‘मैं महादेव बेटिंग एप का मालिक, सीएम बघेल को 508 करोड़ रुपए दिए, फंस गया हूं, इंडियन गवर्नमेंट मदद करे’
रणबीर कपूर और कपिल शर्मा सहित बॉलीवुड के कई सितारों के नाम महादेव बेटिंग एप मामले में सामने आ चुके हैं। छत्तीसगढ़ के सीएम बघेल का भी नाम बेटिंग एप मामले में सामने आया है। इस बीच, खुद के महादेव एप का मालिक होने का दावा करने वाले शख्स शुभम सोनी ने सीएम भूपेश बघेल पर बेहद सनसनीखेज आरोप लगाए हैं।
एनसीआई@सेन्ट्रल डेस्क
महादेव बेटिंग एप मामले में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की मुश्किलें कम होती नहीं दिख रही हैं। प्रवर्तन निदेशालय के बाद अब बेटिंग एप के कथित मालिक शुभम सोनी ने भी भूपेश बघेल को 508 करोड़ रुपए रिश्वत देने की बात कही है। शुभम सोनी ने दुबई से एक वीडियो बयान जारी किया है। इसमें उसने कहा है कि अपना कम करवाने के लिए उसने भूपेश बघेल को अब तक 508 करोड़ रुपए भिजवाए हैं। इसके साथ ही उसने कहा है कि वह भूपेश बघेल के कहने पर ही दुबई गया था और वह देश वापस आना चाहता है।
महादेव बेटिंग ऑनलाइन सट्टेबाजी एप में धांधली के आरोप में फिल्म अभिनेता रणबीर कपूर, एक्ट्रेस श्रद्धा कपूर सहित बॉलीवुड के कई सितारों के नाम सामने आ चुके हैं। प्रवर्तन निदेशालय ने इस मामले में पूछताछ भी की है। ईडी ने इस मामले में छत्तीसगढ़ में कई जगहों पर छापेमारी भी की है। इस मामले में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का भी नाम प्रमुख रूप से सामने आया है।
अपने वीडियो की शुरुआत में यह युवक कहता है कि वह महादेव बेटिंग एप का मालिक शुभम सोनी है। इसके सबूत के तौर पर वह अपने पेन कार्ड, आधार कार्ड और पासपोर्ट की कॉपी दिखता है। हालांकि वीडियो में इनमें कुछ साफ नजर नहीं आ रहा है। यह युवक कह रहा है कि- साल 2021 में उसने महादेव बेटिंग एप शुरू किया था। उसने भिलाई में छोटी-सी बुकिंग शुरू की थी। उस बुकिंग से पैसा आने लगा। उसकी लाइफ स्टाइल बदल गई। बेटिंग एप का मामला आगे पता चलने लगा। जैसे-जैसे काम बढ़ता गया उसके लड़के पकड़े जाने लगे, फिर वह वर्मा जी के सम्पर्क में आया। पुलिस से बचाव के लिए आपसी बातचीत के बाद वह उन्हें 10 लाख रुपए महीना बतौर प्रोटेक्शन मनी देने लगा।
सीएम बघेल ने कहा काम बढ़ाओ और दुबई जाओ
शुभम सोनी ने कहा कि इसके बाद कुछ समय तक तो उसका काम सही चलता रहा, मगर फिर उसके लड़के पकड़े जाने लगे। इस पर उसने फिर वर्मा जी से मदद मांगी। इसके बाद उसकी मीटिंग सीएम बघेल से करवाई गई। जहां बिट्टू जी और सीएम बघेल ने बोला कि दुबई जाओ और अपना काम बढ़ाओ। सीएम की सलाह पर वह दुबई आ गया। दुबई में उसका काम अच्छा चल रहा था, लेकिन फिर वहां भी प्रॉब्लम आ गई। बेटिंग एप में काम करने वाले लड़के फिर से पकड़े गए। वह फिर रायपुर आया। यहां वर्मा जी और गिरीश तिवारी के जरिये उस वक्त के एसपी प्रशांत अग्रवाल से मुलाकात की।
तुम वहां जाकर मालिक बन गए
सोनी ने बताया कि प्रशांत अग्रवाल ने उनकी बात अपने फोन से स्पीकर पर सीएम बघेल से करवाई। उन्होने बोला कि तुम्हें वहां काम सम्भालने भेजा था। तुम तो वहां जाकर मालिक बन गए। जब सोनी ने सीएम से रिक्वेस्ट की तो उन्होंने कहा कि प्रशांत से बात करो वह तुम्हें समझा देंगे, तुम्हें क्या करना है?
एसपी शुभम सोनी ने बघेल सरकार से की सिफारिश
इसके बाद एसपी प्रशांत ने कहा कि जिसको देने को बोला था, मैंने दे दिया। बिट्टू भैया के जरिये 508 करोड़ रुपए भी तो दे चुका हूं। फिर भी मुझे दिक्कत कर रहे हैं। इस पर शुभम सोनी ने कहा कि उसने लिखित बयान में साफ बताया है कि कितना पैसा किस-किस को कब और किस तरह दिया गया है? मेरी सरकार से गुजारिश है कि इस पॉलिटिकल सिस्टम वह फंस चुका है। वह इंडिया आना चाहता है। इंडियन गवर्नमेंट उसकी मदद करे।
यहां से मामला गर्माया था
उल्लेखनीय है कि प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने कुछ दिनों पहले रायपुर और भिलाई से 5.39 करोड़ रुपए जब्त किए थे। ईडी के अनुसार, यह रुपए भी शुभम सोनी ने भूपेश बघेल के लिए भिजवाए थे। ईडी के अनुसार शुभम सोनी के कहने पर असीम दास यह कैश देने के लिए जा रहा था। ईडी के मनी लॉन्ड्रिंग केस में शुभम सोनी वांटेड है। इस मामले में ईडी ने छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री को लेकर दावा किया है कि पूछताछ में एक आरोपी ने भूपेश बघेल को 508 करोड़ रुपए देने की बात कही है। उसके बयान की जांच की जा रही है।
