कार से भिड़ा ट्रक, ड्राइवर व एक महिला की मौत, देवरानी-जेठानी और दो ननद वृंदावन जा रही थीं दर्शन करने
एनसीआई@धौलपुर
आगरा-मुम्बई हाईवे पर स्टेयरिंग फेल होने से एक ट्रक ने डिवाइडर के दूसरी तरफ जाकर कार को टक्कर मार दी। इस हादसे में कार के ड्राइवर और एक महिला की मौत हो गई, जबकि 3 महिलाएं गम्भीर रूप से घायल हैं। पुलिस ने घायलों को धौलपुर जिला अस्पताल में भर्ती कराया। वहां से एक महिला की हालत ज्यादा गम्भीर होने पर उसे आगरा रेफर कर दिया गया।

रोंग साइड जाकर कार को मारी टक्कर
जानकारी के अनुसार मध्य प्रदेश के मुरैना की रहने वाली देवरानी-जेठानी और उनकी 2 ननद कार से वृंदावन बांके बिहारी के दर्शन करने जा रहीं थीं। इस दौरान सदर थाना क्षेत्र में स्टेयरिंग फेल होने से एक ट्रक ने डिवाइडर को पार कर रोंग साइड में मुरैना की तरफ से जा रही कार को टक्कर मार दी।
इस हादसे में कार ड्राइवर मुकेश (35) के साथ एक महिला निर्मला गुप्ता (45) पत्नी रामसेवक की मौके पर मौत हो गई। वहीं महादेवी (52) पत्नी दिनेश, सरस्वती (50) पत्नी विनोद और हीरो देवी (49) पत्नी भगवान दास को धौलपुर अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां से महादेवी की हालत गम्भीर होने से उसे आगरा रेफर कर दिया गया।
वृंदावन दर्शन करने जा रही थी महिलाएं
हादसे में मरने वाली निर्मला गुप्ता और घायल हीरो देवी मुरैना के तेल मिल कारोबारी गुप्ता परिवार की सदस्य थीं। परिवार की मुरैना में 4-5 तेल मिलें हैं। इनकी 2 ननद बांदिल परिवार की महादेवी और सरस्वती भी इनके साथ वृंदावन दर्शन करने जा रहीं थीं। बांदिल परिवार का मुरैना में ज्वेलरी का कारोबार है।

पुलिस ने कार और ट्रक को किया जब्त
सदर थाने के कॉन्स्टेबल गणेश शर्मा ने बताया कि ट्रक की स्टेयरिंग फेल होने से हादसा हुआ है। स्टेयरिंग फेल होने से ट्रक दूसरी साइड में जा रही कार से टकरा गया। उन्होंने बताया कि मृतकों के शव अस्पताल की मॉर्चरी में रखवाकर परिजनों को सूचना दी है। पुलिस ने मौके से ट्रक और कार को जब्त कर लिया है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हादसे के तुरंत बाद सदर थाने के कॉन्स्टेबल जोगेंद्र दीक्षित मौके पर पहुंच गए। इसके बाद उन्होंने थाने से कॉन्स्टेबल गणेश शर्मा को मौके पर बुला लिया। दोनों कॉन्स्टेबल ने घायलों को तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया और परिजनों को सूचना दी। परिजनों के आने पर पोस्टमॉर्टम करवाकर शव सौंप दिए।
