April 21, 2026

News Chakra India

Never Compromise

नुक्कड़ नाटक से नन्हे-मुन्ने कलाकारों ने दिया बड़ा संदेश

नुक्कड़ नाटक से नन्हे-मुन्ने कलाकारों ने दिया बड़ा संदेश

एनसीआई@बून्दी

स्वच्छ भारत मिशन ( ग्रामीण ) अभियान के तहत आयोजित किए जा रहे कोविड-19 जन जागरूकता कार्यक्रमों की शृंखला में आज शनिवार को पंचायत समिति बून्दी की ग्राम पंचायत उलेड़ा की तरफ से ग्राम सींता में ग्रामीणों को जागरूक करने का अहम प्रयास किया गया। इसमें पंचायत सहायक संगीता शर्मा के द्वारा छोटे-छोटे बच्चों के सहयोग से विभिन्न नुक्कड़ नाटक आयोजित किए गए।
इन नुक्कड़ नाटकों में ग्रामीणों को यह संदेश दिया गया कि खांसी, जुखाम, बुखार या अन्य बीमारी के लक्षण पैदा होने पर अंधविश्वास में पड़ कर किसी झाड़-फूंक करने वाले बाबा के पास नहीं जाएं। उसकी बजाए तुरंत अपने नजदीकी जिला चिकित्सालय में जाकर डॉक्टर से सम्पर्क करें। डॉक्टर की सलाह अनुसार अपना चेकअप करवा कर तुरंत इलाज शुरू करवाएं। कोविड-19 पॉजिटिव आने पर 14 दिन तक अपने आप को होम आइसोलेट कर लें। इस दौरान किसी के सम्पर्क में नहीं आएं। इस प्रकार अपना और अपने परिवार का ख्याल रखें ।
इस मौके पर बच्चों ने कोरोना गीत पर नृत्य कर ग्रामीणों को कोविड-19 के नियमों की पालना करने का संदेश दिया। इसमें बताया गया कि लॉक डाउन में कोई भी बिना काम घर से बाहर नहीं निकले। बहुत अधिक आवश्यकता पड़ने पर किसी को घर से बाहर निकलना पड़े तो मुंह पर मास्क लगाकर निकलें, साथ ही 2 गज की दूरी बनाए रखें। इसके अलावा अपने हाथों को बार-बार साबुन से धोएं या सेनिटाइजर का उपयोग करें। यह संदेश भी दिया गया कि अपने घर व आसपास के वातावरण को साफ व स्वच्छ बनाए रखें। शौचालय का उपयोग करने के बाद व खाना बनाने व खाना खाने से पहले अपने हाथों को साबुन से अच्छी तरह से धोएं । अपने आंख-नाक व मुंह को बार-बार ना छुएं, सार्वजनिक स्थानों पर अनावश्यक भीड़ इकट्ठी ना करें।जैसा कि हम सबको पता है कि कोरोना की तीसरी लहर का खतरा बच्चों पर अधिक है, इसलिए अपने बच्चों को घर से बाहर नहीं जाने दें, उन्हें घर पर ही सुरक्षित रखें। बच्चों को साफ सुथरा रखें व उनके खाने-पीने पर विशेष ध्यान दें। इसमें यह भी बताया गया कि 18 से अधिक आयु वर्ग के सभी नागरिकों को वैक्सीन लगवाना अति आवश्यक है। आप सभी अपनी बारी आने पर तुरंत वैक्सीन जरूर लगवाएं, ताकि कोरोना के खतरे से बचा जा सके। यह भी कहा गया कि लॉक डाउन के नियमों का पालन कर कोरोना की जंग को जीतने में सरकार का सहयोग करें।
सभी ग्रामीणों व प्रशासन की ओर से इस कार्यक्रम की सराहना की गई। इसे देखकर ग्रामीणों ने कोरोना गाइड लाइन के नियमों का पालन कर अपने आप को व देश को कोरोना महामारी से बचाने का संकल्प लिया। यह प्रस्तुति देने वाले नन्हे-मुन्ने कलाकारों में ललित गौतम, शुभम, गगन, दशरथ, पवन, कृतिका, मोहित, नरेश, पूजा शर्मा आदि शामिल रहे। इस कार्यक्रम की रूपरेखा पंचायत सहायक संगीता शर्मा ने तैयार की थी। इसमें ग्राम विकास अधिकारी राजेन्द्र कुमार वर्मा व पंचायत के कार्मिक भी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.