दो सगी बहनों की ससुराल में एक साथ मौत, कमरे में पड़े मिले शव, पीहर पक्ष का दहेज के लिए मारपीट कर हत्या करने का आरोप
एनसीआई@अलवर
जिले के कठूमर थाना क्षेत्र के नगला फरासिया सौंख गांव में शनिवार को दो सगी विवाहित बहनों की एक साथ संदिग्ध हालात में मौत हो गई। दोनों के शव उनकी ससुराल में एक ही कमरे में पड़े मिले। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक महिलाओं के पीहर पक्ष ने उनके ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए मारपीट कर दोनों की हत्या करने का आरोप लगाया है। कठूमर थाना पुलिस ने दहेज हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
अलवर पुलिस अधीक्षक आनंद शर्मा ने बताया कि दोनों बहनों के शव एक कमरे में मिले हैं। प्रारम्भिक जांच में मामला सुसाइड का लग रहा है, लेकिन दोनों बहनों के एक साथ सुसाइड करने से जाहिर हो रहा है कि इसकी कोई बड़ी वजह है। इसलिए मौके पर एफएसएल और एमओबी की टीम को जांच के लिए भेजा गया। पुलिस पूरे मामले की गम्भीरता से जांच कर रही है।
पुलिस ने घटनास्थल को किया सीज
महिलाओं की मौत की सूचना पर डीएसपी अशोक चौहान और कठूमर थानाप्रभारी सुरेंद्र कुमार शर्मा मौके पर पहुंचे। उन्होंने शवों को अपने कब्जे में लेकर घटनास्थल को सीज कर दिया है। वहां पुलिसकर्मी तैनात कर दिए गए हैं। बाद में दोनों शवों का स्थानीय अस्पताल की मोर्चरी में पोस्टमार्टम करवाकर पीहर पक्ष के सुपुर्द कर दिए गए।
पिता ने दी यह शिकायत
गारू निवासी मृतकाओं के पिता गोविन्द ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनकी बेटी वंदना की शादी शैलेन्द्र व अंजना की शादी कैलाश के साथ दिसम्बर 2021 में की थी। अपने सामर्थ्य के अनुसार दहेज व दोनों को एक मोटरसाइकिल और 2,51000 रुपए भी दिए थे, लेकिन कुछ ही दिन बाद उनके ससुरालवाले दहेज का ताना देने लेगे और बेटियों से मारपीट करने लगे। इसके बाद उन्हें घर से निकाल दिया गया तो वे अपने पीहर में रहने लगीं। गोविन्द ने आगे बताया कि 9 अगस्त 2023 को उन्होंने पंच लोगों की मौजूदगी में मारपीट नहीं करने की कहकर राजीनामा कर बेटियों को ससुराल भेज दिया था। इसके बाद वह दहेज में चार पहिया की गाड़ी व 11 लाख रुपए की मांग करने लगे। दहेज की खातिर 16 सितम्बर को सुबह ससुराल वालों ने दोनों बेटियों की बेरहमी से मारपीट कर हत्या कर दी।
भाई ने की आरोपियों को फांसी देने की मांग
मृतकाओं के पिता गोविन्द ने बताया कि दोनों बेटियों की मौत की खबर मिलने पर जब हम वहां पहुंचे तो देखा कि अंजना की नाक से खून निकल रहा था। शरीर व चेहरे पर गम्भीर चोटें थीं। दोनों बेटियों के शरीर पर निशान पाए गए, जिसकी सूचना पुलिस को दी गई। वहीं मृतक बहनों के भाई ने कहा, उसकी बहनों को शादी के बाद से ही दहेज के लिए प्रताड़ित किया जा रहा था। दहेज हत्या के आरोपियों को फांसी की सजा दी जाए।
