अंडर-19 एशिया कप फाइनल में भारतीय टीम ने पाकिस्तान के खिलाफ कमाल की वापसी करते हुए खिताब जीत लिया। एक समय टीम इंडिया मुश्किल में थी और लगातार विकेट गंवा रही थी। ऐसे में मनल चौहान और मोहित उल्वा ने मोर्चा संभाला। दोनों ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए मुकाबले का रुख पलट दिया और भारत को चेम्पियन बना दिया।
एनसीआई@स्पोर्ट्स डेस्क/अल अमेरात
एसीसी मेन्स अंडर-19 एशिया कप 2026 के फाइनल में आज शनिवार (14 नवम्बर) को जीत के मुहाने पर पहुंच चुके पाकिस्तान को भारतीय टीम ने शिकस्त दे दी। इस प्रकार भारतीय टीम ने 1 विकेट से यह मैच जीत लिया और टीम चेम्पियन बन गई। भारतीय टीम के जीत के सबसे बड़े हीरो मोहित उल्वा और मोहित चौहान रहे, जिन्होंने अंतिम ओवर्स में एक बेजोड़ पार्टनरशिप कर मैच ही पलट दिया।
दोनों टीमों के बीच यह मुकाबला अल अमेरात के अल अमेरात क्रिकेट ग्राउंड (मिनिस्ट्री टर्फ 2) में हुआ। इस मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए पाकिस्तानी टीम ने भारतीय टीम को जीत के लिए 338 रनों का टारगेट दिया थ।पाकिस्तान जीत के करीब था, भारत की उम्मीदें लगभग टूट चुकी थीं। 338 रन जैसे टारगेट का पीछा करते हुए टीम इंडिया 252 रन पर 8 विकेट गंवा चुकी थी। पाकिस्तान को खिताब बचाने के लिए 51 बॉल पर सिर्फ 2 विकेट चाहिए थे, लेकिन तभी मोहित उल्वा ने ऐसी पारी खेली, जिसने मैच का नतीजा बदल दिया।

नम्बर-10 पर बल्लेबाजी करने आए मोहित ने सिर्फ 26 गेंदों पर नाबाद 49 रन ठोक दिए। आखिरी ओवर में भारत को 8 रन चाहिए थे और हाथ में सिर्फ एक विकेट था। आखिरी गेंद पर जीत के लिए 3 रन की जरूरत थी। मोहित ने गेंद को बाउंड्री के पार पहुंचाकर भारत को एक विकेट से चेम्पियन बना दिया।
अल अमीरात में इस जीत के साथ भारत ने नौवीं बार अंडर-19 एशिया कप का खिताब अपने नाम किया। इससे पहले कप्तान लक्ष्य रायचंदानी के 80 और आर्यवीर सहवाग के 58 रन बनाए थे। इसके बाद मोहित ने मानल चौहान के साथ 57 रन की साझेदारी कर उम्मीद जगाई। मानल के आउट होने के बाद चिगुरुपति वेंकट के साथ मोहित ने आखिरी विकेट के लिए 30 रन जोड़कर भारत को जीत दिला दी।
उल्लेखनीय है कि भारत ने अफगानिस्तान को 8 विकेट से हराकर फाइनल में एंट्री पाई थी। वहीं पाकिस्तान ने बांग्लादेश को पहले सेमीफाइनल में 9 विकेट से पराजित किया था। भारत और पाकिस्तान के बीच ग्रुप स्टेज में भी टक्कर हुई थी। तब पाकिस्तान ने भारतीय टीम को 3 विकेट से शिकस्त दी थी। देखा जाए तो भारतीय टीम 8 बार इस टूर्नामेंट को जीत चुकी है। वहीं पाकिस्तान और बांग्लादेश ने दो-दो बार खिताबी जीत हासिल की। एक मौके पर अफगानी टीम भी चेम्पियन बनी।

ऐसी रही है भारत की बल्लेबाजी
रनचेज में भारतीय टीम की शुरुआत शानदार रही है। वीरेंद्र सहवाग के बेटे आर्यवीर और कप्तान लक्ष्य रायचंदानी के बीच पहले विकेट के लिए 95 रनों की साझेदारी हुई। आर्यवीर सहवाग को पारी के पांचवें ओवर में अली रजा की गेंद पर चोट लगी, लेकिन उन्होंने हिम्मत नहीं हारी। गेंद सहवाग के दाईं कोहनी के पास लगी थी।
आर्यवीर सहवाग ने शानदार बैटिंग करते हुए 51 गेंदों पर अपनी फिफ्टी पूरी की। मौजूदा टूर्नामेंट में उनका ये चौथा फिफ्टी प्लस स्कोर रहा। आर्यवीर बड़े स्कोर की तरफ बढ़ रहे थे, लेकिन निकाब शफीक की गेंद पर हवाई शॉट खेलने की कोशिश में अपना विकेट गंवा बैठे। आर्यवीर ने 61 गेंदों पर 58 रन बनाए, जिसमें 9 चौके शामिल रहे। आर्यवीर के आउट होने के बाद लक्ष्य रायचंदानी ने वीके विनीत संग पारी संभाली। दोनों के बीच दूसरे विकेट के लिए 51 रनों की साझेदारी हुई। विनीत 24 रनों के निजी स्कोर पर रिजवानुल्लाह का शिकार बने।
पाकिस्तान को तीसरा विकेट अर्जुन राजपूत के रूप में मिला, जो 18 गेंदों पर 16 रन बनाकर आउट रिजवानुल्लाह की गेंद पर कैच आउट हुए। वहीं चौथा विकेट यशवर्धन चौहान का रहा, जो 5 गेंदों पर 9 रन बनाकर हसनैन अब्बास डार की गेंद पर उस्मान खान को कैच थमा बैठे।
भारत को पांचवां झटका कप्तान लक्ष्य रायचंदानी के तौर पर लगा, उनको अली रजा ने उन्हें हसनैन अब्बास डार के हाथों कैच आउट कराया। लक्ष्य 101 गेंदों पर 80 रन बनाकर पवेलियन लौटे। इससे ठीक अगली ही गेंद पर अन्वय द्रविड़ 12 गेंदों पर 19 रन बनाकर रन आउट हो गए। अन्वय के आउट होते हुए ही टीम इंडिया का स्कोर 217/ 6 हो गया। सातवां विकेट आर्यन सावसानी (14) का रहा, जिनको रिजवानुल्लाह ने आउट किया। वहीं आठवां विकेट काव्य पटेल का रहा, जो मोहम्मद सय्याम की गेंद पर आउट हुए।
पाकिस्तान के लिए उस्मान ने जड़ा शतक
मुकाबले में टॉस जीतकर पहले बैटिंग करते हुए पाकिस्तान ने 9 विकेट पर 337 रन बनाए। पाकिस्तानी टीम की शुरुआत शानदार रही। उस्मान खान और हयाम खान ने मिलकर पहले विकेट के लिए 62 रन जोड़े। काव्य पटेल ने हयाम (21 रन) को आउट कर इस साझेदारी को तोड़ा। इसके बाद उस्मान ने अब्दुल कादिर के साथ मिलकर दूसरे विकेट के लिए 135 रनों की साझेदारी की। कादिर ने 54 बॉल पर 80 रन बनाए, जिसमें 8 छक्के और 3 चौके शामिल रहे। कादिर का विकेट अर्जुन राजपूत ने झटका।
सलामी बल्लेबाज उस्मान खान अपना शतक बनाने में कामयाब रहे। उस्मान ने 11 चौके और 3 छक्के की मदद से 111 गेंदों पर 107 रन बनाए। उस्मान का विकेट काव्य पटेल ने चटकाया। भारतीय टीम को चौथी सफलता अहमद हुसैन (17 रन) के रूप में मिली। यहां से पाकिस्तानी टीम ने लगातार अंतराल में विकेट गंवाए।
हालांकि, पाकिस्तानी कप्तान फरहान यूसुफ (63 रन) जरूर अर्धशतक बनाने में सफल रहे। हमजा जहूर (10 रन), हसनैन अब्बास डार (2 रन), मोहम्मद सैय्याम (7 रन) और निकाब शफीक (11 रन) बल्ले से कुछ खास नहीं कर पाए। काव्य पटेल ने सबसे ज्यादा 4 विकेट झटके। वहीं चिगुरुपति वेंकटा ने तीन खिलाड़ियों को चलता किया।
ईशान सूद फाइनल से रहे बाहर
इस मुकाबले के लिए भारतीय टीम की प्लेइंग-11 में एक बदलाव हुआ। तेज गेंदबाज ईशान सूद चोटिल होने के कारण इस मुकाबले का हिस्सा नहीं बन सके। उनकी जगह चिगुरुपति वेंकटा को मौका मिला। दूसरी ओर पाकिस्तानी टीम ने अपनी प्लेइंग-11 में कोई परिवर्तन नहीं किया।
मुकाबले में भारत की प्लेइंग–11: लक्ष्य रायचंदानी (कप्तान), आर्यवीर सहवाग, वीके विनीत, अर्जुन राजपूत, यशबर्धन चौहान, अन्वय द्रविड़ (विकेटकीपर), मनाल चौहान, मोहित उल्वा, आर्यन सवसानी, काव्या पटेल और चिगुरुपति वेंकटा।
मुकाबले में पाकिस्तान की प्लेइंग-11: उस्मान खान, हयाम खान, अब्दुल कादिर, फरहान यूसुफ (कप्तान), अहमद हुसैन, अली रजा, हमजा जहूर (विकेटकीपर), हसनैन अब्बास डार, मोहम्मद सय्याम, रिजवानुल्लाह और निकाब शफीक।
