New Delhi, India - July 26, 2012: Public protesting against corruption at Jantar Mantar in New Delhi, India.
लोकतांत्रिक आंदोलनों और विरोध-प्रदर्शनों के लिए देशभर में सबसे चर्चित स्थान रहे ‘जंतर-मंतर’ की यह पहचान अब हमेशा के लिए बदलने जा रही है। केन्द्र सरकार ने जंतर-मंतर को प्रदर्शन स्थल की सूची से डी-नोटिफाई करते हुए यहां धरने-प्रदर्शनों पर पूरी तरह पाबंदी लगा दी है। अब से दिल्ली में प्रदर्शनकारियों को अपनी बात रखने के लिए रामलीला मैदान, बुराड़ी मैदान और पूर्वी दिल्ली के सीबीडी ग्राउंड का रुख करना होगा।
एनसीआई@नई दिल्ली
दिल्ली पुलिस ने विरोध प्रदर्शन करने के लिए जंतर-मंतर को निर्धारित स्थलों की सूची से हटा दिया है। इसके लिए तीन नए स्थान निर्धारित किए गए हैं। पुलिस कमिश्नर अनुराग कुमार ने इस सम्बंध में स्थायी आदेश (Standing Order) जारी किया है। इसके मुताबिक विरोध प्रदर्शन और धरने आयोजित करने के लिए तीन नए स्थान निर्धारित किए हैं। इनमें रामलीला मैदान, बुराड़ी मैदान और पूर्वी दिल्ली का सीबीडी मैदान शामिल हैं।
समिति की रिपोर्ट पर हुआ निर्माण
इस आदेश के अनुसार, केन्द्रीय गृह मंत्रालय ने मौजूदा निर्धारित स्थल के विकल्प के तौर पर विरोध प्रदर्शन और धरने आयोजित करने के लिए उपयुक्त स्थानों की समीक्षा करने को एक समिति का गठन किया गया था। आदेश में कहा गया है कि समिति की सिफारिशों के आधार पर जंतर-मंतर को विरोध प्रदर्शन के लिए निर्धारित स्थल के रूप में गैर अधिसूचित किया गया है। इसके अलावा रामलीला मैदान, बुराड़ी मैदान और पूर्वी दिल्ली के सीबीडी मैदान को प्रदर्शन आयोजित करने के लिए तीन नए स्थानों के तौर पर तय किया गया है।
पुलिस के अनुसार, इन तीनों स्थानों पर विरोध प्रदर्शन और धरने आयोजित करने के लिए विस्तृत एवं संशोधित मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) अलग से जारी की जाएगी। यह आदेश 28 अप्रेल 2022 को जारी पिछले स्थायी आदेश में आंशिक संशोधन के तौर पर जारी किया गया है।
