एनसीआई@बूंदी
नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 के तहत बुधवार को बूंदी नगर परिषद तथा नगर पालिका इन्द्रगढ़, केशवरायपाटन व देई में पहले चरण का मतदान शांतिपूर्ण सम्पन्न हुआ।
प्रभारी अधिकारी (सांख्यिकी प्रकोष्ठ) द्वारा जारी अंतिम आंकड़ों के अनुसार, जिले के चार निकायों (बूंदी, देई, इंद्रगढ़ और केशवरायपाटन) के कुल 125 वार्डों के लिए स्थापित 159 बूथों पर कुल 76.38 प्रतिशत मतदान हुआ। बूंदी नगर परिषद, नगर पालिका इन्द्रगढ़, केशवरायपाटन व देई क्षेत्र के कुल 1लाख 27 हजार 013 मतदाताओं में से 97 हजार 18 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया, जिसके साथ ही चुनावी मैदान में डटे 418 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला ईवीएम में कैद हो गया है।

पहले चरण में बूंदी नगर परिषद के 60 वार्डों, नगर पालिका केशवरायपाटन के 25, देई के 20 तथा इन्द्रगढ़ के 20 वार्डों में सदस्य (पार्षद) पदों के लिए मतदान सम्पन्न हुआ। बूंदी नगर परिषद में 212 प्रत्याशी, देई 62, केशवरायपाटन में 88 तथा इन् देवगढ़ में 56 प्रत्याशी चुनाव मैदान में है। राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा घोषित कार्यक्रमानुसार मतों की गणना 14 सितम्बर को होगी।

इन नगरीय निकाय क्षेत्रों में मतदाताओं ने उत्साहपूर्वक मतदान करते हुए लोकतंत्र के महापर्व में अपनी भागीदारी निभाई। सुबह निर्धारित समय पर सभी 159 बूथों पर शांतिपूर्ण माहौल में मतदान की प्रक्रिया शुरू हुई। जैसे-जैसे दिन चढ़ता गया, वैसे-वैसे मतदाताओं का उत्साह भी परवान चढ़ने लगा। नगरीय निकाय चुनाव, 2026 के लिए नियुक्त निर्वाचन पर्यवेक्षक जुगल किशोर मीणा और जिला निर्वाचन अधिकारी हरफूल सिंह यादव ने मतदान केन्द्रों का निरीक्षण कर मतदान प्रक्रिया का जायजा लिया।
मतदान केन्द्रों पर पहली बार वोट डालने पहुंचे युवाओं के चेहरों पर लोकतंत्र में भागीदारी निभाने की चमक थी, वहीं बुजुर्ग और महिलाएं भी लोकतंत्र के इस उत्सव में अपनी भागीदारी निभाने लिए कतारों में डटे दिखे। मतदान के दौरान युवाओं, महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों, दिव्यांग मतदाताओं सहित सभी वर्गों के मतदाताओं में उत्साह देखने को मिला। मतदान केन्द्रों पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई तथा सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए।

दिन चढ़ने के साथ ही बढ़ता गया मतदान का प्रतिशत
सुबह 10 बजे तक बूंदी में 16.35 प्रतिशत, इन्द्रगढ़ में 22.34 प्रतिशत, देई में 24.41 प्रतिशत और केशवरायपाटन में 19.42 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। दिन चढ़ने के साथ ही दोपहर 12 बजे तक यह आंकड़ा बूंदी में 37.52 प्रतिशत, इन्द्रगढ़ में 49.59 प्रतिशत, देई में 45.40 प्रतिशत और केशवरायपाटन में 46.77 प्रतिशत तक पहुंच गया। इसके बाद दोपहर 1 बजे तक बूंदी में 43.93 प्रतिशत, इन्द्रगढ़ में 57.29 प्रतिशत, देई में 56.62 प्रतिशत और केशवरायपाटन में 53.57 प्रतिशत वोट पड़े। अपराह्न 3 बजे तक मतदान ने और जोर पकड़ा, जिससे नगर परिषद क्षेत्र बूंदी का मतदान प्रतिशत 57.46 प्रतिशत, नगर पालिका इन्द्रगढ़ का 73.99 प्रतिशत, देई में 68.13 प्रतिशत और केशवरायपाटन का 67.35 प्रतिशत हो गया। शाम 5 बजे तक बूंदी में 69.00 प्रतिशत, देई में 76.64 प्रतिशत, इन्द्रगढ़ में 84.91 प्रतिशत तथा केशवरायपाटन में 80.36 प्रतिशत मतदान हुआ। मतदान समाप्त होने तक बूंदी में कुल 73.77 प्रतिशत, देई में 81.12 प्रतिशत, केशवरायपाटन में 83.33 प्रतिशत और इन्द्रगढ़ में 87.44 प्रतिशत के साथ सर्वाधिक मतदान प्रतिशत दर्ज किया गया।

बूंदी नगर परिषद में कुल 92113 मतदाताओं में से 67 हजार 956, देई नगरपालिका में 9 हजार 955 मतदाताओं में से 8 हजार 75, इन्द्रगढ़ नगरपालिका में कुल 4 हजार 856 मतदाताओं में से 4 हजार 246 तथा केशवरायपाटन नगरपालिका में कुल 20 हजार 89 मतदाताओं में से 16 हजार 741 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।

इन्द्रगढ़ में सर्वाधिक 87.44 प्रतिशत मतदान दर्ज
नगरीय निकाय चुनाव में इन्द्रगढ़ नगर पालिका के मतदाताओं ने सबसे अधिक जागरुकता दिखाई। वहां सर्वाधिक 87.44 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। वहीं, बूंदी नगर परिषद में सबसे कम 73.77 फीसदी मतदाताओं ने ही वोट डाले। इसके अलावा केशवरायपाटन नगर पालिका में 83.33 प्रतिशत और देई नगर पालिका में 81.12 प्रतिशत मतदान हुआ।
बूंदी नगर परिषद के जिला उद्योग केन्द्र में वार्ड संख्या 40 के लिए बनाए गए मतदान केन्द्र के बूथ संख्या 63 के भाग संख्या 2 पर 86 वर्षीय माणकचंद सोनी ने व्हील चेयर पर पहुंचकर अपने मताधिकार का प्रयोग कर लोकतंत्र में आस्था का परिचय दिया। इसी मतदान केंद्र के भाग संख्या एक में 70 वर्षीय बच्ची बाई ने भी मतदान किया।
सभी मतदान केन्द्रों पर पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए वास्तविक मतदान से एक घंटे पहले सुबह 6 बजे ‘बनावटी मतदान’ (मॉक पोल) की प्रक्रिया शुरू की गई। इसके बाद सुबह 7 बजे वास्तविक मतदान शुरू हुआ।

