एनसीआई@जयपुर
जयपुर में पकड़े गए नकली नोट के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। 4 लाख 30 हजार 500 रुपए के नकली नोट के साथ गिरफ्तार आरोपियों में कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता आरसी चौधरी का बेटा साहिल भी शामिल है। पुलिस ने शनिवार शाम को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर मामले का खुलासा किया था। पुलिस को अंदेशा है कि साहिल ही नकली नोटों का जखीरा जयपुर लाया था।
स्पेशल पुलिस कमिश्नर ओमप्रकाश ने बताया नकली नोटों की यह खेप बांग्लादेश से जयपुर पहुंची थी। इन नोटों को निकाय चुनाव में खपाने की तैयारी थी। बजाज नगर थाना पुलिस और सीएसटी ने शुक्रवार देर रात 4 युवकों को 4 लाख 30 हजार 500 रुपए के नकली नोट के साथ सीकर निवासी साहिल चौधरी और हरियाणा निवासी अंशुल, प्रियांशु और आकाश को गिरफ्तार किया था।
पुलिस ने आरोपियों से स्कॉर्पियो और फॉर्च्यूनर भी जब्त की थी। इनके पास से 500-500 रुपए के कुल 861 नोट मिले थे। बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने मामले को गंभीर बताते हुए कहा- पुलिस अपनी कानूनी कार्रवाई करेगी, लेकिन राजनीतिक दल को भी इस मामले में विचार करना चाहिए।

बांग्लादेश से जयपुर तक फैला नेटवर्क
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि गिरोह का सरगना रोहतक निवासी अमन राणा है। पुलिस के मुताबिक बांग्लादेश से नकली नोट भारत लाए गए और फिर अलग-अलग राज्यों में सप्लाई किए गए। अब जांच की जा रही है कि साहिल चौधरी सहित गिरफ्तार आरोपियों की गिरोह में क्या भूमिका थी। निकाय चुनाव के दौरान नकली नोटों को किन लोगों तक पहुंचाया जाना था।
बीजेपी ने कांग्रेस पर साधा निशाना
मामले में कांग्रेस प्रवक्ता आरसी चौधरी के बेटे साहिल चौधरी का नाम सामने आने के बाद बीजेपी ने कांग्रेस पर निशाना साधा है। बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने मामले को गंभीर बताते हुए कहा कि पुलिस अपनी कानूनी कार्रवाई करेगी, लेकिन राजनीतिक दल को भी इस मामले में विचार करना चाहिए।
