बूंदी शहर में करीब 250 किलो मावा नष्ट और 500 किलो मिल्क केक सीज किया
एनसीआई@बूंदी
राज्य सरकार के निर्देशानुसार आमजन को त्योहारी सीजन में गुणवत्तायुक्त खाद्य पदार्थों की उपलब्धता के लिए जिले में ‘शुद्ध के लिए युद्ध’ अभियान जारी है। सोमवार को जिला कलक्टर डॉ. रविन्द्र गोस्वामी के निर्देशन में मिलावटखारों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए जांच टीम ने बूंदी शहर के विभिन्न स्थानों पर करीब 250 किलो मावा मौके पर ही नष्ट किया। साथ ही 500 किलो मिल्क केक सीज किया गया।

जिला कलक्टर ने कहा कि राज्य सरकार की मंशानुरूप ‘शुद्ध के लिए युद्ध’ अभियान के तहत बडी कार्रवाई की गई है। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग अभियान में जुटे हुए हैं। उन्होंने आमजन से अपील की है कि नकली मावे नकली पनीर या कोई भी घटिया खाद्य सामग्री की सूचना 181 पर दें। सूचना सही पाए जाने पर सूचना देने वाले को इनाम का भी प्रावधान है।
शिकायतकर्ता की इच्छानुसार उसका नाम भी गोपनीय रखा जाएगा। उन्होंने कहा अभियान के तहत कार्रवाई आगे भी प्रभावी तरीके से जारी रखी जाएगी। ‘शुद्ध के लिए युद्ध’ अभियान के तहत बूंदी में सिलोर रोड़ स्थित श्रीदेव मावा बॉयलर भंडार, नैनवां रोड़ स्थित देवनारायण मावा बॉयलर भंडार पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. ओपी सामर व उपखंड अधिकारी हेमराज परिडवाल के निर्देशानुसार कार्रवाई की गई। दोनों बॉयलरों से मावा, मीठा मावा, पनीर आदि के सेम्पल लिए गए। साथ ही साफ-सफाई रखने तथा त्योहारी सीजन में आमजन को शुद्ध खाद्य सामग्री विक्रय के निर्देश दिए गए।
अभियान के तहत शहर के आजाद पार्क स्थित सुनील अग्रवाल मावा भण्डार एवं रामेश्वर गर्ग मावा भंडार पर कार्रवाई की गई। जिनके गोसिया मस्जिद के निकट स्थित तथा नगर परिषद की गली में स्थित भंडार से मावा, मिल्क केक, सोहन पापड़ी आदि का निरीक्षण किया। दोनों भंडारों से लगभग 250 किलो मावा नष्ट करवाया गया। साथ ही 500 किलो मिल्क केक सीज किया गया।
इन पर किसी प्रकार कि तिथि, एमएफजी और एक्सपायरी तिथि अंकित नहीं थी और न ही शीत भंडार में खाद्य सामग्री रखी मिली। विक्रय का भी कोई अंकन नहीं मिला। इसके अलावा देखने, सूंघने, चखने पर खराब क्वालिटी मिली। इसलिए इन्हें मौके पर ही नष्ट करवाया गया, वहीं मिल्क केक व मावा का सेम्पल लिया गया।
इस कार्रवाई के दौरान सीएमएचओ डॉ.ओपी सामर, तहसीलदार इन्द्र कुमार, खाद्य सुरक्षा अधिकारी संजय सिंह व मौजी लाल कुम्भकार तथा टीम मौजूद रही।
