एनसीआई@मेरठ
जिले के इंचौली थाना क्षेत्र के नगला शेखू गांव में बुधवार को बीच सड़क पर एक युवक अपनी बहन का गला दबाता रहा, लोग आते, कुछ रुक जाते, देखने लग जाते, तो कुछ निकल जाते, कुछ वीडियो बनाने में लग जाते, मगर उस युवक को रोकने की किसी ने कोशिश नहीं की।
परिणाम यह हुआ कि लड़की की जान निकल गई। इसके बावजूद उसका हत्यारा भाई अपने पैर से बहन के शव को दबाए रहा। दरअसल, मुस्लिम युवक अपनी छोटी बहन के हिन्दू युवक से प्यार करने से नाराज था। इसलिए उसने इस ऑनर किलिंग को अंजाम दिया। इस वारदात का वीडियो भी वायरल हो गया। इस मामले में आरोपी युवक की मां ने ही उसके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई। इस पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है।
इस वारदात को अंजाम देने वाला हसीन (37) अपनी बहन अमरीशा (16) का गला दबाते हुए चिल्लाता जा रहा कि, इस लड़की ने मेरे बाप की इज्जत खराब कर दी। मेरे बाप की इज्जत खा गई। इस घटना के वायरल वीडियो में दिख रहा है कि हसीन अपनी बहन अमरीशा के सीने पर चढ़ कर बैठा है और उसका गला दबा रहा है।
यह है पूरा मामला
मामले के अनुसार, अमरीशा पास के ही गांव के निवासी हिन्दू युवक मोहित से प्रेम करती थी। मोहित की बहन अमरीशा के गांव में ब्याही है, इसलिए वह यहां आता रहता था। इसी बीच दोनों में प्रेम हो गया। इसके बाद अमरीशा तीन बार मोहित के साथ घर से भाग चुकी थी। सबसे पहले वह मार्च में मोहित के पास चली गई थी। तब उसे पुलिस ने बरामद किया था। इसके बाद वह मई में भी मोहित के पास चली गई, तब भी उसे वापस ले आया गया। इस अगस्त माह में भी वह मोहित के पास जाकर वापस आई थी। इसी बात को लेकर उसका भाई हसीन बेहद आक्रोशित था।
इसके बाद बुधवार को भी अमरीशा अपने प्रेमी मोहित के पास जाना चाह रही थी। इसी बात को लेकर उसकी बड़े भाई हसीन से लड़ाई हुई। इस पर हसीन ने उसकी पिटाई कर दी।फिर वह अपनी बहन को घर से खींचते हुए सड़क पर ले आया। वह यहां चिल्लाने लगा, “इसने मेरे बाप की इज्जत खराब कर दी। ये मेरे बाप को खा जाएगी। मैं इसे नहीं मारता तो मेरा बाप मर जाता। ये तीन बार घर से भागी है, ऐसी को ना मारता तो क्या करता।” इस दौरान मौके पर कई महिलाएं और पुरुष खड़े रहे, लेकिन किसी ने उसे नहीं रोका।

दो बच्चों का बाप है आरोपी
अपनी बहन का हत्यारा 37 वर्षीय हसीन दो बच्चों का बाप है। वह अपने भाई-बहनों में सबसे बड़ा है। हसीन ने जिस अमरीशा की हत्या की, वह सबसे छोटी थी। यह सभी मिलकर 8 भाई-बहन हैं। हसीन खुद कहीं बाहर काम करता है। वह बहन के घर से भागने की खबर सुनकर ही वापस आया था।
पुलिस ने हसीन को गिरफ्तार कर लिया है। उसने अपना गुनाह कबूल कर लिया है। उसका कहना है कि, उसने कुछ भी गलत नहीं किया, क्योंकि उसकी बहन भाग जाने की धमकी देती थी। वह हिन्दू लड़के से शादी की जिद कर रही थी।
