हाथों से चल रहा था दिव्यांग तो सीट से खड़े हो गए जिला कलक्टर और दिखाई यह दरियादिली
एनसीआई@जयपुर
जहां एक तरफ प्रशासनिक अधिकारी आम नागरिकों पर अपना रोब झाड़ते हुए दिखाई देते हैं, इसके उलट आईएएस अधिकारी प्रकाश राजपुरोहित ने दिव्यांग के प्रति जबरदस्त संवेदना दिखाई। जन सुनवाई के दौरान जयपुर जिला कलक्टर प्रकाश राजपुरोहित ने एक दिव्यांग को हाथों के बल चलते देख उसे अपनी टेबल पर बैठाया और उसकी फरियाद सुन समाधान का आश्वासन भी दिया। कलक्टर की इस दरियादिली को देख दिव्यांग भी भावुक हो गया। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
गौरतलब है कि जयपुर में 16 मार्च को जिला परिषद सभागार में हुई जन सुनवाई में जिला कलक्टर प्रकाश राजपुरोहित के पास किशनगढ़ रेनवाल के रहने वाले दिव्यांग ओमप्रकाश कुमावत फरियाद लेकर पहुंचे थे। तब दिव्यांग को देख एकबारगी कलक्टर प्रकाश राजपुरोहित कुर्सी से खड़े हो गए। फिर दिव्यांग ओमप्रकाश को अपने सामने टेबल पर बैठाया और उसे पानी पिलाकर तसल्ली से उसकी फरियाद सुनी।
दिव्यांग ओमप्रकाश कुमावत ने कलक्टर को बताया कि हम दो भाई दिव्यांग होने के कारण जमीन पर घिसट-घिसट कर चलते हैं। इस दौरान बाकी समय तो हम जैसे-तैसे निकाल लेते हैं, लेकिन बारिश का समय हमारे लिए बहुत ही कष्टमय हो जाता है, क्योंकि हमारे घर के सामने की सड़क ऊंची बनी हुई होने के कारण बारिश का पानी घर में भर जाता है। इसलिए उनके घर के सामने की सड़क को 2-3 फीट खोदकर बनाया जाए, जिससे उनके घर का पानी बाहर निकल सके।
दिव्यांग ओमप्रकाश यही फरियाद लेकर पचकोड़िया में सूबे के मुखिया मुख्यमंत्री अशोक गहलोत से भी मिल चुके हैं। सीएम ने उनकी परेशानी सुनी और आधिकारियो को आदेश दिया, लेकिन मुख्यमंत्री के कहने पर भी उनकी समस्या का समाधान नहीं हुआ है। ऐसे में वह कलक्टर प्रकाश राजपुरोहित के पास फरियाद लेकर पहुंचे। कलक्टर ने जल्द ही समस्या का निस्तारण करने का भरोसा दिलाया है।
