एनसीआई@बूंदी
बूंदी जिला बैडमिंटन संघ की ओर से आज जिला कलक्टर रेणु जयपाल को मांग पत्र देकर डिस्ट्रिक्ट क्लब में बैडमिंटन हॉल का शीघ्र निर्माण करवाए जाने की मांग की है। इसमें संघ के अध्यक्ष एडवोकेट अजय नुवाल व उपाध्यक्ष अशोक तलवास ने उनके प्रयासों का हवाला देने के साथ मांग को पूरी करने के लिए विकल्प भी सुझाए हैं।
इस मांग पत्र के प्रारम्भ में कुछ समय पूर्व ही स्थानांतरित होकर आईं जिला कलक्टर रेणु जयपाल का जिला बैडमिंटन संघ की ओर से स्वागत करते हुए जिला मुख्यालय पर बैडमिंटन हॉल (वुडन कोर्ट व सिंथेटिक कोर्ट) का शीघ्र निर्माण करने की मांग की गई है।एसोसिएशन ने आगे बताया है कि वह अभी तक इसके लिए निरंतर प्रयासरत हैं। प्रतिवर्ष करवाई जाने वाली विभिन्न जिला स्तरीय खेल प्रतियोगिताएं, जैसे-कौमी एकता कप, 26 जनवरी को राजस्व एवं न्यायिक अधिकारियों की प्रतियोगिता, जिला स्तरीय जूनियर, सब जूनियर प्रतियोगिता व स्मृति विशेष जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं में आमंत्रित अतिथियों ने संघ के आग्रह पर बैडमिंटन हॉल निर्माण के लिए घोषणाएं भी की हुई हैं। मगर इनकी क्रियान्वित आपके ( जिला कलक्टर ) सहयोग और मार्गदर्शन के बिना सम्भव नहीं हैं।
प्रयासों के परिणाम
1. विधायक अशोक डोगरा द्वारा लगातार चार बार डिस्ट्रिक्ट क्लब बूंदी (जिसके जिला कलक्टर पदेन अध्यक्ष हैं) में मौजूदा बैडमिंटन हॉल सीमेंटेड कोर्ट को पास में रिक्त स्थान ओपन बैडमिंटन कोर्ट को डबल कोर्ट कराने एवं सिंथेटिक कोर्ट कराने की सशर्त घोषणाएं की गई हैं। शर्त यह है कि जिला बैडमिंटन संघ को खेल गतिविधियों के लिए निशुल्क प्राथमिकता से हॉल उपलब्ध कराए जाने का एमओयू साइन हो। वर्ष 2019 में पूर्व तत्कालीन जिला कलक्टर रुकमणी रियार ने खेल संघ के आग्रह पर डिस्ट्रिक्ट क्लब में प्रस्तावित स्थान का अवलोकन कर तकमीना बनाने के विभाग को निर्देश दिए थे। हॉल के पास में ओपन कोर्ट तैयार करवाया गया था।
मांग पत्र में आगे कहा गया है कि, किंतु क्लब में मौजूद कुछ नकारात्मक तत्वों ने इस कार्य को आगे नहीं बढ़ने दिया। इस बात का खुलासा विधायक डोगरा ने 2020-21 में आयोजित कौमी एकता कप प्रतियोगिता समारोह में सार्वजनिक रूप से किया था। हाल ही में विधायक डोगरा ने हमारे फंड के आग्रह पर अवगत कराया है कि कोविड-19 में अधिक फंड चले जाने के बावजूद डिस्ट्रिक्ट क्लब में सिंथेटिक मेटी के लिए सशर्त देने के लिए सहमत हैं।
2. महेश इनाणी, चित्तौड़गढ़ अध्यक्ष, राजस्थान बैडमिंटन संघ ने कौमी एकता कप 2021 समारोह में डिस्ट्रिक्ट क्लब बूंदी का हॉल बनाए जाने पर कोर्ट के अंदर सिंथेटिक करने में आने वाले खर्च को वहन करने की घोषणा की थी। मगर उन्होंने भी शर्त रखी थी कि इसके लिए बैडमिंटन संघ की खेल गतिविधियों के लिए निशुल्क हॉल उपयोग की अनुमति का एमओयू हो।
3. कोटा के समाजसेवी राजेश बिरला ने आनंद मोहन जैथलिया प्रतियोगिता में डिस्ट्रिक्ट क्लब या खेल संकुल से आरक्षित बैडमिंटन हॉल भूमि पर लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से वार्ता कर फंड दिलवाने का आश्वासन दिया था, किंतु निर्माण तकमीना पहुंचना शेष है।
4. खेल राज्य मंत्री अशोक चांदना की ओर से उनके प्रतिनिधि समाज सेवी परमेश्वर झवर ने कौमी एकता कप समारोह में खेल मंत्री से बैडमिंटन हॉल निर्माण करवाने का आश्वासन दिया था।
ज्ञापन में आगे विकल्प भी बताए गए हैं, जो इस प्रकार हैं-
1.डिस्ट्रिक्ट क्लब बूंदी में मौजूदा हॉल जो सीमेंटेड कोर्ट है, के पास दूसरा हॉल बने। इतना स्थान रिक्त है, जिसमें मात्र तीन दीवारें बनाई जानी है। कम खर्च व कम समय में यह काम हो सकता है।
2. पुरानी कृषि उपज मंडी में मौजूदा धान यार्ड का फ्लोर सीमेंटेड है। इसे सिंथेटिक रूप देकर कम खर्च में उपयोगी बनाया जा सकता है।
3. खेल संकुल में आरक्षित भूमि पर चार बैडमिंटन हॉल निर्माण का तकमीना बनाकर लोकसभा अध्यक्ष से निर्माण के लिए आग्रह किया जा सकता है।
