कांग्रेस की स्क्रीनिंग कमेटी की बैठक आज शाम को, 31 अक्तूबर को सीईसी की बैठक प्रस्तावित, जानें और क्या हैं प्रमुख बातें
एनसीआई@जयपुर/नई दिल्ली
राजस्थान विधानसभा चुनावों में प्रत्याशियों के नाम शार्टलिस्ट करने के लिए कांग्रेस स्क्रीनिंग कमेटी की बैठक आज यानी रविवार को शाम पांच बजे के करीब दिल्ली स्थित एआईसीसी हेडक्वार्टर में होगी। वहीं, 31 अक्तूबर को सीईसी की बैठक प्रस्तावित है।
मुख्यमंत्री अशोक गहलोत इस बैठक के लिए शनिवार रात दिल्ली पहुंच गए हैं। राजस्थान विधानसभा चुनावों के लिए कांग्रेस अब तक 95 नामों का एलान कर चुकी है, 105 नाम अभी बाकी हैं। इनमें गहलोत सरकार के मंत्री शांति धारीवाल, महेश जोशी, आरटीडीसी चेयरमैन धर्मेंद्र राठौड़, कृषि मंत्री लालचंद कटारिया सहित अन्य नाम शामिल हैं।
धारीवाल, जोशी का टिकट तय, राठौड़ भी दिल्ली पहुंचे
कांग्रेस सूत्र तो दावा कर रहे हैं कि चाहे कुछ भी हो जाए, यूडीएच मंत्री शांति धारीवाल और पीएचईडी मंत्री महेश जोशी को तो टिकट मिलेगा। चौथी या पांचवी सूची में इनका नाम आ सकता है। बस धर्मेंद्र राठौड़ को लेकर अभी तक मामला तय नहीं है। इसलिए वे अपनी बात रखने के लिए दिल्ली पहुंचे हैं।
दरअसल, इन तीनों नेताओं को कांग्रेस अनुशासन समिति ने आलाकमान से बगावत करने के लिए नोटिस दिए थे। पिछली सीईसी की बैठक में इन तीनों नेताओं के नाम सोनिया गांधी के कहने पर होल्ड पर रख लिए गए थे। हालांकि, धारीवाल इस बार खुद चुनाव नहीं लड़ना चाहते और वे अपने बेटे के लिए कांग्रेस से टिकट मांग रहे हैं। महेश जोशी ने भी अपने बेटे का नाम आगे बढ़ाया है। लेकिन एक महिला को लेकर उठे विवाद के चलते मामला ठंडा पड़ गया। वहीं, धर्मेंद्र राठौड़ पुष्कर और मकराणा सीट पर दावेदारी कर रहे थे। इनमें से पुष्कर सीट का ऐलान कांग्रेस कर चुकी है।
