April 20, 2026

News Chakra India

Never Compromise

टेक्स स्लेब में बड़ा बदलाव, टीवी-मोबाइल फोन और इलेक्ट्रिक वाहन होंगे सस्ते, सभी वर्गों को साधने की कोशिश

टेक्स स्लेब में बड़ा बदलाव, टीवी-मोबाइल फोन और इलेक्ट्रिक वाहन होंगे सस्ते, सभी वर्गों को साधने की कोशिश

एनसीआई@नई दिल्ली

केन्द्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने आज बुधवार को संसद में केन्द्रीय बजट 2023-24 पेश किया। इस बजट में महिलाओं, युवाओं और वरिष्ठ नागरिकों के लिए कई ऐलान किए गए हैं। इस बार सबसे बड़ी बात यह रही कि नौ साल बाद टेक्स स्लेब में बदलाव की घोषणा की गई है, वह भी काफी बड़े। इसके अलावा भी इसमें तकरीबन सभी वर्गों को राहत देने की कोशिश की गई है।

Related News:-

नए टेक्स स्लेब पर कन्फ्यूजन, ऐसे होगी 7 लाख तक की सेलरी टेक्स फ्री

यह मोदी सरकार के दूसरे कार्यकाल का आखिरी पूर्ण बजट था। इसमें अब सात लाख से कम सालाना आय पर कोई टेक्स देना नहीं होगा। पहले यह सीमा 5 लाख रुपए थी।

यह रहेगा नया टेक्स स्लेब

पुरानी टेक्स रिजीम में अब तीन लाख तक की आय पर कोई टेक्स नहीं लगेगा। वहीं 3-6 लाख तक सालाना आय वालों को 5 फीसदी, 6-9 लाख रुपए तक की सालाना आय पर 10 प्रतिशत का टेक्स लगेगा।

वहीं नई टेक्स रिजीम चुनने वालों में अब सात लाख रुपए से कम सालाना आय वालों पर कोई टेक्स नहीं लगेगा। यह नई टेक्स रिजीम वालों को 9-12 लाख रुपए सालाना आय पर 15 प्रतिशत का टेक्स देना पड़ेगा। माना जा रहा है कि 15.5 लाख रुपए तक की आय वालों को 52 हजार रुपए का फायदा होगा। 12-15 लाख रुपए सालाना आय वालों पर 20 प्रतिशत की दर से टेक्स लगेगा। वहीं 15 लाख से ऊपर सालाना आय वालों को 30 प्रतिशत टेक्स देना होगा।

माइक्रो उद्योग को कर में छूट

केन्द्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा कि तीन करोड़ रुपए के टर्नओवर वाले माइक्रो उद्योग को कर में छूट दी जाएगी।

सिगरेट महंगी होगी

केन्द्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा कि  सिगरेट पर आकस्मिकता शुल्क को 16 फीसदी बढ़ाया जाएगा। इसका मतलब यह हुआ कि सिगरेट महंगी हो जाएगी।

वरिष्ठ नागरिकों के लिए ऐलान

केन्द्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा कि  वरिष्ठ नागरिक खाता स्कीम की सीमा 4.5 लाख से 9 लाख रुपए की जाएगी।

मोबाइल और टीवी के दाम सस्ते होंगे

केन्द्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा कि मोबाइल और टीवी के दाम सस्ते होंगे।

युवाओं के लिए बड़े ऐलान

•केन्द्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा कि प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना 4.O की शुरूआत की जाएगी युवाओं को अंतरराष्ट्रीय अवसरों के लिए कुशल बनाने के लिए विभिन्न राज्यों में 30 स्किल इंडिया इंटरनेशनल सेंटर स्थापित किए जाएंगे।

•740 एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालयों के लिए अगले 3 वर्षों में 38,000 शिक्षकों और सहायक कर्मचारियों की भर्ती की जाएगी।

•तीन वर्षों में 47 लाख युवाओं को सहायता प्रदान करने के लिए, एक अखिल भारतीय राष्ट्रीय शिक्षुता योजना के तहत प्रत्यक्ष लाभ हस्तांतरण शुरू किया जाएगा।

महिला सम्मान बचत पत्र योजना की शुरुआत

केन्द्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा कि महिला सम्मान बचत पत्र योजना शुरू होगी। इसमें महिलाओं को 2 लाख रुपए की बचत पर 7.5% का ब्याज़ मिलेगा।

वैकल्पिक उर्वरकों को बढ़ावा देने के लिए पीएम प्रणाम योजना की शुरुआत 

प्राकृतिक खेती के उद्देश्य से वैकल्पिक उर्वरकों को बढ़ावा देने के लिए पीएम प्रणाम योजना की शुरुआत की जाएगी। गोबरधन स्कीम के तहत 500 नए संयंत्रों की स्थापना की जाएगी।

व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के लिए पैन को लेकर यह घोषणा

केन्द्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा कि आवश्यक व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के लिए स्थायी खाता संख्या रखने के लिए पैन का उपयोग निर्दिष्ट सरकारी एजेंसियों के सभी डिजिटल सिस्टम के लिए एक सामान्य पहचानकर्ता के रूप में किया जाएगा।

ऊर्जा सुरक्षा के क्षेत्र में 35 हजार करोड़ रुपए का निवेश

केन्द्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा कि ऊर्जा सुरक्षा के क्षेत्र में 35 हजार करोड़ रुपए का निवेश किया जाएगा। नवीकरणीय ऊर्जा क्षेत्र में 20,700 करोड़ रुपए का निवेश किया जाएगा।

पीएम आवास योजना में फंड बढ़ाया

केन्द्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा कि  पीएम आवास योजना के परिव्यय को 66% बढ़ाकर 79,000 करोड़ किया जा रहा है।

आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के लिए तीन उत्कृष्ट संस्थानों की स्थापना

केन्द्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा कि भारत में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के लिए तीन उत्कृष्ट संस्थानों की स्थापना की जाएगी। ये तीन अलग-अलग प्रमुख संस्थानों में स्थापित होंगे। कृषि, स्वास्थ्य और शहरी विकास के लिए यहां आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस पर काम होगा।

राजकोषीय घाटा सकल घरेलू उत्पाद का 5.9% रहने का अनुमान

केन्द्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा कि 2022-2023 के लिए संशोधित राजकोषीय घाटा सकल घरेलू उत्पाद का 6.4% है। 2023-2024 के लिए राजकोषीय घाटा सकल घरेलू उत्पाद का 5.9% रहने का अनुमान है।

रेलवे को अब तक का सबसे बड़ा आवंटन

केन्द्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण  ने कहा कि बजट में रेलवे के लिए 2.40 लाख करोड़ रुपए के पूंजीगत परिव्यय का प्रावधान किया गया है।  यह अब तक का सबसे बड़ा आवंटन है। यह 2013-14 में दिए गए आवंटन से नौ गुना ज्यादा है। खाद्यान्न और बंदरगाहों को जोड़ने पर विशेष ध्यान दिया गया है। 50 अतिरिक्त एयरपोर्ट, हेलिपेड, वाटर एयरोड्रोम का नवीनीकरण किया जाएगा, ताकि क्षेत्रीय कनेक्टिविटी को बढ़ावा दिया जा सकता है।

जनजातीय समूहों के लिए PMPBTG विकास मिशन शुरू

वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा कि विशेष रूप से जनजातीय समूहों की सामाजिक-आर्थिक स्थिति में सुधार के लिए PMPBTG विकास मिशन शुरू किया जाएगा, ताकि PBTG बस्तियों को मूलभूत सुविधाएं दी जा सके। अगले 3 साल में योजना को लागू करने के लिए 15,000 करोड़ उपलब्ध कराए जाएंगे।

157 नए नर्सिंग कॉलेज स्थापित किए जाएंगे

केन्द्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा कि 2014 से स्थापित मौजूदा 157 मेडिकल कॉलेजों के साथ सहस्थान में 157 नए नर्सिंग कॉलेज स्थापित किए जाएंगे।

आदिवासी छात्रों के लिए बड़ा ऐलान

केन्द्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा कि अगले तीन वर्षों में, सरकार आदिवासी छात्रों को समर्थन देने वाले 740 एकलव्य मॉडल स्कूलों के लिए 38,800 शिक्षकों और सहायक कर्मचारियों को नियुक्त करेगी।

एक लाख प्राचीन पुरालेखों का डिजिटलीकरण किया जाएगा

केन्द्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा कि एक लाख प्राचीन पुरालेखों का डिजिटलीकरण किया जाएगा।

वित्त मंत्री सीतारमण ने बजट की 7 प्राथमिकताओं के बारे में बताया

अपने बजट भाषण की शुरुआत में केन्द्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा कि इस बजट की 7 प्राथमिकताएं, जिसे उन्होंने सप्त ऋषि मंडल कहा, समावेशी विकास, अंतिम छोर तक पहुंचना, बुनियादी ढांचा और निवेश, क्षमता को उजागर करना, हरी वृद्धि, युवा शक्ति और वित्तीय क्षेत्र हैं।

कृषि त्वरक कोष की स्थापना

केन्द्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा कि युवा उद्यमियों के कृषि-स्टार्टअप को प्रोत्साहित करने के लिए ‘कृषि त्वरक कोष’ की स्थापना की जाएगी।

कृषि ऋण लक्ष्य बढ़ाकर 20 लाख करोड़

केन्द्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा कि पशुपालन, डेयरी और मत्स्य पालन पर ध्यान देते हुए कृषि ऋण लक्ष्य को बढ़ाकर 20 लाख करोड़ रुपए किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कृषि से जुड़े स्टार्ट अप में युवाओं को प्राथमिकता दी जाएगी।

हमारा आर्थिक एजेंडा नागरिकों के लिए अवसरों को सुविधाजनक बनाना

केन्द्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा कि, हमारा आर्थिक एजेंडा नागरिकों के लिए अवसरों को सुविधाजनक बनाने, विकास और रोजगार सृजन को तेज़ गति प्रदान करने और व्यापक आर्थिक स्थिरता को मज़बूत करने पर केन्द्रित है।

वित्त मंत्री के भाषण के दौरान भारत जोड़ो के नारे भी लगे

केन्द्रीय वित्त मंत्री के भाषण के दौरान भारत जोड़ो के नारे भी लगे। हालांकि, वित्त मंत्री ने इस दौरान अपना भाषण जारी रखा।

जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और पूर्वोत्तर के विकास पर जोर

केन्द्रीय वित्त मंत्री ने कहा कि जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और पूर्वोत्तर के विकास पर जोर रहेगा। नीतियों में वंचितों को वरीयता दी जाएगी।

प्रति व्यक्ति आय दोगुनी से अधिक बढ़कर 1.97 लाख रुपए हुई

केन्द्रीय वित्त मंत्री ने कहा कि 2014 से सरकार के प्रयासों ने सभी नागरिकों के जीवन की बेहतर गुणवत्ता और गरिमापूर्ण जीवन सुनिश्चित किया है। प्रति व्यक्ति आय दोगुनी से अधिक बढ़कर 1.97 लाख रुपए हो गई है। इन 9 वर्षों में, भारतीय अर्थव्यवस्था दुनिया में 5वीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था के रूप में उभरी है।

प्रधानमंत्री विश्वकर्मा कौशल सम्मान की शुरुआत

केन्द्रीय वित्त मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री विश्वकर्मा कौशल सम्मान योजना शुरू की गई है। सदियों तक शिल्पकारों ने अपने हाथों से चीजें रचकर भारत को  प्रसिद्धि दिलाई है। वो जो बनाते हैं, उसमें आत्मनिर्भर भारत की सच्ची आत्मा है। इस नई योजना के जरिए उनकी बनाई चीजों की गुणवत्ता में सुधार आएगा और बाजार तक उनकी पहुंच बढ़ेगी। उन्हें स्किल ट्रेनिंग दी जाएगी, ब्रांड प्रमोशन हो सकेगा। इससे बड़े पैमाने पर महिलाओं, अन्य पिछड़ा वर्ग को फायदा मिलेगा।हम हरित ईंधन, हरित ऊर्जा, हरित खेती जैसी कई योजनाएं चला रहे हैं। इन हरित प्रयासों से कार्बन उत्सर्जन कम करने में मदद मिली है और ग्रीन जॉब के मौके बढ़ रहे हैं।

यह अमृत काल का पहला बजट

केन्द्रीय मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा कि यह अमृत काल का पहला बजट है। उम्मीद है कि इससे पिछले बजट के दौरान रखी गई नींव को मजबूत करने में मदद मिलेगी। हम ऐसे समग्र और खुशहाल भारत का दृष्टिकोण रखते हैं, जिसमें विकास का फायदा सभी वर्गों तक पहुंचे।

मुफ्त अनाज योजना एक साल और बढ़ाई

केन्द्रीय वित्त मंत्री सीतारमण ने कहा कि कोरोना महामारी के दौरान हमने यह सुनिश्चित किया कि किसी का पेट खाली न रहे। 28 महीनों तक 80 करोड़ लोगों को मुफ्त अनाज दिया गया। दो लाख करोड़ रुपए खर्च कर अगले एक साल में हम जरूरतमंद परिवारों को मुफ्त खाद्यान्न देंगे। 2014 के बाद से हमारे प्रयासों की वजह से लोगों का जीवन बेहतर हुआ है।

भारतीय अर्थव्यवस्था एक चमकता सितारा

केन्द्रीय वित्त मंत्री सीतारमण ने कहा कि भारतीय अर्थव्यवस्था एक चमकता सितारा है। सही रास्ते पर है देश की अर्थव्यवस्था। दुनिया में सुस्ती के बाद भी भारत का विकास दर 7 फीसदी है।

केन्द्रीय वित्त मंत्री सीतारमण के बजट भाषण की शुरुआत 10.57 बजे हुई। इसके पहले केन्द्रीय बजट 2023 की प्रतियां संसद में पहुंचीं। यहां केन्द्रीय मंत्री सीतारमण केन्द्रीय मंत्रिमंडल की बैठक में भाग लेकर पहुंचीं।‌ केन्द्रीय मंत्रिमंडल की बैठक में बजट को औपचारिक स्वीकृति दी गई। इससे पहले सीतारमण राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के पास पहुंची थीं। जहां राष्ट्रपति ने भी इसे औपचारिक स्वीकृति दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.