राष्ट्रीय कोटा दशहरा मेला- 2023: सिने संध्या में पद्मश्री कैलाश खेैर के मदमस्त गीतों से सजा विजयश्री रंगमंच, झूमते रहे दर्शक (वीडियो)
एनसीआई@कोटा
राष्ट्रीय दशहरा मेला- 2023 के तहत बुधवार रात को विजयश्री रंगमंच पर सिने संध्या आयोजित हुई। इसमें बॉलीवुड पार्श्वगायक कैलाश खेर ने अपने सुमधुर गीतों से हर किसी को झूमने पर मजबूर कर दिया। कार्यक्रम में जिला कलक्टर एमपी मीणा, मेला अधिकारी अनुराग भार्गव, अतिरिक्त मेला अधिकारी प्रेमशंकर शर्मा, आयुक्त सारिका सिंह, मेला मजिस्ट्रेट भावना शर्मा, मेला प्रभारी एक्यू कुरेशी, उपायुक्त दयावती सैनी, कार्तिकेय मीणा, जवाहर लाल जैन, जिला परिषद सीईओ ममता तिवारी मौजूद रहे।
कैलाश खेर ने पंजाबी गीत जोगी रे…गाते हुए मंच पर एंट्री की। इस झलक से ही दर्शक मदमस्त से हो गए। इसके बाद कैलाश खैर ने ‘मैं तो तेरे प्यार में दीवाना हो गया’.. गीत गाया। कैलाश खेर ने अपना सुपर हिट गीत “अल्लाह के बंदे..”, “ए री सखी मंगल गाओ री.. पिया घर आएंगे” और “दौलत शोहरत क्या करनी..” गाकर तो मंच ही लूट लिया। “तौबा तौबा तेरी सूरत..” गाते हुए युवाओं से नाचने की अपील की। कैलाश ने कैसे बताएं, क्यों तुमको चाहे… गाते हुए साथ में गाने के लिए प्रेरित किया।
“तेरे नाल इश्क.. यूं ही चला चल.. चांद सिफारिश.. बम लहरी.. कौन है वो.. रंगदीनी… जय जयकारा.. शिव शम्भू..” सरीखे एक से बढ़कर एक गीतों से अपनी आवाज का जादू बिखेरा।
युवाओं का गढ़ है कोटा
कैलाश खेर ने मंच से ‘प्रणाम कोटा’ कहते हुए कहा कि मैं पहले भी कोटा आ चुका हूं। यहां आकर अद्भुत अनुभव होता है। उन्होंने कहा कि कोटा युवाओं का गढ़ है। पूरी दुनिया में स्टूडेंट्स के लिए जाना जाता है। उन्होंने कोटा स्टोन की तारीफ करते हुए कहा कि हृदय को मुलायम रखिए, पत्थर से ही परमात्मा निकलता है।
