कार पर पलटा टेंकर, 8 की मौत, मृतकों में मां-बेटे, भाई-बहन शामिल
एनसीआई@जयपुर
जिले के दूदू क्षेत्र में जयपुर-अजमेर हाईवे पर टायर फटने से एक टेंकर पास से गुजर रही अल्टो कार पर पलट गया। यह हादसा इतना जबरदस्त था कि कार बुरी तरह से पिचक गई। हादसे में कार सवार 8 लोगों की मौत हो गई, वहीं 1 अन्य गम्भीर घायल हो गया। कार सवार ये लोग जियारत के लिए अजमेर दरगाह जा रहे थे।
हादसा दूदू के रामनगर इलाके में दोपहर करीब साढ़े बारह बजे हुआ। एएसआई राजेन्द्र सिंह ने बताया कि कार सवार सभी लोग फागी के रहने वाले थे। टेंकर का टायर फटते ही वह डिवाइडर तोड़ते हुए अल्टो कार पर पलट गया। इससे कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। इस हादसे में कार सवार सात लोगों की तो मौके पर ही मौत हो गई थी, वहीं एक गम्भीर घायल को जयपुर एसएमएस हॉस्पिटल के लिए रेफर किया गया, मगर उसने भी रास्ते में ही दम तोड़ दिया। टेंकर की चपेट में एक मोटर साइकिल सवार युवक भी आ गया था। इससे वह भी घायल हो गया।

हादसे में इनकी हुई मौत
हादसे में फागी के जुम्मा मस्जिद के पास के निवासी हनीफ के परिवार के सात सदस्यों सहित आठ जनों की मौत हो गई। इनमें हनीफ की पत्नी हसीना, बेटा इसराइल और मुराद, बहू फरजाना पत्नी इसराइल, पोती रोहीना, पोता सेरान, दामाद शकील पुत्र तौफीक और एक अन्य रिश्तेदार सोनू पुत्र सलीम शामिल हैं। वहीं इसराइल के बेटे अरमान की हालत गम्भीर बनी हुई है।
ड्राइवर फरार, दामाद चला रहा था कार
पता चला है कि कि जिस टेंकर का टायर फटा उसमें सीमेंट भरा हुआ था। हादसा होते ही टेंकर का ड्राइवर मौके से फरार हो गया। कार को हनीफ का दामाद शकील चला रहा था। उसे जयपुर एसएमएस हॉस्पिटल रेफर किया गया था, जहां उसकी मौत हो गई।
सभी शवों को दूदू के उप जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। इस हादसे की जानकारी मिलने के बाद सीएम के सलाहकार विधायक बाबूलाल नागर दूदू मोर्चरी पहुंचे। उन्होंने बताया कि हादसा काफी दर्दनाक है। मरने वाले लोग गरीब परिवार से हैं। हम मुख्यमंत्री से बात कर सभी को उचित मुआवजा दिलाने की बात करेंगे।
उन्होंने कहा कि जयपुर-अजमेर हाईवे (एनएच-48) पर किशनगढ़ से जयपुर के बीच 35 किलोमीटर के दायरे में करीब 5 पुलिया बनाई जा रही हैं, निर्माण कार्य होने की वजह से सड़क भी खराब हो रही है और ऐसे में हादसे भी हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि हमने प्रशासन और कंस्ट्रक्शन कम्पनियों को निर्देश दिए हैं कि वे जल्दी से एक्शन लें।
