बूंदी: प्रॉपर्टी व्यवसाई की हत्या की सुपारी के मामले में 6 महीने से फरार आरोपी गिरफ्तार, दो आरोपी पहले से ही पुलिस की गिरफ्त में
एनसीआई@बूंदी
सदर थाना पुलिस ने प्रॉपर्टी व्यवसायी की हत्या की सुपारी देने के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। यह आरोपी करीब 6 महीने से फरार चल रहा था। इस मामले में पुलिस 2 आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है।
सदर थानाधिकारी अरविन्द भारद्वाज ने बताया कि 5 मार्च को व्यवसायी रामदेव गुर्जर पुत्र सूरजमल गुर्जर, निवासी गेट नम्बर 1, रजत गृह कॉलोनी बूंदी ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसके मोबाइल पर फोन कर अज्ञात व्यक्ति ने घर आकर जान से मार देने की धमकी दी है। इस पर सदर थाना पुलिस ने मामले को गम्भीरता से लेते हुए व्यवसायी के घर के पास निगरानी रखी। इसी दौरान दो संदिग्ध बदमाश व्यवसायी के मकान पर आए। पुलिस ने इन दोनों आरोपियों राहुल खंगार और विजय तम्बोली को गिरफ्तार कर लिया। इनके कब्जे से एक देशी पिस्टल, 2 जिन्दा कारतूस और एक धारदार लोहे का चाकू बरामद कर आर्म्स एक्ट में रिपोर्ट दर्ज की। वहीं अब इस मामले में आरोपी देवलाल गुर्जर (44) पुत्र रामकिशन गुर्जर निवासी देवपुरा बूंदी को पुलिस टीम ने शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया है।
थानाधिकारी भारद्वाज ने बताया कि एसपी जय यादव ने गम्भीर अपराधों में लिप्त आरोपियों को पकड़ने का अभियान चला रखा है। इसी के तहत यह कार्रवाई की गई है। डीएसपी हेमंत नोगिया के सुपरविजन में बनाई टीम को यह सफलता मिली है। उन्होंने यह भी बताया कि यह गैंग हत्या की सुपारी लेकर सुपारी किलर की तरह वारदात को अंजाम देती है। सुपारी देने वाला आरोपी देव लाल गुर्जर उस समय ही फरार हो गया था, उसे अब गिरफ्तार करने में सफलता मिली है। इस कार्रवाई में शामिल पुलिस टीम में निरीक्षक ज्ञानेन्द्र सिंह, कांस्टेबल मायाराम व लईक मोहम्मद शामिल रहे।
