April 20, 2026

News Chakra India

Never Compromise

राजस्थान: कोर्ट के बाहर दिनदहाड़े फायरिंग कर गैंगस्टर की हत्या

राजस्थान: कोर्ट के बाहर दिनदहाड़े फायरिंग कर गैंगस्टर की हत्या

एनसीआई@नागौर

कोर्ट परिसर में सोमवार को दिनदहाड़े गैंगवार देखने को मिला। दरअसल कुछ बदमाश बाइक पर सवार होकर कोर्ट पहुंचे और वहां हरियाणा के गैंगस्टर संदीप सेठी को गोलियों से भून दिया। बदमाशों ने संदीप पर कई फायर किए,जिससे उसकी मौत हो गई। इस वारदात में एक वकील और 3 बदमाशों को भी गोलियां लगी हैं, जिनका फिलहाल इलाज जारी है। पुलिस ने मौके से कारतूस के 10 से अधिक खोल बरामद किए हैं। आरोपी फरार हैं, मगर उनके सीसीटीवी फुटेज सामने आ गए हैं।

गवाही के लिए कोर्ट पहुंचा था संदीप

नागौर एएसपी राजेश मीणा ने बताया कि, गैंगस्टर संदीप सेठी एक मुकदमे में जेल में बंद था। दो दिन पहले ही उसकी ज़मानत हुई थी। आज वह किसी मुकदमे के सिलसिले में कोर्ट आया था। कोर्ट के बाहर निकलते वक्त उस पर अचानक कुछ बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इससे उसकी मौत हो गई, जबकि संदीप के साथ मौजूद दो लोग घायल हो गए। पुलिस का कहना है कि ये शूटर्स भी हरियाणा के हो सकते हैं।

संदीप की मौत, चार घायल

वहीं, कार्यवाहक एडीजी लॉ एंड ऑर्डर वीके सिंह ने बताया कि इस गैंगवार में गैंगस्टर संदीप शेट्टी के एक साथी को भी गोली लगी है। एक गोली कोर्ट के बाहर खड़े एक वकील को भी छूकर निकल गई। घटना के बाद सभी को नागौर के जेएलएन अस्पताल ले जाया गया, जहां संदीप सेठी की मौत हो गई। वहीं संदीप के साथी को पुलिस ने डिटेन कर अस्पताल पहुंचाया। घटना की सूचना मिलने पर एसपी राममूर्ति जोशी, एएसपी राजेश मीणा सहित पुलिस के अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे। आरोपियों की तलाश जारी है।

ये घटना जंगलराज का सबूत: बेनीवाल

सांसद हनुमान बेनीवाल ने कहा कि न्यायालय परिसर में सरेआम फायरिंग करके एक व्यक्ति की हत्या कर देने की घटना दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि जिला पुलिस अधीक्षक का आवास इस न्यायालय परिसर से महज 50 मीटर और कलेक्टर, एसपी का कार्यालय महज 100 मीटर दूर है। ऐसे में इस पूरे मामले में पुलिस और प्रशासन की जिम्मेदारी तय की जाए। उन्होंने कहा कि नागौर सहित प्रदेश में बढ़ता अपराध चिंता का विषय है। प्रदेश की कानून व्यवस्था वेंटिलेटर पर है और इस प्रकार की घटनाएं राजस्थान में जंगलराज होने का प्रमाण है। जिले में खनन माफिया सक्रिय है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.