।
मीणा ने कहा कि गम्भीर रोगियों के स्थानांतरण वार्डबॉय के साथ करने पर पोर्टेबल ऑक्सीजन सिलेंडर के साथ शुरू कर दिया जाए। आपातकालीन विभाग में रोगियों का उपचार प्रोटोकॉल के अनुसार किया जाए। गम्भीर रोगियों की सूचना ऑन ड्यूटी, यूनिट हेड विभागाध्यक्ष इत्यादि को सूचित करने के सम्बंध में आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। सीसीटीवी प्रणाली के टाइम स्टाम्प एवं दुरस्थीकरण के लिए निविदा प्रक्रिया जारी की जाए । साथ ही खराब पड़े सीसीटीवी कैमरे तुरंत प्रभाव से दुरुस्त करवाएं।
यह भी दिए निर्देश
उपखंड अधिकारी मीणा ने कहा कि भीड़भाड के लिए पर्याप्त संख्या में गार्ड आपातकालीन विभाग में प्रतिस्थापित किए जाएं। आईसीयू बेड क्षमता में वृद्धि के लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। प्रमुख चिकित्सा अधिकारी की अध्यक्षता में गठित समिति द्वारा चिकित्सालय के विभिन्न वार्डों, ओपीडी, आपातकालीन इकाई, नर्सिंग स्टेशनों, शौचालयों, परिसर की साफ-सफाई, मरीजों की सुविधाओं तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का दैनिक औचक निरीक्षण किया जाए।
जिला कलक्टर ने प्रकरण को लिया बेहद गभीरता से
राजकीय चिकित्सालय बूंदी में गत दिनों में लापरवाही सामने आने पर जिला कलक्टर हरफूल सिंह यादव द्वारा गंभीरता से लिया गया है । जिला कलक्टर की अनुशंसा पर संभागीय आयुक्त के निर्देश पर मेडिकल कॉलेज, कोटा द्वारा गठित तीन सदस्य कमेटी की प्राथमिकी रिपोर्ट के आधार पर सम्बंधित कार्मिक के खिलाफ लापरवाही साबित होने पर विभिन्न तथ्यों का अवलोकन कर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी । साथ ही कमेटी की अंतरिम रिपोर्ट प्राप्त होने पर संबंधित कार्मिकों के खिलाफ लापरवाही पर कड़ी से कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी । इस प्रकरण में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
ये भी रहे मौजूद
इस दौरान तहसीलदार बूंदी जतिन दिनकर, प्रमुख चिकित्सा अधिकारी डॉ लक्ष्मीनारायण मीणा, मेडिकल कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ राहुल चंदेल, उप नियंत्रक सुरेश अग्रवाल सहित चिकित्सा विभाग के अन्य सम्बंधित अधिकारी मौजूद रहे।
