April 20, 2026

News Chakra India

Never Compromise

छोटे भाई की मौत का गम नहीं सह सका बड़ा भाई, हार्ट अटेक से हो गई मौत

छोटे भाई की मौत का गम नहीं सह सका बड़ा भाई, हार्ट अटेक से हो गई मौत

एनसीआई@सीकर।

जिले के रामगढ़ शेखावाटी कस्बे में एक बड़ा अजीब वाकया सामने आया है। पहले हार्ट अटेक से छोटे भाई की मौत हुई। छोटे भाई की मौत से सदमे में आए बड़े भाई को भी दिल का दौरा पड़ गया और उन्होंने भी दुनिया को अलविदा कह दिया।

हुआ यह कि रामगढ़ के शहर काजी का शनिवार शाम हार्ट अटेक से निधन हो गया। शहर काजी के निधन की बात सुनकर उनके सगे बड़े भाई को गहरा सदमा लगा। वे तत्काल भाई के घर पहुंचे। वहां छोटे भाई के शव को देखकर रोने लगे। उसी दौरान उन्हें भी दिल का दौरा पड़ गया। इस पर परिजन उन्हें दवा दिलाने के लिए तुरंत घर ले गए, लेकिन वहां पहुंचते ही बड़े भाई का भी इंतकाल हो गया। अचानक दोनों भाइयों के निधन की खबर से कस्बे के मुस्लिम समाज में शोक की लहर छा गई।

शहर काजी नियाज अहमद (65) रामगढ़ के वार्ड नम्बर 13 में नटवरजी के मंदिर मोहल्ले में रहते थे। उन्हें शनिवार शाम करीब पांच बजे अचानक घर पर ही हार्ट अटेक आ गया। इससे नियाज अहमद का इंतकाल हो गया। इस बात की जानकारी उनके बड़े भाई जमील अहमद (70) को दी गई। जमील अहमद भी रामगढ़ के वार्ड नम्बर 10 में स्थित आथुणा मोहल्ला में रहते थे।

घर पहुंचे और बोलना कर दिया बंद

जब उन्हें दवा देने के लिए परिवार के लोग घर लेकर पहुंचे तो वहां पहुंचने के बाद जमील अहमद ने बोलना बंद कर दिया। इस पर घबराए हुए उनके परिजन जिया उल हक ने अपने भाइयों को सूचना देकर बुलाया। परिजनों ने आकर जमील अहमद को सम्भाला। मगर तब तक उनका भी इंतकाल हो चुका था। यह खबर सुनते ही इनके परिवार में भी कोहराम मच गया। वहीं कस्बे के लोगों में यह घटना चर्चा का विषय बन गई।

दोनों भाइयों में गहरा प्यार था

परिजनों के अनुसार दोनों भाइयों में गहरा प्यार था। दोनों एक दूसरे की बेहद इज्जत करते थे। छोटे-छोटे कामों में भी दोनों भाई साथ रहते थे। दोनों के बेटे उस समय बाहर थे। आज रविवार को दोपहर बाद उनके आने के बाद इन भाइयों को दफनाए जाने का तय किया गया। शहर काजी नियाज अहमद के तीन पुत्र में से एक बेटा अपने ससुराल गया हुआ था। वहीं जमील अहमद का बेटा दुबई रहता है। वहां से उसे बुलाने का प्रयास किया जा रहा था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.