April 20, 2026

News Chakra India

Never Compromise

दिनदहाड़े स्कूल लेक्चरर की चाकू से गोदकर हत्या, सड़क पर लहूलुहान पड़े मिले

दिनदहाड़े स्कूल लेक्चरर की चाकू से गोदकर हत्या, सड़क पर लहूलुहान पड़े मिले

एनसीआई@झालावाड़

जिले के झालरापाटन इलाके में मंगलवार दोपहर‌ करीब एक बजे घर लौट रहे सरकारी स्कूल के लेक्चरर की चाकू से गोद कर नृशंस हत्या कर दी गई। बाइक सवार लेक्चरर स्कूल से करीब 600 मीटर दूर ही पहुंचे थे कि बदमाशों ने उन पर हमला कर दिया।

जानकारी के अनुसार झालावाड़ के तिलक नगर निवासी शिवचरण सेन (54) झालरापाटन थाना क्षेत्र में गवर्नमेंट सीनियर सेकंडरी स्कूल गिरधरपुरा में हिंदी विषय के लेक्चरर थे। स्कूल की छुट्टी होने के बाद वह बाइक से घर लौट रहे थे।

गिरधरपुरा की पुलिया के पास अज्ञात बदमाशों ने उनके सीने पर चाकू से करीब 7-8 वार किए और फरार हो गए। उनके साथी अध्यापक सत्यनारायण कार लेकर पहुंचे तो शिवचरण उन्हें लहूलुहान हालत में सड़क पर पड़े मिले। शिवचरण के सीने पर कई घाव थे, जिनसे खून निकल रहा था। उनका सफेद शर्ट खून से लाल हो गया था। कुछ देर बाद अन्य शिक्षक भी वहां पहुंच गए और शिवचरण को कार से जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

मोबाइल और पर्स मौके पर मिला

वारदात की सूचना मिलने पर एडिशनल एसपी चिरंजीलाल मीणा, डीएसपी बृजमोहन मीणा और झालरापाटन थाने की टीम अस्पताल पहुंची और घटना की जानकारी ली। एडिशनल एसपी ने घटनास्थल का मौका मुआयना भी किया। पुलिस को मोबाइल और पर्स मौके पर ही मिले हैं। शिवचरण के परिजन और समाज के लोग जिला अस्पताल में जमा हो गए। वहां हाहाकार मचा हुआ था। हर कोई इस घटना से आहत नजर आया।

कविता पाठ भी करते थे लेक्चरर

लेक्चरर शिवचरण सेन शिवा हाड़ोती भाषा में कविता पाठ भी करते थे। उनका काफी सादगीपूर्ण जीवन था। इसके बावजूद उनके साथ हुई इस घटना से हर कोई आहत है। शिवचरण के एक लड़का और दो लड़कियां हैं। वह झालावाड़ जिले के ग्रामीण इलाके अलीगढ़ के रहने वाले थे, लेकिन लम्बे समय से झालावाड़ शहर के तिलक नगर में रह रहे थे। शिवचरण रोज अपने साथी अध्यापक सत्यनारायण के साथ कार से ही स्कूल जाते थे, लेकिन आज वह बाइक लेकर गए थे। इसी दौरान उनके साथ यह वारदात हो गई। इससे भी सवाल उठ रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.