July 13, 2026

News Chakra India

Never Compromise

बोलेरो व स्कूल वेन में भिड़ंत, वेन चला रहे स्कूल मालिक व पुत्र की मौत, 4 अन्य बच्चे घायल

बोलेरो व स्कूल वेन में भिड़ंत, वेन चला रहे स्कूल मालिक व पुत्र की मौत, 4 अन्य बच्चे घायल

एनसीआई@नैनवां/बूंदी

बूंदी जिले की नैनवां तहसील के काशपुरिया के पास शुक्रवार सुबह एक तेज रफ्तार बोलेरो व स्कूल वेन की जोरदार भिड़ंत हो गई। घटनास्थल टोंक जिले की नगर फोर्ट थाना क्षेत्र की सीमा के पास है। इस हादसे में वेन चालक व उसके 5 साल के बेटे की मौत हो गई। वहीं, घायल हुए चार अन्य बच्चों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने पिता पुत्र के शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है।

पुलिस के अनुसार इस हादसे में महेन्द्र धाकड़ (30) निवासी मानपुरा, करवर और उसके 5 वर्षीय बेटे पीयूष की मौत हो गई है। महेन्द्र नैनवां में मां सरस्वती स्कूल का संचालक था। घटनाक्रम के मुताबिक, रोज की तरह वह अपने दोनों बेट पीयूष (5) व अंशुल (7) के अलावा गांव के तीन बच्चों विनोद (8), अभिषेक (12) व शिवम (8) को स्कूल वेन से स्कूल ले जा रहा था। सुबह करीब 7 बजे टोंक जिले के नगर फोर्ट थाना क्षेत्र के पास सामने से तेज रफ्तार आई बोलरो ने नैनवां की ओर जा रही स्कूल वेन को जोरदार टक्कर मार दी।

इससे इतना भीषण हादसा हुआ कि दोनों वाहनों के आगे के हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। इससे हुए धमाके की आवाज सुनकर लोग दौड़कर मौके पर पहुंचे। हादसे के बाद तुरंत बाद बोलेरो चालक गाड़ी को मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया। वहीं, लोगों ने पुलिस को सूचना देने के साथ ही राहत कार्य शुरू किया। वेन में फंसे चालक महेन्द्र व पांचों बच्चों को गम्भीर अवस्था में बाहर निकाला। महेन्द्र ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने एम्बुलेंस से घायलों को अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉक्टर्स ने महेन्द्र के पांच साल के बेटे पीयूष को मृत घोषित कर दिया। घायल चारों बच्चों को भर्ती कर लिया गया, उनका उपचार जारी है। पुलिस ने बोलेरो को जब्त कर आरोपी चालक की तलाश शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.