April 20, 2026

News Chakra India

Never Compromise

गांव की इस बेटी ने 34 सेकंड में की ऐसी बल्लेबाजी कि सोशल मीडिया पर छा गई, मचा दिया धमाल

गांव की इस बेटी ने 34 सेकंड में की ऐसी बल्लेबाजी कि सोशल मीडिया पर छा गई, मचा दिया धमाल

एनसीआई@बाड़मेर

राजस्थान के इस सीमावर्ती जिले बाड़मेर में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। वह चाहे शिक्षा का क्षेत्र हो या खेलों का। ऐसे ही एक ताजा मामले में बाड़मेर की एक बेटी ने अपने हुनर का लोहा मनवा लिया है। उसका एक वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। इसमें वह शानदार क्रिकेट का प्रदर्शन करते नजर आ रही है। महज 14 साल की ये लड़की हर एक बॉल को भारतीय क्रिकेट टीम के तेज तर्रार बल्लेबाज शुभमन गिल की तरह खेलती नजर आ रही है। उसने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर जब यह वीडियो पोस्ट किया तो वह जमकर वायरल हो गया.

वीडियो में प्रत्येक बॉल पर शॉट लगाती नजर आ रही यह बेटी बाड़मेर जिले के शिव उपखंड क्षेत्र के कानासर गांव की निवासी है। क्रिकेट की शौकीन इस लड़की का नाम मूमल मेहर है, जो गांव के सरकारी स्कूल में कक्षा 8 की छात्रा है। वह प्रतिदिन स्कूल से लौटने के बाद गांव के बच्चों के साथ क्रिकेट खेला करती है, जिसका वीडियो वह सोशल मीडिया पर भी शेयर करती है। अब इन्हीं वीडियो के चलते मूमल सुर्खियों में आ गई है।

इंस्टाग्राम पर करीब 60 लाख लोगों ने देखा वीडियो

मूमल ने जब अपने क्रिकेट खेलने का वीडियो इंस्टाग्राम पर पोस्ट किया तो यह वीडियो देशभर में वायरल हो गया,। 31 जनवरी को पोस्ट किए इस वीडियो को अब तक करीब 60 लाख लोग देख चुके हैं। इसके अलावा भी कई वीडियो इंस्टाग्राम पर पोस्ट किए गए हैं।

 पिता हैं किसान, अच्छे नहीं घर के हालात

मूमल मेहर के पिता मठार खान पेशे से किसान हैं। यह खेती कर अपना गुजर बसर चलाते हैं। मूमल की बड़ी बहन अनीसा अंडर 19 क्रिकेट में सलेक्ट होकर खेल चुकी है। मूमल में क्रिकेट के प्रति गजब का जुनून है। स्कूल से लौटकर वह घरेलू काम में मां का हाथ बंटाती है और मवेशियों को चराने जाती है। इसके साथ ही जब भी वक्त मिलता है तो क्रिकेट जरूर खेलती है।

घर की हालत काफी खराब है। खेलने के लिए जूते भी नहीं। मकान पक्का तो है, लेकिन अधूरा बना हुआ है। परिवार की इतनी कमाई भी नहीं है कि बेटी को क्रिकेट की सही ट्रेनिंग दिलवा सके। फिलहाल स्कूल के ही टीचर रोशन खान मूमल के कोच है। जो उसे क्रिकेट की बारीकियों के बारे में बताते हैं। रोज तीन से चार घंटे प्रेक्टिस कराते हैं। मूमल को घर के कामों में भी हाथ बंटाना पड़ता है। बकरियां चरानी पड़ती है। मां का हाथ भी बंटाना पड़ता है।

ग्रामीण ओलम्पिक में भी खेल चुकी मूमल

राजस्थान में पिछले साल हुए ग्रामीण ओलंपिक में भी मूमल अपनी बहन अनीसा के साथ पहले ग्राम पंचायत स्तर पर और फिर ब्लॉक स्तर पर खेल चुकी है, लेकिन ब्लॉक स्तर पर मूमल की टीम हार गई थी। हालांकि, अपनी बेटिंग और बॉलिंग से मूमल ने लोगों को काफी प्रभावित किया था। अब जब मूमल का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ तो हर कोई उसकी तारीफ करता नजर आ रहा है।

सूर्यकुमार की है फैन

मूमल ने कहा- मैं 9 साल की थी, तब मैं अनीसा के साथ क्रिकेट खेलती थी। जब अनीसा का अंडर 19 राजस्थान टीम में चयन हुआ तो मेरी रूचि बढ़ गई। सूर्यकुमार को बेटिंग करते देखा तो गांव के बच्चों के साथ-साथ बेट- बॉल लेकर उसी तरह खेलने की प्रेक्टिस करती हूं। छोटी-मोटी चोट लगी थी, लेकिन मेरे जुनून के आगे वो चोट बिल्कुल छोटी थी।

कोच रोशन खान का यह है कहना

मूमल के स्कूल में टीचर और कोच रोशन खान ने बताया- मूमल के खेल का वीडियो सोशल मीडिया पर धूम मचा रहा है। इस वीडियो को हर कोई सोशल साइट्स पर पोस्ट कर रहा है। अब हो सकता है कि मूमल को आगे किसी प्लेटफॉर्म पर जगह भी मिल जाए। सरकार से यह उम्मीद है कि 14 साल की उम्र में अच्छा खेल रही है। उसे आगे खेलने का मौका देना चाहिए। घर की स्थिति इतनी अच्छी नहीं है। थोड़ा सपोर्ट मिल जाएगा तो इंडिया तक खेल लेगी। गांव के साथ पूरे देश का नाम रोशन करेगी।

कोच ने बताया- मूमल सुबह 8 से 9 बजे तक और शाम 4 से 6 बजे तक क्रिकेट प्रेक्टिस करती है। ग्रामीण ओलम्पिक में मूमल का अच्छा प्रदर्शन रहा था। सेमीफाइनल मैच में 25 रन बनाकर नाबाद रही थी। चार मैच में 7 विकेट भी लिए थे। दो कैच पकड़े थे। फिल्डिंग से बहुत सारे रन भी बचाए। फाइनल मैच में हम बायतु से हार गए थे।

चचेरी बहन खेल चुकी अंडर 19 ट्रॉफी

उल्लेखनीय है कि मूमल की चचेरी बहन अनीसा का चैलेंजर क्रिकेट ट्रॉफी अंडर-19 में चयन हुआ था। 27 अगस्त को जयपुर के सवाई मान सिंह स्टेडियम में हुए ट्रायल में सलेक्शन बतौर गेंदबाज हुआ था। अनीसा समाज और जिले की पहली बेटी हैं, जो स्टेट टीम के लिए क्रिकेट खेल चुकी हैं।

मूमल के चाचा रज्जाक मेहर ने बताया- मूमल के सात बहनें और दो भाई हैं। उसके पास खेलने के लिए जूते भी नहीं है। ‌मूमल घर से तीन किलोमीटर दूर पैदल स्कूल जाती है। क्रिकेट प्रेक्टिस करती है। फिर घर आती है।

इंस्टाग्राम पर डालती है वीडियो

वहीं, मूमल का एक इंस्टाग्राम अकाउंट भी है। इस अकाउंट पर वो अपनी बेटिंग और बॉलिंग के वीडियो शेयर करती है। इन वीडियो में वे अपने स्कूल में प्रेक्टिस करती भी दिख रही है। साथ ही गेंदबाजी भी करते नजर आ रही है। उसके इस पेज पर 12 हजार से ज्यादा फॉलोअर्स हो गए हैं, जो लगातार बढ़ रहे हैं।

आखिरकार मूमल के पास पहुंचा किट

सोशल मीडिया पर मूमल के वीडियो शेयर होने के बाद आज उसके पास क्रिकेट किट पहुंच गया है। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सतीश पूनिया ने ट्वीट किया- आज बहुत खुशी हुई। चौके-छक्के मारने वाली बाड़मेर की बेटी मूमल के पास क्रिकेट किट पहुंच गया। बेटी खेला, आगे बढ़ो, खूब सारी शुभकामनाएं। पूनिया की ओर से चौहटन प्रधान रूपाराम और उनके प्रतिनिधि रणजीत चौधरी ने मूमल के गांव जाकर क्रिकेट किट भेंट किया। प्रधान ने बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष सतीश पूनिया से फोन पर बात भी करवाई। पूनिया ने मूमल से कहा- क्रिकेट पिच सहित विभिन्न संसाधनों को लेकर विधानसभा में मांग उठाऊंगा। जितनी हो सकेगी मदद की जाएगी।

मूमल बोली- खुशी का ठिकाना नहीं

मूमल का कहना है कि आज सुबह जयपुर से किट मिला है। वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर डालने वाले सभी यूजर्स को बहुत-बहुत धन्यवाद। मैं इंडिया के लिए खेलना चाहती हूं। पूनिया ने फोन पर कहा है कि ऐसे ही मेहनत करती रहो और अच्छा खेलो, देश का नाम रोशन करो। किट मिलने के बाद खुशी का ठिकाना नहीं है। ​​​​​​​

अनीसा का कहना है कि मेरी भी पूनिया से बात हुई थी। मैंने उनसे कहा कि ग्राउंड की कमी है। उन्होंने बोला की विधानसभा में इस मुद्दे को रखूंगा। आप जयपुर जब भी आएं तो मेरे से जरूर मिले।

मंत्री कैलाश चौधरी सहित कई नेताओं ने किया वीडियो शेयर

केन्द्रीय कृषि राज्य मंत्री एवं बाड़मेर-जैसलमेर के सांसद कैलाश चौधरी सहित कई बीजेपी और कांग्रेस के नेता अपने सोशल अकाउंट्स पर बाड़मेर की इस बेटी का वीडियो शेयर कर उसकी तारीफ कर रहे हैं। वहीं इस वीडियो पर कमेंट करके यूजर्स इस बेटी की तुलना भारतीय क्रिकेटर सूर्य कुमार यादव और शुभमन गिल से कर रहे हैं। एक यूजर ने लिखा ‘म्हारी छोरियां, छोरों से कम है के’। वहीं एक अन्य यूजर ने लिखा- गजब का टेलेंट, इस बिटिया को सही मार्गदर्शन और प्रशिक्षण मिल जाए तो देश की एक महान बल्लेबाज बन सकती है।

सांसद पीपी चौधरी ने भी की तारीफ

14 साल की मूमल का वीडियो जिसने भी देखा हर किसी ने उस वीडियो को अपने-अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर डाला। सांसद पीपी चौधरी ने लिखा कि जुनून हो तो धोरों में से भी हीरा निकल सकता है। बेटियां तो भी किसी हीरे से कम नहीं है। बाड़मेर के एक गांव की प्रतिभा-वाह! वहीं यूजर्स लिख रहे हैं राजस्थान की धोरों वाली धरती में उग रही सूर्यकुमार यादव, शुभमन गिल जैसी प्रतिभाएं। पहचान और जरूरी संसाधनों का इंतजार।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.