एनसीआई@कोटा
बूंदी जिले के तालेड़ा थाना क्षेत्र में 8 दिन पहले 29 सितम्बर की सुबह एक कार में मिले युवक के शव के मामले में अभी तक हत्यारे का सुराग नहीं लग पाया है। इसके चलते पुलिस ने बुधवार को परिजनों की मौजूदगी में बोरखेड़ा क़ब्रिस्तान में कब्र से उसके शव को निकलवाया। इसके बाद एफएसएल टीम ने आवश्यक सेम्पल लिए। शव को वापस दफना दिया गया।

यह शव शम्भूपुरा स्थित नए एयरपोर्ट के पास कार में मिला था। बाद में इसकी पहचान कोटा के संजय नगर निवासी मोहम्मद यकीन पुत्र इस्माइल के रूप में हुई। कार के शीशे को देखने से ही साफ हो गया था कि युवक की बाहर से गोली मारकर हत्या की गई थी। सीने में गोली धंसी हुई भी मिली थी।
तालेड़ा थाना अधिकारी मुकेश यादव ने बताया कि मामले की जांच लगातार जारी है। पुलिस हर सम्भावित पहलू की जांच कर रही है, जल्द ही हत्याकांड का खुलासा कर दिया जाएगा। मृतक के मोबाइल की लोकेशन, कॉल डिटेल और घटना से पहले और बाद के घटनाक्रम को खंगाला जा रहा है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि मोहम्मद यकीन आखिरी बार किन लोगों के सम्पर्क में था और वारदात से पहले वह किन स्थानों पर गया। मोहम्मद यकीन एयर कंडीशनर मेकेनिक था। उसका भाई डाबी में खनन कारोबारी है।
