इंसानों के साथ विरासत की भी फिक्र: अफगानिस्तान से पवित्र ग्रंथ की 3 प्रतियां भी लाई जा रहीं भारत
एनसीआई@सेन्ट्रल डेस्क/काबुल
काबुल (अफगानिस्तान) से भारतीय नागरिकों सहित वहां के सिख और हिन्दू नागरिकों को तो भारत सरकार सुरक्षित भारत पहुंचा ही रही है, अब अफगानिस्तान से श्री गुरुग्रंथ साहिब की 3 प्रतियां भी सुरक्षित भारत पहुंचने जा रही हैं। भारतीय विदेश मंत्रालय तथा भारतीय वायुसेना के प्रयासों की बदौलत श्री गुरुग्रंथ साहिब की 3 प्रतियों को सुरक्षित काबुल एयरपोर्ट तक पहुंचाया जा चुका है और जल्द ही उन्हें 46 अफगान सिख और हिन्दूओं सहित भारतीय वायुसेना के विमान के जरिए सुरक्षित दिल्ली पहुंचाया जा रहा है।
उल्लेखनीय है कि अफगानिस्तान पर तालिबान के कब्जे के बाद काबुल में खराब होती सुरक्षा स्थिति की पृष्ठभूमि में भारत अफगान राजधानी से अपने नागरिकों को बाहर निकालने के अपने प्रयासों के तहत तीन उड़ानों के जरिए दो अफगान सांसदों सहित 392 लोगों को रविवार को देश वापस ले आया। वहीं, अफगानिस्तान से आज 146 लोग दिल्ली पहुंचे हैं। ये दोहा के रास्ते चार अलग-अलग विमानों से लाए गए। भारतीय दूतावास ने रविवार शाम कहा था कि 146 भारतीय नागरिक, जिन्हें अफगानिस्तान से निकालकर दोहा ले जाया गया था, उन्हें रविवार रात भारत वापस लाया जा रहा है।
भारतीय वायुसेना के सी-17 सैन्य परिवहन विमान के जरिए 107 भारतीयों और 23 अफगान सिखों एवं हिन्दुओं सहित कुल 168 लोगों को सुबह काबुल से दिल्ली के निकट हिंडन वायुसेना अड्डे पर लाया गया। अधिकारियों ने बताया कि 87 भारतीयों और दो नेपाली नागरिकों के एक अन्य समूह को दुशाम्बे से एयर इंडिया के एक विशेष विमान से वापस लाया गया। इससे एक दिन पहले उन्हें भारतीय वायु सेना के एक विमान आईएएफ 130 जे के जरिए ताजिकिस्तान की राजधानी दुशाम्बे ले जाया गया था।
साभार:India TV
