April 22, 2026

News Chakra India

Never Compromise

कुएं में तैरता मिला छात्रा का शव, शिक्षक पर बलात्कार कर हत्या करने का आरोप

कुएं में तैरता मिला छात्रा का शव, शिक्षक पर बलात्कार कर हत्या करने का आरोप

भीलवाड़ा के बाद अब सवाई माधोपुर जिले के बौंली थाना क्षेत्र के हनुतिया गांव में भी एक वीभत्स मामला देखने को मिला है। दरअसल आज सुबह 11 बजे करीब बौली थाना क्षेत्र के हनुतिया गांव के एक कुएं में 12वीं कक्षा की छात्रा का शव तैरता हुआ मिला। इस किशोरी के अपहरण का मामला कल ही बौंली थाना में दर्ज करवाया गया था।

एनसीआई@सवाई माधोपुर

भीलवाड़ा शहर के बाद बौंली थाना क्षेत्र के हनुतिया गांव में भी एक वीभत्स मामला सामने आया है। दरअसल आज सुबह 11 बजे करीब बौली थाना क्षेत्र के हनुतिया गांव के एक कुएं में 12वीं कक्षा में अध्यनरत छात्रा का शव तैरता हुआ मिला। किशोरी के अपहरण का मामला कल बुधवार को बौंली थाना में दर्ज हुआ था। छात्रा के पिता ने राजकीय विद्यालय हनुतिया के अध्यापक रामरतन मीणा पर अपहरण का आरोप लगाया था। मगर अब इस छात्रा की मौत के बाद ग्रामीणों ने शिक्षक पर दुष्कर्म पर हत्या करने का आरोप लगाया है। शव मिलने के बाद आला पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे, लेकिन ग्रामीणों ने पुलिस कस्टडी से शव को अपने कब्जे में ले लिया और राजकीय विद्यालय के मैदान में रखकर धरने पर बैठ गए। देर शाम तक धरना प्रदर्शन जारी रहा। मांगों पर सहमति न बन पाने के कारण शाम 5 बजे तक शव का पोस्टमार्टम नहीं हो सका था।

जिला पुलिस अधीक्षक हर्षवर्धन अग्रवाला ने बताया कि कल एक व्यक्ति ने बौंली थाने में राजकीय विद्यालय में अध्यनरत उसकी 16 वर्षीय पुत्री के अपहरण का उसी के विद्यालय के अध्यापक रामरतन मीणा पर आरोप दर्ज कराया था। रिपोर्ट के अनुसार किशोरी 8 अगस्त से ही लापता थी। प्रकरण दर्ज होने के बाद सीओ मीणा के नेतृत्व में बौंली थाना पुलिस ने सर्च ऑपरेशन शुरू किया। रात भर ग्रामीणों की सहायता से थाना क्षेत्र के खेतों में व विभिन्न स्थानों पर किशोरी को तलाश किया गया। आज सुबह 11 बजे करीब हनुतिया गांव के समीप स्थित एक कुएं के पास किशोरी की चप्पल मिली। इस पर पुलिस ने कुएं में देखा तो किशोरी का शव पानी में तैरता नजर आया। मामले की संवेदनशीलता के चलते मौके पर एसपी हर्षवर्धन अग्रवाला, एएसपी सीताराम प्रजापत सहित कई थानाधिकारी व मलारना एसडीएम किशन मुरारी मौके पर पहुंचे। पोस्टमार्टम के लिए शव को बौंली लाने की तैयारी की जा रही थी। इस पर ग्रामीणों ने आपत्ति जताई और शव को अपने कब्जे में लेकर मौके से लगभग एक किलोमीटर दूर राजकीय विद्यालय के खेल मैदान पर ले गए।

फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। इधर, पुलिस प्रशासन ने ग्रामीणों से समझाइश की, लेकिन 7 सूत्रीय मांगों को लेकर ग्रामीणों ने पोस्टमार्टम का विरोध किया। कई भाजपा नेता धरने प्रदर्शन में शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने पीड़ित परिवार को एक करोड़ का आर्थिक पैकेज देने,‌ परिवार के एक व्यक्ति को सरकारी नौकरी देने, दोषी अध्यापक को टर्मिनेट कर 302 के तहत प्रकरण दर्ज करने, आरोपी को फांसी की सजा देने सहित कई मांगों को लेकर पोस्टमार्टम का विरोध किया। शाम 5 बजे तक कई मांगों पर सहमति बन गई, लेकिन मुआवजा व सरकारी नौकरी की मांग पर सहमति न बन पाने के कारण शव का पोस्टमार्टम नहीं हो सका। इस दौरान ग्रामीणों ने विद्यालय स्टाफ को भी जमकर खरी-खोटी सुनाई। जानकारी के अनुसार आरोपी शिक्षक व मृतका के बीच पूर्व में मोबाइल पर वार्ता होती थी। ऐसे में ग्रामीणों ने रोष प्रकट करते हुए आरोपी शिक्षक के विरुद्ध दुष्कर्म व हत्या का मामला दर्ज करने की मांग की है।

बहरहाल पुलिस ने आरोपी शिक्षक को हिरासत में ले लिया है। वहीं पूछताछ की जा रही है।‌ प्रकरण को लेकर पुलिस हत्या, सुसाइड,व ऑनर किलिंग आदि सभी एंगलों से तथ्य खंगालकर जांच में जुटी हुई है। दूसरी ओर मौके पर पुलिस प्रशासन प्रदर्शनकारियों से समझाइश कर शव का पोस्टमार्टम करवाने की कवायद में जुटा हुआ है। वहीं ग्रामीण सभी मांगों को पूरा करने व लिखित आश्वासन देने की मांग पर अड़े हुए हैं।

उल्लेखनीय है कि कुछ दिन पूर्व भी भीलवाड़ा में एक अवैध ईंंट भट्टे के पास एक नाबालिग के शव के अवशेष मिले थे। इस मामले में पुलिस ने कुछ आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इन्होंने इस नाबालिग से दुष्कर्म के बाद उसकी हत्या करने के बाद, शव के टुकड़े कर भट्टी में जलने के लिए डाल दिए थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.