‘लड़की हूं, लड़ सकती हूं’ कैंपेन की पोस्टर गर्ल डॉ. प्रियंका मौर्य से पार्टी में विधायक टिकट के लिए मांगी गई घूस!
एनसीआई@नई दिल्ली
कांग्रेस के ‘लड़की हूं, लड़ सकती हूं’ कैंपेन की पोस्टर गर्ल डॉक्टर प्रियंका मौर्य ने प्रियंका गांधी वाड्रा के सचिव पर टिकट के लिए घूस मांगने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस में धांधली चल रही है। शुक्रवार को उन्होंने एक ट्वीट कर लिखा कि लड़की हूं, लड़ सकती हूं, पर टिकट नहीं पा सकी, क्योंकि मैं ओबीसी थी और प्रियंका गांधी के सचिव संदीप सिंह को घूस नहीं दे सकी। उन्होंने आगे लिखा कि मेरे पास सबूत के तौर पर वीडियो है जो कल चैनल पर दिखेगा।
प्रियंका मौर्य ने लिखा कि कांग्रेस में जातिवाद के कारण विधायक नरेश सैनी को पार्टी छोड़नी पड़ी। प्रियंका ने कांग्रेस पार्टी में धांधली चलने का भी आरोप लगाते हुए कहा है कि इसके खिलाफ किसी की भी बोलने की हिम्मत नहीं है।
प्रियंका मौर्य ने बताया कि घूस नहीं देने पर उन्हें सरोजनीनगर विधानसभा सीट से टिकट नहीं मिला। प्रियंका ने कहा कि कैंपेन सिर्फ एक धांधली थी। लोग कहेंगे कि टिकट नहीं मिला तो मैं ऐसा कर रही हूं। उन्होंने बताया कि हमें तो 2024 की तैयारी करने को कहा जा रहा था।
उल्लेखनीय है कि प्रियंका मौर्य कांग्रेस के कैंपेन लड़की हूं लड़ सकती हूं की अहम किरदार रही थीं।पोस्टर में वे सबसे आगे दिखती हैं। इसके अलावा कांग्रेस की ओर से जारी महिला घोषणा पत्र में भी प्रियंका पोस्टर गर्ल थीं। इसके बाद प्रियंका मौर्य को लखनऊ की सरोजनीनगर सीट से टिकट का दावेदार माना जा रहा था। उनकी जगह रुद्र दमन सिंह को टिकट मिला है।
गुरुवार को कांग्रेस ने 125 सीटों पर उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की, जिसमें वादे के मुताबिक 40 फीसदी महिलाओं को शामिल किया गया है। लिस्ट जारी होने के कुछ घंटे बाद ही डॉ. प्रियंका मौर्या ने ट्वीट कर टिकट बांटने में धांधली का आरोप लगाया था।
