July 13, 2026

News Chakra India

Never Compromise

छिपकली गिरा पोषाहार खाने से 16 बच्चों की तबीयत बिगड़ी, अस्पताल ले गए तो चिकित्साकर्मी मिले नदारद

छिपकली गिरा पोषाहार खाने से 16 बच्चों की तबीयत बिगड़ी, अस्पताल ले गए तो चिकित्साकर्मी मिले नदारद

एनसीआई@झालावाड़

जिले की डग तहसील के डोबड़ा गांव स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में आज शुक्रवार को पोषाहार में बनाई गई उड़द की दाल में छिपकली गिर गई। इस पोषाहार को खाने से कम से कम 16 बच्चों की तबीयत बिगड़ गई। इस पर उन्हें डग अस्पताल में भर्ती कराया गया। यह‌ पोषाहार स्कूल की कक्षा एक से आठ‌ तक के विद्यार्थियों के लिए बनाया गया था।

जानकारी के अनुसार सबसे पहले कक्षा 6 के छात्र सुरेंद्र की दाल में गिरी छिपकली के पिछले हिस्से पर नजर पड़ी। इसके बाद स्कूल में हड़कम्प मच गया। एक के बाद एक बच्चों का जी मिचलाने, दिल घबराने लगा। उल्टी जैसी हालत होने लगी।

दांयी ओर सुरेन्द्र, जिसने सबसे पहले दाल में गिरी छिपकली देखी।
दांयी ओर सुरेन्द्र, जिसने सबसे पहले दाल में गिरी छिपकली देखी।

इधर, एक साथ डग अस्पताल में पहुंचे इतने अधिक मरीज बच्चों के चलते वहां भारी अव्यवस्था का आलम हो गया। ‌उस पर भी बड़ी बात यह सामने आई कि जब इन बच्चों को अस्पताल में ले जाया गया, वहां कोई भी चिकित्साकर्मी मौजूद नहीं था। इधर, जानकारी मिलने पर डग विधायक कालू लाल मेघवाल मौके पर पहुंचे। उन्होंने जिला कलक्टर, सीएमएचओ, एडीएम आदि अधिकारियों को इस स्थिति की जानकारी दी।

डग विधायक कालू लाल मेघवाल
डग विधायक कालू लाल मेघवाल

इसके बाद वहां पर कम्पाउन्डर रामनरेश मीणा के बाद डॉ. विकास जैन, डॉ. सलमान खान के साथ अन्य नर्सिंगकर्मी भी पहुंचे। तब जाकर बुरी तरह परेशान इन बच्चों का इलाज शुरू हुआ। इसके बाद अधिकतर बच्चों की तबीयत में सुधार बताया गया था।

विधायक ने लगाई कर्मचारियों को फटकार

यहां विधायक कालू लाल मेघवाल ने अव्यवस्था पर भारी नाराजगी प्रकट करते हुए कर्मचारियों को फटकार लगाई। इसके अलावा अस्पताल में एकत्रित हुए ग्रामीणों ने भी इस मसले पर काफी नाराज की जताई। इन ग्रामीणों का कहना था कि जिस भी स्कूल कर्मचारी के कारण यह घटना हुई है, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.