युवक को चाकू मारकर गम्भीर घायल किया, लोगों ने आरोपी को पकड़ कर बंद कर दिया तो भीड़ छुड़ा ले गई, भारी तनाव के बाद अर्ध सैनिक बल तैनात
एनसीआई@नई दिल्ली
देश की राजधानी के बृजपुरी इलाके में शुक्रवार रात मोहम्मद जैद नामक आरोपी ने 20 वर्षीय युवक राहुल को चाकू मारकर गम्भीर घायल कर दिया। इस चाकूबाजी में राहुल का चचेरा भाई 19 वर्षीय सोनू भी घायल हुआ है। यहां बड़ी बात यह है कि वारदात के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने मोहम्मद जैद को पकड़ कर एक दुकान में बंद कर दिया था। मगर वहां काफी संख्या में पहुंचे लोग शटर को खोल कर उसे छुड़ा ले गए। पता चला है कि राहुल और जैद के बीच किसी बात पर सामान्य सी बहसबाजी हुई थी। इसी बीच उसने इस वारदात को अंजाम दे दिया। आरोपी और पीड़ित एक ही गली में रहते हैं।

पुलिस के मुताबिक, वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी फरार है। उसकी गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं। घटनास्थल पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है। इलाके में तनाव के चलते अर्धसैनिक बल को भी तैनात कर दिया गया है।
डीसीपी नोर्थ ईस्ट जॉय टिर्के के मुताबिक, शुक्रवार, 23 जून की रात लगभग 10 बजे गली नम्बर 5, डी ब्लॉक, बृजपुरी में रहने वाला 19 साल का सोनू अपने चचेरे भाई राहुल के साथ खाना खाने के बाद न्यू उस्मानपुर इलाके में शिब्बन मॉडर्न पब्लिक स्कूल के पास आइसक्रीम खाने गया था। इसी दौरान पास में रहने वाले मोहम्मद ज़ैद की राहुल के साथ एक छोटी सी बात पर कुछ बहस हो गई। इस पर मोहम्मद जैद ने राहुल के पेट के निचले हिस्से में चाकू से हमला कर दिया। बीच बचाव करने आए सोनू के हाथ पर भी चोटें आईं।

पुलिस ने इस सम्बन्ध में आईपीसी की धारा 307/324 के तहत दयालपुर में एक मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी मोहम्मद जैद फरार है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा। मामले में आगे की जांच जारी है।
आम आदमी पार्टी ने साधा निशाना
इधर, बृजपुरी में हुई चाकूबाजी की घटना को लेकर आम आदमी पार्टी ने एक बार फिर उपराज्यपाल( LG ) को निशाने पर लिया है। आम आदमी पार्टी ने राजधानी की बिगड़ती कानून व्यवस्था पर चिंता जताई है और ऐसी घटनाओं पर गम्भीर न होने और चुप्पी साधने के लिए बीजेपी पर निशाना साधा है। दिल्ली के केबिनेट मंत्री सौरभ भारद्वाज ने कहा, ‘दिल्ली में बृजपुरी इलाके में चाकूबाजी की घटना से ऐसा लगता नहीं कि यह देश की राजधानी है। अब तो हिन्दू-मुस्लिम एंगल भी है। अब तो भाजपा शोर मचा सकती है, एलजी साहब से सवाल कर सकती है।’
