April 21, 2026

News Chakra India

Never Compromise

बुढ़ापे में बचपने जैसी गलतियां हो जाती हैं… केन्द्रीय मंत्री शेखावत ने सीएम गहलोत की तारीफ करने वाली पार्टी की एमएलए सहित पार्टी से निलम्बित एमएलए पर कसा तंज

बुढ़ापे में बचपने जैसी गलतियां हो जाती हैं… केन्द्रीय मंत्री शेखावत ने सीएम गहलोत की तारीफ करने वाली पार्टी की एमएलए सहित पार्टी से निलम्बित एमएलए पर कसा तंज

एनसीआई@जोधपुर/नागौर

केन्द्रीय जल शक्ति मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने भाजपा विधायक सूर्यकांता व्यास और पार्टी से निलम्बित विधायक कैलाश मेघवाल पर तंज कसा है। शेखावत ने कहा- कैलाश मेघवाल और सूर्यकांता व्यास, दोनों की उम्र अब 90 के करीब पहुंच गई है। मुंशी प्रेमचंद ने अपनी एक कहानी में लिखा है- बुढ़ापा बहुधा बचपन की पुनरावृत्ति होता है, और बचपन में ऐसी गलतियां हो जाती हैं।

गौरतलब है कि 4 दिन पहले जोधपुर की सूरसागर सीट से विधायक सूर्यकांता व्यास ने मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की तारीफों के पुल बांधे थे। उन्होंने गहलोत की तुलना राजा-महाराजा से की थी। सूर्यकांता व्यास के इसी बयान पर केन्द्रीय मंत्री ने शनिवार को नागौर जिले के परबतसर में परिवर्तन संकल्प यात्रा की प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान अपनी प्रतिक्रिया दी।

एमएलए सूर्यकांता व्यास सीएम अशोक गहलोत से स्नेह जतातीं।
एमएलए सूर्यकांता व्यास, सीएम अशोक गहलोत से स्नेह जतातीं हुईं।

शेखावत ने अपनी इस टिप्पणी में कैलाश मेघवाल को भी निशाने पर लिया। उल्लेखनीय है कि तीन दिन पहले विधानसभा के पूर्व स्पीकर कैलाश मेघवाल ने प्रेस‌ कॉन्फ्रेंस कर केन्द्रीय कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए थे। इसके बाद कैलाश मेघवाल को पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से निलम्बित कर दिया गया था। बड़ी बात यह है कि कैलाश मेघवाल वसुंधरा राजे गुट के माने जाते हैं। मेघवाल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में यह भी कहा था कि वसुंधरा खेमे को खत्म करने की कोशिश हो रही है।

वसुंधरा हमारे लिए आदरणीय

वहीं केन्द्रीय मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने अपनी प्रेस कॉन्फ्रेंस में पूर्व सीएम वसुंधरा राजे से जुड़े सवाल के जवाब में कहा- वसुंधरा राजे हमारी राष्ट्रीय उपाध्यक्ष हैं। राजस्थान की दो बार मुख्यमंत्री रही हैं। राजस्थान की दो बार नेता प्रतिपक्ष रही हैं। वे हमारे लिए आदरणीय नेता हैं।

शेखावत आगे बोले-जहां तक गुटबाजी का प्रश्न है तो हम सब सामूहिक नेतृत्व के आधार पर कांग्रेस की सरकार को उखाड़ फेंकने के लिए काम कर रहे हैं। देश के 18 करोड़ भाजपा सदस्यों के नेता नरेन्द्र मोदी हैं। सबका चिह्न कमल का फूल है। भारत माता का उत्कर्ष ही हम सबका लक्ष्य है।

एमएलए सूर्यकांता व्यास, गजेन्द्र सिंह शेखावत को स्नेह करती हुईं।
एमएलए सूर्यकांता व्यास, गजेन्द्र सिंह शेखावत को स्नेह करती हुईं।

सूर्यकांता व्यास गहलोत से इसलिए खुश

12 सितम्बर को सूर्यकांता व्यास ने अपने आवास पर कहा था- राजस्थान के लोकप्रिय मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने पुष्करणा समाज के लिए ऐसा काम किया है, जो पहले के जमाने में राजा-महाराजा करते थे या अब सीएम ने किया है।

सीएम ने व्यासों की कुलदेवी के मंदिर उष्ट्र वाहिनी के लिए 4 करोड़ 75 लाख रुपए का बजट दिया है। इस मंदिर की मूर्ति काफी ऐतिहासिक है, जिसे देखने के लिए टूरिस्ट आते हैं। कई बार टूरिस्ट कहते भी हैं कि जगह छोटी है, परेशानी होती है। आज वह सपना सीएम गहलोत ने साकार किया है।

यह था पूरा मामला

जोधपुर शहर के चांदपोल क्षेत्र में पुष्करणा समाज की कुलदेवी उष्ट्र वाहिनी देवी मंदिर का जीर्णोद्धार करने के लिए मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने 4.75 करोड़ रुपए की स्वीकृति दी है। इसी स्वीकृति के लिए विधायक व्यास ने प्रयास किए थे। बजट स्वीकृति मिलने के बाद समाज के लोग विधायक का आभार जताने 12 सितम्बर को उनके आवास पर पहुंचे थे।

अधिक उम्र के बावजूद टिकट की दावेदार 

विधायक सूर्यकांता व्यास 1990 से लेकर अब तक लगातार सात बार विधायक का चुनाव लड़ चुकी हैं। इसमें से वे 6 बार चुनाव जीती हैं। वह तीन बार जोधपुर शहर और तीन बार सूरसागर सीट से विधायक रही हैं।‌ उनकी उम्र 85 वर्ष हो गई है, लेकिन वे इस बार भी खुद को टिकट की रेस में शामिल मानती हैं। 13 सितम्बर को उन्होंने जोधपुर में एक स्नेह मिलन कार्यक्रम आयोजित किया। इसमें भाजपा की इलेक्शन मैनेजमेंट कमेटी के प्रदेश संयोजक नारायण पंचारिया सहित अन्य नेता भी शामिल हुए थे। इसमें उन्होंने टिकट हासिल करने की इच्छा भी जताई थी।

विधायक सूर्यकांता इसलिए भी निशाने पर

विधायक सूर्यकांता व्यास सीएम अशोक गहलोत के साथ कई कार्यक्रमों में मंच साझा कर चुकी हैं। उनकी सिफारिश पर पहले भी गहलोत सरकार में कई काम हुए हैं। सीएम गहलोत के साथ उनकी राजनीतिक और पारिवारिक नजदीकियां जगजाहिर हैं। पिछले महीने उन्होंने जयपुर में सीएम आवास पर उनसे मुलाकात भी की थी। खास बात यह है कि सूर्यकांता व्यास भी कैलाश मेघवाल की तरह वसुंधरा राजे खेमे की मानी जाती हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.