उत्तर प्रदेश बीजेपी की इस महिला सांसद ने की प्रियंका गांधी की तारीफ
एनसीआई@सेन्ट्रल डेस्क
उत्तर प्रदेश से बीजेपी सांसद रीता बहुगुणा जोशी ने प्रियंका गांधी की तारीफ करते हुए कहा है कि, ‘वो अच्छी हैं।’ हालांकि उन्होंने इसमें यह बात भी जोड़ी कि….’लेकिन उनका असर नहीं है।’ रीता बहुगुणा ने शनिवार को आजतक न्यूज चैनल के एक कार्यक्रम में यह बात कही। इस अवसर पर उन्होंने यूपी चुनाव से पहले इस राज्य की राजनीति से सम्बन्धित तमाम मुद्दों पर अपने विचार प्रकट किए। विपक्षियों पर निशाना साधा। ब्राह्मणों को लेकर जारी विवाद पर भी अपनी बात कही।
प्रयागराज से बीजेपी सांसद रीता बहुगुणा लम्बे समय तक कांग्रेस में रही हैं, वे 2017 में ही बीजेपी में शामिल हुईं थीं। उन्होंने दावा किया कि चुनाव में बीजेपी प्रयागराज की सभी 12 विधानसभा सीटों पर जीत हासिल करेगी। रीता बहुगुणा ने यह दावा भी किया कि 2014 में केन्द्र में बीजेपी की सरकार बनी, तब से वर्ष 2017 तक केन्द्र की जितनी भी योजनाएं थीं, उन्हें समाजवादी पार्टी ने यूपी में लागू नहीं होने दिया। वर्ष 2017 में जब हमारी सरकार आई, तब ही ये सारी योजनाएं यहां भी लागू की गईं।
प्रियंका गांधी अच्छी हैं लेकिन…
रीता बहुगुणा ने कहा कि ‘मैं कांग्रेस में लम्बे वक्त तक रही हूं। मैंने उसकी कार्यशैली देखी है। कांग्रेस का नेतृत्व बहुत कमजोर है, हालांकि वहां नेता अच्छे हैं।’ उन्होंने कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा पर कहा कि वो अच्छी हैं, लेकिन उनका असर नहीं है। उन्होंने कहा, ‘प्रियंका अच्छी हैं. लेकिन उन्होंने कितनी रात जनपद में गुजारी है. यूपी के विकास के लिए जो फोकस चाहिए, वो हो रहा है क्या? अगर लोगों के साथ आप संवाद नहीं करेंगी तो नेतृत्व में कौन हैं, कोई प्रभाव नहीं पड़ता।’
ब्राह्मण बुद्धिमान है, वो सब जानता है
क्या सचमुच ब्राह्मणों की नाराजगी है योगी सरकार से? इस सवाल पर रीता बहुगुणा जोशी ने कहा, ‘पार्टी की नीति साफ है- सबका साथ, सबका विकास। योगी आदित्यनाथ-नरेन्द्र मोदी को काम पर घेरा नहीं जा सकता। ऐसे में भ्रम फैलाया जा रहा है। ब्राह्मण बुद्धिमान है, वो सब जानता है। कोरोना-बाढ़ संकट में बहनजी (मायावती) नजर नहीं आईं, आज उनको ब्राह्मण याद आ गए।’
ब्राह्मण चेहरा होकर भी मोदी केबिनेट में जगह क्यों नहीं मिली? इस सवाल पर रीता बहुगुणा जोशी ने कहा, ‘बीजेपी की सबसे बड़ी खूबी यही है कि चेहरा देखकर मौका नहीं मिलता। नए लोगों को भी मौका दिया जाता है. पार्टी ने जो मुझे दिया मैं खुश हूं। मेरी उम्र 70 वर्ष से अधिक है। मुझे पार्टी से काफी सम्मान मिला।’
