एनसीआई@बूंदी
सुंदरकांड महिला मंडल की ओर से श्रीकृष्ण जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में नंदोत्सव का आयोजन बड़े ही धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ किया गया। कार्यक्रम के दौरान नंद बाबा श्रीकृष्ण को शेषनाग की छाया में महेश्वरी नोहरे से धाभाइयों के चौक तक लेकर पहुंचे। वहां श्रद्धालुओं ने श्रीकृष्ण का भव्य स्वागत किया गया तथा विधिवत आरती की गई।
कार्यक्रम में भजन गायक ने राधा-कृष्ण के मनमोहक भजनों की प्रस्तुति दी। ‘यशोदा मैया दे दो बधाई’, ‘बांस की बसुरिया पे’ सहित विभिन्न भजनों पर महिलाओं ने जमकर नृत्य किया। भजनों और भक्ति संगीत से पूरा वातावरण कृष्णमय हो गया और उपस्थित श्रद्धालु मंत्रमुग्ध हो उठे।
दही-हांडी कार्यक्रम मुख्य आकर्षण का केन्द्र रहा
नंदोत्सव में दही-हांडी कार्यक्रम मुख्य आकर्षण का केन्द्र रहा। श्रीकृष्ण जन्म की खुशी में महिलाओं ने बधाइयां गाईं और उत्सव का आनंद लिया। कार्यक्रम में राधा कृष्ण की भूमिका मयूरी ओझा, रेणु कासट तथा नंद बाबा की रुक्मणी लखोटिया ने व बाल रूप राधा कृष्ण की भूमिका काशवी एवं अव्यांश ने निभाई। सभी ने अपनी सुंदर प्रस्तुति से सभी का मन मोह लिया।
महिला मंडल की सदस्यों एवं श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए नंदोत्सव को यादगार बना दिया। पूरे कार्यक्रम में भक्ति, उल्लास और पारम्परिक संस्कृति की सुंदर झलक देखने को मिली। अंत में सुंदरकांड महिला मंडल अध्यक्ष कीर्ति सुखवाल ने सभी का अभिनंदन व आभार व्यक्त किया।
