एनसीआई@बूंदी
आगामी 22 नवम्बर, रविवार को आयोजित होने वाले उप राष्ट्रीय पल्स पोलियो टीकाकरण दिवस के तहत आमजन को जागरूक करने के उद्देश्य से जिला मुख्यालय सहित जिले के समस्त चिकत्सा संस्थानों जन चेतना रैली निकाली जाएगी।
सीएमएचओ डॉ. ओपी सामर ने बताया कि चिह्नित हाई रिस्क एरिया, ईंट भट्टो, निर्माणाधीन कंस्ट्रक्शन साइट आदि पर पोलियो टीकाकरण पर विशेष ध्यान विभाग द्वारा दिया जाएगा तथा पोलियो बूथ पर अधिक से अधिक संख्या में बच्चों को पोलियो की दवा पिलाने के विशेष प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने कहा-‘हमारा यही प्रयास रहेगा कि कोई वेक्सीनेशन से वंचित ना रहे। जिले में शत-प्रतिशत बच्चों को पोलियो खुराक पिलाई जाएगी। शिक्षा विभाग के सहयोग से स्कूली बच्चों का भी वेक्सीनेशन किया जाएगा। डॉ. सामर ने कहा कि उप राष्ट्रीय पल्स पोलियो टीकाकरण को सफल बनाने के लिए विद्युत विभाग और आईसीडीएस, आयुर्वेद विभागों का परस्पर सहयोग लिया जाएगा।
1 लाख 39 हजार 043 बच्चों को पिलाई जाएगी खुराक
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डाॅ. सामर ने बताया कि आमजन को जागरूक करने के उद्देश्य से रोटरी क्लब के सहयोग से नर्सिंग विधार्थियों व आशाओं द्वारा जागरुकता रैली आगामी 21 नवम्बर 2026 को सुबह 8.30 बजे हाई सेकंडरी स्कूल बूंदी से आयोजित की जाएगी। यह शहर के मुख्य मार्गों से होकर गुजरेगी।
सीएमएचओ डॉ. सामर ने बताया कि जिले में आयोजित पल्स पोलियो टीकाकरण दिवस के तहत 22 नवम्बर 2026 को पोलियो बूथों पर एवं अगले दो दिन घर-घर जाकर पोलियो की खुराक पिलाई जाएगी। अभियान के तहत नवजात शिशु से लेकर 5 वर्ष तक की आयु के करीब 1 लाख 39 हजार 43 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई जाएगी।
जिलेभर में कुल 749 बूथ बनाए
सीएमएचओ ने बताया कि जिले में पोलियो की खुराक पिलाने के लिए ग्रामीण क्षेत्रों में 616 एवं शहरी क्षेत्र में 133 बूथों सहित कुल 749 पोलियो बूथ बनाए गए हैं। इस अभियान में पोलियो टीकाकरण के लिए 2 हजार 996 वेक्सीनेटर्स व 151 सुपरवाइजर बनाए गए हैं। उन्होंने बताया कि जिले में पोलियो अभियान की सफलता के लिए सेक्टर बनाए गए हैं। उन्होंने बताया कि जिले की आवश्यकतानुसार वेक्सीन केरियर तथा आईसपेक्स उपलब्ध करवा दी गई है। जिले की आवश्यकता अनुसार पोलियो वेक्सीन की डोज राज्य स्तर से प्राप्त कर सेक्टरों की मांग के अनुरूप भिजवा दी गई है।
आरसीएचओ डॉ. कमलेश शर्मा ने बताया कि इस अभियान के तहत जिले के सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों को जोड़ा गया है। उन्होंने कहा कि अभियान के सफल क्रियान्वयन के लिए आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका, आशा सहयोगिनी के साथ-साथ अन्य विभागों का सहयोग लिया जाएगा।
