एनसीआई@बाड़मेर
कोतवाली थाना क्षेत्र के शास्त्री नगर में रहने वाले दो कॉलेज छात्रों से शनिवार को पुलिस ने 2 करोड़ रुपए की ड्रग्स (एमडी) बरामद कर सनसनी फैला दी है। पता चला है कि ये दोनों छात्र करीब दो साल से नशे का यह कारोबार कर रहे थे। इन युवकों से 987 ग्राम एमडी, 189 ग्राम अफीम का दूध, 11 फर्जी नम्बर प्लेट बरामद हुई हैं।
पुलिस ने सुबह 7 बजे करीब शास्त्री नगर में स्थित हेमराज सोनी के मकान पर अचानक दबिश दी। पुलिस की यहां करीब 5 घंटे तक कार्रवाई चली।

एसपी ने यह दी जानकारी
एसपी नरेन्द्र सिंह मीना ने बताया- दोनों लड़के दो साल से पढ़ाई की आड़ में नशे का कारोबार कर रहे थे। जोधपुर रेंज आईजी विकास कुमार की ओर से ऑपरेशन भोकाल चलाया जा रहा है। डीएसटी टीम को यहां नशे के कारोबार की सूचना मिली थी।
शनिवार सुबह डीएसटी प्रभारी, कोतवाली और सदर पुलिस की टीमों ने एक साथ हेमराज सोनी के मकान पर रेड डाली। यहां रहने वाले छात्र मनोहर लाल (19) निवासी सोमारड़ी सेड़वा (बाड़मेर) और भरत सिंह (27) निवासी धांधलों की ढाणी बाखासर (बाड़मेर) को हिरासत में लिया। उनके कमरे की तलाशी ली तो वहां से भारी मात्रा में ड्रग्स बरामद हुई।
एसपी मीना ने बताया-इन छात्रों से पूछताछ में सामने आया है कि मनोहर लाल वेटरनरी की पढ़ाई कर रहा है। वह सेकंड ईयर का छात्र है। वहीं, भरत सिंह फार्मेसी का छात्र है। पढ़ाई की आड़ में इन दोनों का मुख्य काम मादक पदार्थ की तस्करी करना है। किराए के मकान में रहकर यहां से ये छोटी-छोटी मात्रा में माल आगे सप्लाई करते रहे हैं। इनके कमरे की तलाशी में 71 हजार रुपए भी मिले हैं। मकान मालिक हेमराज सोनी ने यह पूरा मकान किराए पर दे रखा था। कार्रवाई के बाद से वह फरार है।
मकान में साथ रहने वाले सप्लायर दो सगे भाई फरार
एसपी ने बताया- इसी मकान में दूसरे कमरे में सगे भाई अशोक और पीराराम रहते थे। ये दोनों माणकी गांव (धोरीमन्ना, बाड़मेर) के रहने वाले हैं। अशोक और पीराराम, मनोहर और भरत के दोस्त थे। दोनों भाई इन्हें नशे की खेप सप्लाई करते थे। कार्रवाई के दौरान ये दोनों भाई फरार हो गए। पुलिस इन दोनों की तलाश कर रही है।
जानकारी के अनुसार मकान मालिक हेमराज सोनी ने यह पूरा मकान किराए पर दे रखा है। वह खुद शास्त्री नगर मोहल्ले में ही एक अलग मकान में परिवार के साथ रहता है। फिलहाल रेड के बाद से वह भी गायब है, पुलिस उसे भी तलाश कर रही है।
मुख्य सरगना 2, एक को सांचौर में हिरासत में लिया
एसपी ने बताया-बाड़मेर में नशे का कारोबार चलाने वाले मुख्य सरगना 2 व्यक्ति हैं। इनमें एक दिनेश है। वह धोरीमन्ना (बाड़मेर) के गांव रोहिला का रहने वाला है। उसके खिलाफ पहले से 3 मामले दर्ज है। इसके तस्करी का एक-एक मामला कोतवाली जैसलमेर और झाब थाना सांचौर में दर्ज है। मारपीट का एक मामला धोरीमन्ना में दर्ज है। वह झाब थाने का 10 हजार का इनामी है। बाड़मेर में रेड की कार्रवाई के दौरान ही सांचौर पुलिस ने दिनेश को डिटेन कर लिया। दूसरा सरगना भोमाराम है। वह भी मादक पदार्थों की तस्करी से जुड़ा हुआ है, वह अभी फरार है।
मकान मालिक के खिलाफ भी कार्रवाई
पुलिस मकान मालिक के खिलाफ कार्रवाई कर रही है। एसपी ने कहा- बाड़मेर जिले के सभी मकान मालिकों से अपील है कि किराएदारों की सूचना सम्बंधित पुलिस थानों में जरूर दें। ऐसा नहीं किया तो मकान मालिकों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
