एनसीआई@रायपुर (छत्तीसगढ़)
महादेव बेटिंग एप मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने शुक्रवार को बड़ा खुलासा किया है। ईडी ने दावा किया कि उसने एक ‘कैश कूरियर’ का बयान दर्ज किया है, जिसने आरोप लगाया है कि महादेव सट्टेबाजी एप के प्रमोटरों ने छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को अब तक 508 करोड़ रुपए का भुगतान किया है। ईडी ने कहा कि इस मामले में आगे की जांच जारी है।
ईडी ने बताया कि इस मामले में गिरफ्तार कैश कूरियर असीम दास से पूछताछ, उसके पास से बरामद फोन की फोरेंसिक और शुभम सोनी (महादेव नेटवर्क के उच्च पदस्थ आरोपियों में से एक) द्वारा भेजे गए ईमेल की जांच से कई चौंकाने वाले मामले सामने आए हैं। ईडी ने एक बयान में कहा, अतीत में नियमित भुगतान किया गया है और अब तक महादेव एपीपी प्रमोटरों द्वारा छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को लगभग 508 करोड़ रुपए का भुगतान किया गया है।
ईडी ने बरामद किए 4.92 करोड़ रुपए
वहीं, इससे पहले ईडी ने गुरुवार, 2 नवम्बर को चुनाव में इस्तेमाल करने के लिए संयुक्त अरब अमीरात (UAE) से भेजे गए करोड़ों रुपए बरामद किए थे। जानकारी के अनुसार, जांच एजेंसी ने 4.92 करोड़ रुपए बरामद किए हैं। यह पैसा महादेव बेटिंग एप के एक प्रमोटर ने चुनाव में एक पार्टी की मदद एक लिए यूएई से कूरियर किया था।
सरकारी कमर्चारियों की भूमिका भी आई सामने
ईडी ने बताया कि उन्होंने 3.12 करोड़ रुपए रायपुर के एक होटल की पार्किंग में खड़ी कार से बरामद किए। इसके साथ ही भिलाई में भी एक घर से भी यूएई से भेजा गया 1.8 करोड़ रुपए बरामद किया गया। वहीं जांच एजेंसी के हाथ महादेव एप के कुछ बेनामी बैंक एकाउंट की जानकारी भी लगी है। इन एकाउंट में 10 करोड़ रुपए जमा हैं। वहीं, बताया जा रहा है कि इलेक्शन में इस्तेमाल होने वाले इस पैसे की डिलीवरी में कुछ सरकारी कर्मचारियों का भी रोल सामने आया है। इनकी पहचान हो गई है और जल्द ही कार्रवाई भी होगी।
सामने आई यह सफाई
इन आरोपों पर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि किसी पर दबाव डालकर या मारपीट कर किसी के खिलाफ बयान दिलवाना और उसकी इज्जत उछालना बड़ा आसान काम है। उन्होंने सवाल किया कि वह अगर किसी से बयान दिलवा दें कि प्रधानमंत्री ने रिश्वत ली है तो क्या प्रधानमंत्री से पूछताछ करोगे? उन्होंने कहा कि किसी राज्य के मुख्यमंत्री के साथ इससे अधिक बुरा और क्या हो सकता है? इस बारे में पिछले कुछ महीनों से चर्चा चल रही थी कि राज्य में कुछ बड़ा होने वाला है, जिससे भाजपा के पक्ष में माहौल बन सके।
इसी क्रम में राज्य के उपमुख्यमंत्री टीएस सिंह देव का कहना है कि आज के समय में आरोप को कार्रवाई का सबसे आसान आधार बना दिया गया है। हम इसके लिए पूरी तरह तैयार थे। जब ये खुद को चुनाव हारते हुए पा रहे हैं तो इस प्रकार के आरोप लगाकर चुनाव को प्रभावित करना चाहते हैं। नाम तो कोई भी किसी का ले लेगा। यह आरोपों की शृंखला है, जिसके ऊपर रोटी सेंकने की कोशिश की जा रही है। आप सबूत रखिए, सबूत के आधार पर कार्रवाई करिए।
