सम्भागीय आयुक्त ने 2 बीएलओ को निलम्बित व सुपरवाइजरों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई करने के जिला कलक्टर को दिए निर्देश
एनसीआई@बून्दी
मतदाता सूची के पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत सोमवार को सम्भागीय आयुक्त कैलाश चंद मीना ने जिले के विधानसभा क्षेत्र केशवरायपाटन के ग्राम अडीला, कापरेन, देईखेड़ा व इन्द्रगढ़ के बूथों का निरीक्षण किया। इस दौरान लापरवाही सामने आने पर ग्राम देईखेड़ा के दोनों बीएलओ को निलम्बित व सुपरवाइजरों के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्यवाही करने के जिला कलक्टर निर्देश दिए।
सम्भागीय आयुक्त ने निरीक्षण के दौरान सभी मतदान केन्द्रों पर चुनाव आयोग के निर्देशों की पालना में पात्र नागरिकों का मतदाता सूची में नाम जोड़ने व मतदाता सूची को अद्यतन (अपडेट) करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम जुड़वाने से वंचित नहीं रहे। इसके लिए बीएलओ घर-घर जाकर सर्वे कर पात्र नागरिकों को सूचीबद्व करें तथा अभियान के बारे में लोगों को जानकारी दें। निरीक्षण के दौरान बीएलओ के पास वांछित बीएलओ रजिस्टर संधारित नहीं पाए गए तथा कार्यक्रम के सम्बन्ध में अपेक्षित जानकारी का अभाव पाया गया। साथ ही बीएलओ को आधारभूत प्रशिक्षण नहीं देना पाए जाने के साथ सुपरवाइजरों की भूमिका भी नगण्य पाई गई। सामने आया कि बीएलओ द्वारा अभी तक भी डोर-टू-डोर सर्वे कार्य पूर्ण नहीं किया गया।
सम्भागीय आयुक्त ने पाई गई इन कमियों को दुरुस्त करने तथा बीएलओ के कार्य की सतत मॉनिटरिंग करने के लिए तहसीलदार केशवरायपाटन व इन्द्रगढ़ को निर्देश दिए। उन्होंने कार्य में लापरवाही बरतने वाले ग्राम देईखेड़ा के दोनों बीएलओ को निलम्बित व सुपरवाइजरों के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्यवाही करने के जिला कलक्टर बून्दी को निर्देश दिए।
