April 21, 2026

News Chakra India

Never Compromise

पड़ोसी के टॉर्चर से परेशान कॉलेज छात्रा ने की आत्महत्या, बोलती थी-थक चुकी हूं, अब जी नहीं सकती

पड़ोसी के टॉर्चर से परेशान कॉलेज छात्रा ने की आत्महत्या, बोलती थी-थक चुकी हूं, अब जी नहीं सकती

एनसीआई@जयपुर

एक कॉलेज छात्रा ने पड़ोसी से परेशान होकर सात दिन पहले फंदा लगाकर आत्महत्या करने की कोशिश की थी। अस्पताल में इलाज के दौरान शुक्रवार सुबह उसकी मौत हो गई। लड़की घरवालों को बोलती थी-पड़ोसी के टॉर्चर से परेशान हो चुकी हूं। थक चुकी हूं, अब जी नहीं सकती। मामला खो-नागोरियान इलाके का है। छात्रा के भाई ने पड़ोसी वकील और उसकी पत्नी पर खुदकुशी के लिए उकसाने का केस दर्ज करवाया है।

पुलिस ने बताया- लुनियावास खोह नागोरियान की रहने वाली सलोनी रावत (19) पुत्री भरत लाल ने सुसाइड किया है। वह पालड़ी मीणा आगरा रोड स्थित महाराजा विनायक कॉलेज में बीए फर्स्ट ईयर की स्टूडेंट थी। 16 जून को सुबह बहन-भाई और पिता जॉब पर चले गए थे। सलोनी मां के साथ घर पर थी। सुबह साढ़े दस बजे करीब मां घर के पास मंदिर चली गई। पीछे से सलोनी ने फंदा लगा कर जान दे दी। कुछ ही देर में घर लौटी मां को सलोनी फंदे से लटकी दिखाई दी।

पड़ोसियों की मदद से हॉस्पिटल में कराया भर्ती

बेटी को फंदे से लटका देखकर मां जोर-जोर से चिल्लाने लगी। आवाज सुनकर पड़ोसी वहां पहुंचे। उनकी मदद से फंदा काटकर सलोनी को नीचे उतारा‌ गया। उस समय उसकी सांस चलते देखकर उसे तुंरत एसएमएस हॉस्पिटल में भर्ती करवाया गया। वहां आईसीयू उपलब्ध नहीं होने के कारण सलोनी को जगतपुरा स्थित जेएनयू हॉस्पिटल ले जाना पड़ा। हॉस्पिटल में इलाज के दौरान शुक्रवार सुबह उसकी मौत हो गई।

पड़ोसी के टॉर्चर से थी परेशान

मृतका सलोनी के भाई अभिषेक ने पड़ोसी वकील रघु प्रजापत उर्फ सियाराम और उसकी पत्नी विमलेश देवी के खिलाफ खुदकुशी के लिए उकसाने का मामला दर्ज करवाया है। शिकायत में बताया है कि पड़ोसी वकील ने बहन के खिलाफ झूठे केस कर दिए थे। सियाराम ने वकील होने का गलत फायदा उठाया। इसकी वजह से सलोनी और पूरे परिवार को पुलिस थाने और कोर्ट के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। पड़ोसी के टॉर्चर से परेशान होकर सलोनी डिप्रेशन में चली गई थी। इसके चलते ही उसने सुसाइड का कदम उठा लिया।

बोलती थी- परेशान हो चुकी हूं, जी नहीं सकती

सलोनी के भाई अभिषेक ने बताया- घर के बाहर पानी भरने के कारण उन्होंने रोड पर मलबा डलवा दिया था। इस बात को लेकर वकील रघु प्रजापत की पत्नी विमलेश ने उनसे झगड़ा किया। सलोनी से मारपीट की। 28 मार्च को वकील रघु प्रजापत ने खोह नागोरियान थाने में मां, दोनों बहनों सहित उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज करवा दी। परेशान करने के लिए उसके पिता के खिलाफ भी एक मामला दर्ज करवा दिया। गाय रखने को लेकर डेयरी चलाने की कहकर नगर निगम में शिकायत कर दी। झूठे केसों के चलते सलोनी सहित परिवार को थाने-कोर्ट के चक्कर लगाने पड़ रहे थे।

अभिषेक का कहना है कि कॉलोनी के लोगों को वकील रघु प्रजापत कहता है कि इनका मकान बिकवा कर रहूंगा। उसकी पत्नी विमलेश बोलती है कि सलोनी का घर से निकलना बंद करवा दूंगी। बाहर निकली तो उठावा दूंगी। सलोनी कहती थी-पड़ोसी के टॉर्चर से परेशान हो चुकी हूं। थक चुकी हूं, इतनी परेशान हो चुकी हूं कि अब जी नहीं सकती।

इस पर एसआई राम कृपाल ने बताया- सलोनी के सुसाइड मामले में उसके भाई अभिषेक ने शिकायत दी है। पड़ोसी में रहने वाले पति-पत्नी पर खुदकुशी के लिए उकसाने का आरोप है। एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.