कायस्थ महासभा ने मनाई नेताजी सुभाष चन्द्र बोस जयंती, केन्द्र सरकार के निर्णयों के लिए जताया आभार
एनसीआई@कोटा
देश की आजादी के महानायक नेताजी सुभाष चन्द्र बोस की 125 वीं जयंती अखिल भारतीय कायस्थ महासभा की ओर से पूर्ण उत्साह व श्रद्धा से मनाई गई। इस अवसर पर सुभाष सर्किल पर स्थित नेताजी सुभाष चन्द्र बोस की प्रतिमा पर महासभा के प्रदेश अध्यक्ष एवं राष्ट्रीय मीडिया संयोजक कुलदीप माथुर व अन्य समाज बंधुओं ने माल्यार्पण कर श्रद्धा सुमन अर्पित किए।

इस अवसर पर समाज बंधुओं को सम्बोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष कुलदीप माथुर ने कहा कि देश की आजादी के संग्राम में नेताजी सुभाष चन्द्र बोस का अतुलनीय योगदान रहा है। उन्होंने अपना तन-मन-धन सब कुछ भारत माता की सेवा के लिए अर्पण कर दिया था। माथुर ने कहा कि भारत सरकार ने नेताजी सुभाष चन्द्र बोस जयंती को पराक्रम दिवस के रूप में मनाने, इंडिया गेट पर उनकी प्रतिमा लगाने का निर्णय लिया है, साथ ही अब से नेताजी की जयंती के दिन 23 जनवरी से ही गणतंत्र दिवस समारोहों की शुरुआत भी हो जाएगी। प्रदेश अध्यक्ष माथुर ने इन निर्णयों के लिए कायस्थ समाज की ओर से भारत सरकार का आभार जताया। इस मौके पर सभी ने नेताजी सुभाष चन्द्र बोस के नारे तुम मुझे खून दो, मैं तुम्हें आजादी दूंगा तथा नेताजी सुभाष चंद्र बोस अमर रहे के जोरदार उद्घोष लगाए।
महासभा के कोटा जिला अध्यक्ष नितिन भटनागर सहित अन्य सभी पदाधिकारियों ने भी केन्द्र सरकार के फैसलों पर कहा कि इससे कायस्थ समाज में अपूर्व उत्साह है।
महासभा के कार्यालय मंत्री मयूर सक्सेना ने बताया कि इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष एवं राष्ट्रीय मीडिया संयोजक कुलदीप माथुर व जिलाध्यक्ष नितिन भटनागर के अलावा राष्ट्रीय महिला सचिव शालिनी भटनागर, प्रदेश सचिव नीरज कुलश्रेष्ठ, जिला महामंत्री कमल कुलश्रेष्ठ, किशोर माथुर, हिमांशु भटनागर, महिला प्रकोष्ठ की महामंत्री अक्षिता सक्सेना, विनीत महोबिया, विनोद सक्सेना, सुधीर सक्सेना, शीला माथुर, धर्मेंद्र श्रीवास्तव, जगदीश भटनागर, यथार्थ सक्सेना, नेहा श्रीवास्तव, मोनिक श्रीवास्तव, मनु भटनागर, शुभम सक्सेना आदि भी मौजूद रहे।
