धौलपुर में कांग्रेस को बड़ा झटका: बाड़ी नगर पालिका के सभी 39 कांग्रेसी व 6 निर्दलीय पार्षदों सहित 200 से अधिक कांग्रेसी भाजपा में शामिल, नगर पालिका में अभी है कांग्रेस का बोर्ड
एनसीआई@धौलपुर
जिले के बाड़ी विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है। यहां नगर पालिका पूरी तरह से कांग्रेस मुक्त हो गई है। दरअसल, बाड़ी नगर पालिका के 39 कांग्रेसी व 6 निर्दलीय पार्षदों सहित 200 से अधिक कांग्रेसियों ने भाजपा का दामन थाम लिया। भाजपा प्रत्याशी गिर्राज सिंह मलिंगा के समर्थन में धौलपुर भाजपा कार्यालय पर आयोजित कार्यक्रम में इन कांग्रेसियों ने भगवा दुपट्टा पहन लिया। धौलपुर नगर पालिका में अभी कांग्रेस का बोर्ड है।

यहां बाड़ी नगरपालिका के कांग्रेस चेयरमैन के प्रतिनिधि होतम जाटव, वाइस चेयरमैन एम जमा खान के साथ कांग्रेस पार्षद और मनोनीत पार्षदों ने भाजपा जिला अध्यक्ष सत्येन्द्र पाराशर व सांसद रामस्वरूप कोली के समक्ष भाजपा की सदस्यता ली। इस प्रकार बाड़ी नगर पालिका के कांग्रेस बोर्ड को सभी कांग्रेस पार्षदों द्वारा भाजपा को ज्वॉइन कर लेने से बड़ा झटका लगा है। अब यहां भाजपा का बोर्ड बनना तय है। बाड़ी विधायक गिर्राज सिंह मलिंगा के कांग्रेस छोड़कर बीजेपी में शामिल हो जाने के बाद नगर पालिका के साथ पंचायत समिति के सदस्यों ने भी कांग्रेस और भाजपा ज्वॉइन की है।

दरअसल कांग्रेस से बाड़ी विधायक गिर्राज सिंह मलिंगा का टिकट काटे जाने के बाद जयपुर में मलिंगा ने भाजपा ज्वॉइन कर भाजपा का टिकट हासिल कर लिया था। इसके बाद से ही कांग्रेस के बाड़ी क्षेत्र के पदाधिकारी भाजपा में शामिल होने लगे थे।मलिंगा ने नामांकन दाखिल करने की आखिरी तारीख 6 नवम्बर से एक दिन पहले कल 5 नवम्बर को भाजपा ज्वॉइन की और इसी रात को बाड़ी से यह उम्मीदवार घोषित कर दिए गए। अगले दिन आज 6 नवम्बर को इन्होंने बाड़ी नगरपालिका को कांग्रेस मुक्त कर दिया।

