एटीएम बूथ में बिजनेस वूमेन से पिस्टल के दम पर एक लाख की लूट
एनसीआई@जयपुर
वैशाली नगर थाना क्षेत्र के एक एटीएम बूथ में घुसकर बिजनेस वूमेन से लूट का मामला सामने आया है। बूथ में घुसे बदमाश ने इस महिला पर पिस्टल तान दी। जान से मारने की धमकी देकर एटीएम से निकाले 1 लाख रुपए लूट कर ले गया।
वैशाली नगर थाना पुलिस ने सूचना पर नाकाबंदी करवाई, लेकिन लुटेरे का कोई सुराग नहीं लगा। पुलिस एटीएम बूथ में लगे सीसीटीवी फुटेजों को खंगालने के साथ ही बदमाश की तलाश कर रही है।
पुलिस ने यह दी जानकारी
एसएचओ शिवनारायण ने बताया कि लूट की वारदात नारायणपुरी खातीपुरा निवासी निखत परवीन (32) के साथ हुई है। निखत परवीन का साड़ी का बिजनेस है। उन्होंने रिपोर्ट में बताया कि 27 जनवरी की रात करीब 9.45 बजे वह देवर फरहान के साथ वैशाली गई थी। खातीपुरा मोड़ पर स्थित एचडीएफसी बैंक के एटीएम से पर्सनल काम के लिए रुपए निकालने के लिए रुके। एटीएम बूथ में घुसकर मशीन से ऐक लाख रुपए निकाले।
आरोपी की पहचान की मशक्कत
इसी दौरान एक लड़का तेजी से एटीएम बूथ का गेट खोलकर अंदर घुस आया। उसने पिस्टल निकालकर निखत परवीन पर तान दी और जान से मारने की धमकी देकर रुपए मांगे। इस पर निखत ने मजबूर होकर उसे यह पैसे सौंप दिए। वैशाली नगर थाने में अगले दिन उन्होंने घटनाक्रम बताते हुए मामला दर्ज करवाया। पुलिस ने शिकायत पर एफआईआर दर्ज कर ली है। पुलिस एटीएम बूथ और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेजों को खंगाल रही है।
