आतंकी फंडिंग और ट्रेनिंग केम्प पर एनआईए की देशभर में बड़ी कार्रवाई, पीएफआई के ठिकानों पर छापेमारी में अभी तक 106 गिरफ्तार, कई हिरासत में, जयपुर, कोटा व बारां में भी दबिश
एनसीआई@नई दिल्ली/जयपुर/कोटा
राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने पॉपुलर फ्रंट ऑफ इंडिया (PFI) और उससे जुड़े लिंक पर देशभर में आधी रात से छापेमारी शुरू की। इसमें ताजा सूचना के अनुसार पीएफआई और उससे जुड़े 106 लोग टेरर फंडिंग और केम्प चलाने के मामले में गिरफ्तार किए जा चुके हैं। इनमें राजस्थान के कोटा व बारां जिलों के भी एक-एक युवक बताए गए हैं।

उल्लेखनीय है कि बीते कुछ दिनों में एनआईए ने इस मामले में एक दर्जन से अधिक केस दर्ज किए थे। इनमें पीएफआई का लिंक मिला। ईडी, एनआईए और सम्बन्धित राज्यों की पुलिस 12 राज्यों में ये गिरफ्तारियां की हैं।
इन राज्यों में हुई कार्रवाई
जिन राज्यों में यह छापेमार कार्रवाई हुई है, उनमें राजस्थान, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, दिल्ली, केरल, आंध्र प्रदेश, महाराष्ट्र, तेलंगाना, कर्नाटक, तमिलनाडु आदि राज्य शामिल हैं। पीएफआई और उससे जुड़े लोगों की ट्रेनिंग गतिविधियों, टेरर फंडिंग और लोगों को संगठन से जोड़ने के मामले में यह एजेंसियों का अबतक का सबसे बड़ा एक्शन है।

दिल्ली के शाहीन बाग और गाजीपुर से पीएफआई से जुड़े लोगों की गिरफ्तारी हुई है। इसके अलावा लखनऊ के इंदिरानगर से भी दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। असम पुलिस ने भी प्रदेश से पीएफआई से जुड़े 9 लोगों को हिरासत में लिया है। एक पुलिस अधिकारी के अनुसार पुलिस और एनआईए ने संयुक्त रूप से गुवाहाटी के हाटीगांव में अभियान शुरू किया और राज्य भर में पीएफआई से जुड़े 9 लोगों को हिरासत में लिया। तमिलनाडु के मदुरै, थेनी सहित कई जिलों में भी छापेमारी की गई है। वहीं केरल और कर्नाटक के कई जिलों में जांच एजेंसियों ने कार्रवाई की है। देर रात शुरू हुए ईडी, एनआईए और राज्यों की पुलिस के संयुक्त ऑपरेशन पर केन्द्रीय गृह मंत्रालय लगातार नजर बनाए हुए हैं। हालांकि पीएफआई से जुड़े लोगों पर कार्रवाई के बाद बेंगलुरु और मंगलुरु के अलावा जयपुर में एसडीपीआई और पीएफआई कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किए हैं।

विरोधी आवाजों को दबा रही सरकार: पीएफआई
एनआईए की रेड पर पीएफआई महासचिव अब्दुल सत्तार ने कहा कि फासीवादी शासन द्वारा विरोध की आवाजों को दबाने के लिए एजेंसियों का इस्तेमाल किया जा रहा है। शासन द्वारा किए जा रहे अत्याचारों का ताजा उदाहरण आधी रात को देखने में मिला, जब केन्द्रीय एजेंसियों एनआईए और ईडी ने लोकप्रिय नेताओं के घरों में छापेमारी करना है। राष्ट्रीय, राज्य और स्थानीय स्तर के नेताओं के घर छापेमारी की जा रही है। राज्य समिति कार्यालय पर भी छापेमारी की जा रही है। फासीवादी शासन द्वारा विरोध की आवाजों को शांत करने के लिए एजेंसियों का इस्तेमाल करने के कदमों का कड़ा विरोध करें।
18 सितम्बर को हुई थी 23 जगहों पर रेड
इससे पहले 18 सितम्बर को एनआईए ने आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में 23 जगहों पर रेड मारी थी। ये छापेमारी भी कराटे प्रशिक्षण केन्द्र के नाम पर प्रतिबंधित संगठन पॉपुलर फ्रंट ऑफ इंडिया (PFI) का ट्रेनिंग केम्प चलाए जाने के मामले में की गई थी। एनआईए ने निजामाबाद, कुरनूल, गुंटूर और नेल्लोर जिले में रेड की थी। सूत्रों के अनुसार एनआईए ने उन्हीं स्थानों पर रेड की, जहां से आतंकी गतिविधियों के संचालन की जानकारी मिली थी।
दंगों के लिए तैयार कर रहा था कराटे टीचर
एनआईए ने कराटे टीचर अब्दुल कादिर पर शिकंजा कस दिया है। सूत्रों के मुताबिक अब्दुल कादिर और पीएफआई पर आरोप है कि कराटे सिखाने की आड़ में मुस्लिम युवकों को दंगे की साजिश के लिए तैयार कर रहे थे। गिरफ्तार लोगों के पास से हथियार भी बरामद हुए हैं। इन हथियारों का इस्तेमाल ट्रेनिंग में किया जा रहा था। पकड़े गए लोगों से अधिकारी कराटे की ट्रेनिंग और अवैधानिक गतिविधियों के सम्बन्ध में पूछताछ कर रहे थे।
जयपुर में पीएफआई के ऑफिस पहुंची टीम, कोटा और बारां में भी दबिश, बारां से एसडीपीआई का जिला सचिव सादिक हुसैन हिरासत में
एनआईए ने राजस्थान में बड़ी कार्रवाई करते हुए बुधवार आधी रात को जयपुर, कोटा और बारां में ताबड़तोड़ छापे मारे। एनआईए जयपुर में जहां पीएफआई (PFI) के दफ्तर पहुंची, वहीं बारां में एसडीपीआई (SDIP) के जिला सचिव सादिक हुसैन को हिरासत में लेकर अपने साथ ले गई। कोटा के सांगोद कस्बे से भी कुछ लोगों को हिरासत में लिए जाने की सूचना है। एनआईए ने जहां-जहां कार्रवाई की वहां हथियारबंद कमांडो तैनात रहे।
राजधानी जयपुर में एनआईए की टीम ने मोतीडूंगरी रोड पर कुछ ठिकानों पर दबिश दी। यहां छापामारी की कार्रवाई रात करीब 2 बजे शुरू की गई थी, जो सुबह करीब 8 बजे तक चली। इस दौरान वहां स्थानीय पुलिस का जाब्ता तैनात रहा और लोगों की आवाजाही रोक दी गई। एनआईए की टीम ने कोचिंग सिटी कोटा के विज्ञान नगर इलाके सहित सांगोद कस्बे में कार्रवाई की। कुछ लोगों को हिरासत में लिए जाने की सूचना है।
