एनसीआई@बूंदी
बूंदी जिले में नगरीय निकाय चुनाव, 2026 के तहत 11 सितम्बर को दूसरे चरण में होने वाले मतदान को शांतिपूर्ण, भयमुक्त और निष्पक्ष रूप से सम्पन्न करवाने के लिए जिला निर्वाचन अधिकारी (जिला कलक्टर) हरफूल सिंह यादव ने गुरुवार को नैनवां और हिंडोली नगर पालिका क्षेत्रों का दौरा कर मतदान व मतगणना की तैयारियों का जायजा लिया।
इस दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी यादव ने अधिकारियों को मतदान केन्द्रों पर बुनियादी सुविधाओं और सुरक्षा में किसी भी प्रकार की कोताही न बरतने के निर्देश दिए हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी ने नैनवां स्थित पीएमश्री विद्यालय में बनाए गए ‘स्वच्छ हरित बूथ’ का निरीक्षण किया। उन्होंने यहां मतदाताओं की सुविधा के लिए छाया, बैठक व्यवस्था, पेयजल और व्हील चेयर की उपलब्धता की जानकारी ली। उन्होंने सम्बंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि दिव्यांग और बुजुर्ग मतदाताओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए बूथों पर एनसीसी और स्काउट गाइड की अनिवार्य रूप से तैनाती की जाए।
मतगणना स्थल का निरीक्षण किया
यादव ने मतदाताओं से अधिकाधिक संख्या में मतदान कर चुनाव में अपनी भागीदारी निभाने की अपील की। मतदान केन्द्रों के बाद जिला निर्वाचन अधिकारी ने राजकीय महाविद्यालय स्थित मतगणना स्थल का निरीक्षण किया। यहां उन्होंने गणना कक्ष, स्ट्रॉन्ग रूम और मतगणना के लिए बनाए गए ले-आउट प्लान का बारीकी से अवलोकन किया। चुनाव ड्यूटी में लगे कार्मिकों से संवाद करते हुए उन्होंने समूची निर्वाचन प्रक्रिया की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी अधिकारी व कर्मचारी बेहतरीन आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और मतगणना स्थल पर सुरक्षा के चाक-चौबंद इंतजाम सुनिश्चित किए जाएं।

नैनवां के बाद जिला निर्वाचन अधिकारी हिंडोली पहुंचे, जहां उन्होंने राजकीय महाविद्यालय में मतगणना स्थल का जायजा लिया। सुरक्षा के मद्देनजर उन्होंने मतगणना कक्ष की खिड़कियों को जालियों से पूरी तरह कवर करने के निर्देश दिए। मतदान दलों को निर्देशित किया गया कि वे अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा से निर्वहन करें और किसी भी प्रकार की समस्या आने पर तुरंत उच्चाधिकारियों को अवगत कराएं।जिला निर्वाचन अधिकारी ने हिंडोली के राजकीय वरिष्ठ उपाध्याय संस्कृत विद्यालय और राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय में बनाए गए मतदान केन्द्रों का अवलोकन किया। उन्होंने केन्द्रों पर पर्याप्त रोशनी, छाया, पेयजल और सुरक्षा के समुचित प्रबंध रखने के निर्देश दिए।

मतदान के साथ मिलेगा स्वच्छता का संदेश, हर बूथ पर बनेंगे ‘स्वच्छ हरित सेल्फी पॉइंट’
नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 के तहत मतदान प्रक्रिया को रोचक, यादगार और उद्देश्यपूर्ण बनाने के लिए जिला प्रशासन ने एक अनूठी पहल की है। जिला निर्वाचन अधिकारी (जिला कलक्टर) हरफूल सिंह यादव के निर्देशानुसार द्वितीय चरण के तहत 11 सितम्बर को होने वाले मतदान के लिए प्रत्येक मतदान केन्द्र पर ‘स्वच्छ हरित सेल्फी पॉइंट’ स्थापित किए जाएंगे। जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि इन मतदान केन्द्रों पर ‘ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम-2026’ का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा। इसके प्रभावी क्रियान्वयन के लिए एक पोलिंग बूथ को ‘स्वच्छ हरित बूथ’ के रूप में विकसित किया जा रहा है, जबकि सभी बूथों पर ‘स्वच्छ हरित सेल्फी पॉइंट’ बनाए जाएंगे। मतदान के बाद मतदाता इन सेल्फी पॉइंट पर तस्वीरें खिंचवा सकेंगे और स्वच्छता अभियान का हिस्सा बन सकेंगे।

ये अधिकारी भी रहे साथ
निरीक्षण के दौरान अतिरिक्त जिला कलक्टर (सीलिंग) रमेश देव, नैनवां के रिटर्निंग अधिकारी दीपांशु सांगवान, रिटर्निंग अधिकारी हिंडोली शिवराज मीणा, हिंडोली तहसीलदार रतनलाल मीणा और नैनवां के पुलिस उप अधीक्षक ओम प्रकाश सहित कई अन्य अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।

